Chhapra: बिहार विधान परिषद के क्षेत्र संख्या-3 सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के तहत सोमवार को नौ अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन को लेकर निर्वाचन कार्यालय परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
निर्वाचन अधिकारी के समक्ष एनडीए समर्थित जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी ई० आनंद पुष्कर ने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी जयराम यादव ने भी दो सेट में नामांकन पत्र समर्पित किया।
इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में विद्या सागर विद्यार्थी, सैयद नजमुल होदा और डॉ. राहुल राज ने भी दो-दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में मनोहर कुमार श्रीवास्तव, राम पुकार सिन्हा, इमाम हसन और लालू प्रसाद यादव ने एक-एक सेट में अपना नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी के समक्ष समर्पित किया।
चुनावी सरगर्मी हुई तेज
नामांकन दाखिल करने के साथ ही सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी शिक्षक मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और अपेक्षाओं को लेकर प्रत्याशियों की ओर से संपर्क अभियान तेज किए जाने की संभावना है।
निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।


















