Chhapra: गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डोरीगंज पुलिस ने आरा-छपरा पुल के उत्तरी छोर स्थित दरियावगंज गांव के समीप एक उजले रंग की कार को घेर लिया। पुलिस की तलाशी में कार के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने दो धंधेबाजों को भी गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष राजशेखर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दरियावगंज के समीप एक कार से अंग्रेजी शराब की डिलीवरी की जानी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कार के भीतर बने तहखाने से 130 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि वे शराब की डिलीवरी देने के लिए वहां रुके थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के गुड़गांव निवासी देवेंद्र सिंह के पुत्र विकास कुमार तथा रोहतक निवासी वेदप्रकाश के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जब्त शराब और कार को डोरीगंज थाना परिसर में रखा गया है। पुलिस शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में भी लगी है।

















