जबलपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में हंसी-मजाक के दौरान छींटाकशी को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार शाम हिंसक रूप ले लिया। कृषि उपज मंडी गेट के सामने स्थित महफिल बार में काम करने वाली 20 वर्षीय युवती की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मुस्कान चौधरी करीब डेढ़ माह से महफिल बार में काम कर रही थी। शुक्रवार को निर्धारित समय तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया। बार के एक कर्मचारी ने उन्हें बताया कि मुस्कान घायल हो गई है और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुस्कान के पेट और सीने पर धारदार हथियार से किए गए वार के चार निशान पाए गए। घटना की जानकारी मिलने पर गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पाण्डे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बार कर्मचारी से विवाद के बाद हमला
बार कर्मचारियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मुस्कान का वहां काम करने वाले पवन बर्मन से विवाद हुआ था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव और एफएसएल अधिकारी डॉ. नीता जैन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।
भोला नगर से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने भोला नगर में दबिश देकर 27 वर्षीय पवन बर्मन निवासी ग्राम खिरहनी बरगी, हाल निवासी आईटीआई माढ़ोताल को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि काम के दौरान हंसी-मजाक में छींटाकशी को लेकर मुस्कान से उसका विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने किचन में रखे चाकू से मुस्कान पर हमला कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी रीतेश पाण्डे के नेतृत्व में उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक लवकेश, प्रमोद राय, शारदा मिश्रा, अमित पटेल तथा आरक्षक हरेन्द्र और आशीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















