Chhapra: छपरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क की समस्या को लेकर विधायक छोटी कुमारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
विधायक ने प्रभुनाथ नगर कदम्ब चौक से अतिथि विहार भवन होते हुए टाड़ी गांव के रास्ते एनएच-722 तक सड़क निर्माण की योजना को जल्द आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने मंत्री को बताया कि वर्तमान में सड़क की स्थिति खराब है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सड़क के गड्ढों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो।
इसके साथ ही मंत्री ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात कर प्रभुनाथ नगर कदम्ब चौक से अतिथि विहार भवन होते हुए टाड़ी गांव के रास्ते एनएच-722 तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के साथ-साथ उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरने और इसके बाद सड़क निर्माण कराने को लेकर मंत्री द्वारा दिए गए निर्देश से स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद प्रभुनाथ नगर, टाड़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। मंत्री के त्वरित हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों में भी सड़क समस्या के स्थायी समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।



















