रोटरी क्लब छपरा द्वारा सावन मिलन समारोह का किया गया आयोजन

Chhapra: रोटरी क्लब छपरा द्वारा रोटेरियन डॉ बीके सिन्हा के आवास पर सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह में सावन के गीतों पर लोगों ने जमकर मस्ती की साथ ही कई मनोरंजक खेलों का अयोजन किया जिसमे सदस्यों ने भाग लिया.

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ रोटेरियन डॉ एचके वर्मा और डॉ मृदुल शरण ने किया. इस मौके पर रोटरी क्लब छपरा के सचिव अमरेंद्र कुमार सिंह अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि क्लब के सदस्य हर एक परिस्थिति में मानवता की सेवा करते हैं लेकिन समय-समय पर मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है.

जिससे क्लब के सदस्यों को एक दूसरे से जुड़ने का मौका मिलता है और नई ऊर्जा के साथ कार्य करते हैं.

वहीं क्लब के अध्यक्ष इंजीनियर अमरेश मिश्रा ने क्लब के सदस्यों को आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया और कहा कि रोटरी ब्लड बैंक क्लब का अगला सबसे बड़ा लक्ष्य है जिसे मिलकर पूरा करना है.

इस मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है जिसमें सफल होने वाले सदस्यों को पुरस्कृत भी किया गया.

इन कार्यक्रमों में बुद्धिमान बबुआ में 1. स्वर्णा सिंह 2. माही सिंह 3.दीपाली 4. नमिता 5. अनमोल सिंह द्वितीय 1. रीयांश तृतीय 1. पीहू प्रियदर्शनी 2.रितिक पुरस्कृत हुए.

बीबी नम्बर वन मे 1. आशा शरण प्रथम 2. उषा वर्मा द्वितीय 3. प्रियदर्शनी किशोर और रुचि सिंह तीसरे स्थान पर रही।

मस्त मौला में संतोष गुप्ता, प्रथम 2.करुणा सिन्हा, द्वितीय और अभिषेक हर्षवर्धन को तीसरा स्थान मिला. बेस्ट कपल अवार्ड के लिए रोटेरियन संजीव कुमार और राखी को पुरस्कृत किया जबकि सदाबहार कपल के लिए रोटेरियन सत्येंद्र कुमार श्रीवास्तव और किरण सहाय को सावन किंग के लिए रो. रंजीत आर्या और सावन क्वीन कंचन सोनी को पुरस्कृत किया गया.

इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से निशिकांत तिवारी, कुमार सौरभ, नवनीत कुमार, हिमांशु किशोर, पुनितेश्वर, चंद्रकांत सिंह, शहीद कई जर्मन लोगों उपस्थित रहे.

-विज्ञान पत्रकारिता से जुड़े विजय कुमार शर्मा बता रहे हैं लूना-25 के क्रैश होने के बाद चंद्रयान क्यों है पूरी दुनिया के लिए खास और क्या होती है सॉफ्ट लैंडिंग

कोलकाता, 21 अगस्त (हि.स.)। रूस के चंद्र मिशन लूना-25 के क्रैश होने के बाद अब भारत के चंद्रयान-3 पर पूरी दुनिया की निगाहें टिक गई हैं। महज चंद घंटों बाद चंद्रयान-3 चंदा मामा की दुर्गम सतह के “सॉफ्ट आलिंगन” के उस वादे को पूरा करने के लिए तैयार है जो आज से तीन साल पहले (2019) 125 करोड़ देशवासियों ने चंद्रयान-2 के गुमशुदा हो जाने के बाद चांद से किया था।

आज (सोमवार) लूना-25 को भी चांद के सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करनी थी लेकिन रविवार को ही उसका रूसी अंतरिक्ष एजेंसी से संपर्क टूट गया और दावा किया जा रहा है कि चांद की सतह से टकराकर हार्डवेयर डैमेज की वजह से मिशन को अंजाम देने में फेल हो गया है। इसके साथ ही भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने घोषणा कर दी है कि 23 अगस्त (बुधवार) शाम करीब 6:00 बजे चंद्रयान-3 चांद के उस दक्षिणी हिस्से पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा जहां अरबों साल से सूरज की रोशनी नहीं पहुंची है।

आखिर क्या होती है सॉफ्ट लैंडिंग और चंद्रयान-3 से पूरी दुनिया को क्या उम्मीदें हैं। इसे मशहूर विज्ञान लेखक विजय कुमार शर्मा ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ से बातचीत में सरल भाषा में समझाने की कोशिश की है।

उन्होंने कहा, “स्पेस मिशन लॉन्च करना कोई मुश्किल नहीं है। स्पेसशिप का गंतव्य तक पहुंच जाना भी मुश्किल नहीं है। उसका सबसे खतरनाक, चुनौतीपूर्ण और असाध्य हिस्सा सफलतापूर्वक लैंडिंग होता है। कोई चाहे कितना भी एक्सपर्ट हो, यही एक ऐसी चीज है जिसमें विफलता की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। सॉफ्ट लैंडिंग ही एकमात्र उपाय है जो दुनिया भर के स्पेस मिशन के विभिन्न खगोलीय पिंडों पर सुरक्षित लैंडिंग का रास्ता सुनिश्चित करेगा।”

सॉफ्ट लैंडिंग मैकेनिज्म के तकनीकी पहलू को सरल शब्दों में स्पष्ट करते हुए विजय बताते हैं कि स्पेस शिप उतारने के दौरान नीचे की दिशा में रॉकेट फायर किए जाते हैं ताकि न्यूटन के क्रिया के बराबर प्रतिक्रिया के नियम अनुसार ऊपर की दिशा में धक्का लगे और स्पेसशिप की रफ्तार धीमी हो। रफ्तार धीमी करनी इसलिए जरूरी है कि चांद अपने गुरुत्वाकर्षण की वजह से स्पेसशिप को अपनी सतह की ओर तेज रफ्तार में खींच रहा होता है और अगर रफ्तार धीमी नहीं हुई तो स्पेसक्राफ्ट सतह से टकराकर नष्ट हो जाता है। इससे पूरा मिशन फेल हो जाता है। चंद्रयान-3 में रॉकेट बूस्टर लगे हैं जिनको नीचे की और फायरिंग किया जाएगा। इससे उसकी रफ्तार धीमी होगी और चांद की सतह तक पहुंचने तक ऑन बोर्ड कंप्यूटर से इस तरह से कमांड सेट किए गए हैं कि चांद के ग्रेविटी को कैंसिल करते हुए बिल्कुल शून्य रफ्तार कर इसके सतह को छुएगा। उसके बाद विक्रम चंद्रयान-3 से निकलकर वन लूनर डे यानी चांद के एक दिन जो धरती के 14 दिनों के बराबर है, सतह पर मिट्टी के सैंपल लेकर रिसर्च करेगा।”

चांद की सतह पर उतर रहे चंद्रयान-3 की गति धीमी करने के लिए सतह के करीब पैराशूट का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा सकता है? इस सवाल पर वह कहते हैं कि चांद की धरती पर हवा नहीं है। इसीलिए वहां पैराशूट काम नहीं करेगा। एकमात्र उपाय नीचे की ओर रॉकेट की फायरिंग है ताकि ऊपर की ओर लगे उसके धक्के से चंद्रयान की गति कम हो। विजय इस बात की उम्मीद जताते हैं ति इस बार चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की उम्मीद पूरी दुनिया को है, क्योंकि चंद्रयान-2 की विफलता से भारत ने सबक सीखा है और इस मिशन में कई बदलाव किए हैं।

चंद्रयान-3 की खूबियों का जिक्र करते हुए विजय ने कहा कि 2019 में भारत ने जब चंद्रयान-2 लॉन्च किया था तब कुछ ही दिनों के अंतराल पर इजरायल ने बेरेशीट, जापान ने हकूटो आर और एक दिन पहले ही रूस ने लूना-25 गंवाया है। इन सभी मिशनों को विफलता हाथ लगी। खास बात यह है कि चांद पर उतरने की कोशिश करने वाले विफलतम देशों में एकमात्र भारत ही है जो महज तीन सालों के अंतराल पर दूसरा प्रयास कर फिर चांद की वायुमंडल में दस्तक दे चुका है। इसीलिए चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक चांद के उस हिस्से में उतरना बेहद अहम है जहां आज तक रोशनी नहीं पहुंची।

वो कहते हैं कि यहां अगर सफल लैंडिंग होती है तो इस हिस्से में सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश भारत होगा। विजय कहते हैं-” आज से 50 वर्ष के भीतर हम इंसानों के भेजे अंतरिक्षयान मिल्की-वे गैलेक्सी के विभिन्न हिस्सों में अपनी आमद दर्ज करा रहे होंगे। उन सुदूर मौजूद ग्रहों तक प्रकाश की गति से भेजे हमारे सिग्नल्स को भी स्पेसशिप तक पहुंचने में घंटों, हफ्तों, महीनों अथवा वर्षों का समय लगेगा। तब एकमात्र यही तरीका बचता है कि हम “सेफ लैंडिंग” की प्रक्रिया पूर्वनियोजित रूप से इंस्टॉल करके स्पेसशिप्स को दूसरे संसारों के सफर पर रवाना करें। जब तक हम अपने बगल में मौजूद चांद पर सेफ लैंडिंग में दक्षता हासिल नहीं कर लेते, तब तक अंतरिक्ष विस्तार की मानवीय महत्वकांक्षाओं पर सवालिया निशान बने रहेंगे। इसलिए चांद पर अगर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग होती है तो यह भविष्य के अंतरिक्ष मिशन को सबसे सफल दिशा देने वाला होगा।”

साल 2019 में भारत के महत्वकांक्षी चंद्रयान-2 मिशन की विफलता के बावजूद उससे हुए वैज्ञानिक लाभ का जिक्र करते हुए विजय कहते हैं, “महानतम अभियानों के शुरुआती दौर अक्सर मायूसी भरे होते हैं। 2019 में चंद्रयान-2 से संपर्क टूट जाने के बाद इसरो प्रमुख के शिवन को पड़े थे। पूरे देश में उदासी थी। मायूसी के उस दौर में भी दो दिनों तक सवा सौ करोड़ निगाहें रात के आसमान में टकटकी लगा कर चांद को निहार रही थीं, मानों किसी खो गए अपने को खोज रही हों। इस विफलता से एक संकल्प का जन्म हुआ था। वह था, आज नहीं तो कल, देर-सबेर… हम फिर आएंगे और चांद के सीने पर तिरंगा फहराएंगे। यह 125 करोड़ लोगों का चांद से किया गया वादा था, जिसे निभाने के लिए चंद्रयान-3 बिल्कुल करीब पहुंचकर दस्तक दे चुका है।

विजय शर्मा विज्ञान पत्रकारिता का प्रमुख नाम हैं। ब्रह्मांड के अनंत रहस्यों और विज्ञान के रोमांचकारी प्रयोगों को लेकर सबसे पहले “बेचैन बंदर” और उसके बाद “महामानव” दो किताबें लिखी हैं। इनमें से बेचैन बंदर को 2019 में भारत सरकार का राजभाषा मंत्रालय पुरस्कृत कर चुका है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें इसके लिए सम्मानित कर चुके हैं।

नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। चंद्रयान-3 इतिहास रचने के महज कुछ ही घंटों की दूरी पर है। चांद पर लैंडिंग की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 23 अगस्त शाम 5.45 मिनट पर चंद्रयान-3 चांद पर कदम रखेगा। इस बीच सोमवार को चंद्रयान-2 ने चंद्रयान -3 का औपचारिक स्वागत किया। दोनों के बीच दोतरफा संचार स्थापित हो गया है। इससे पहले इसरो ने यान द्वारा ली गई चंद्रमा की कुछ तस्वीरें भी साझा की।

सोमवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ट्वीट करके कहा कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल का स्वागत किया। दोनों के बीच द्विपक्षीय संपर्क स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि साल 2019 में भारत ने अपना मिशन चंद्रयान-2 लॉन्च किया था लेकिन सॉफ्ट लैंडिंग में गड़बड़ी हो गई थी। चंद्रयान-2 क्रैश हुआ लेकिन इसने अपना काम किया था।

चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर पिछले 4 साल से चांद के इर्द-गिर्द चक्कर लगा रहा है और अपना काम कर रहा है। अब चार साल के बाद जब विक्रम लैंडर फिर से चांद के पास पहुंचा है तब चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर एक्टिव हुआ है।

नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार को पाकिस्तान और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जाने वाले एशिया कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। टीम में चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की वापसी हुई है, जबकि संजू सैमसन को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में रखा गया है। युजवेंद्र चहल को टीम में शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा हार्दिक पांड्या को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।

तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और प्रसिद्ध कृष्णा के ऊपर होगी, जबकि स्पिन विभाग का जिम्मा कुलदीप यादव के ऊपर होगी। हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर पर होगा।

एशिया कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है-
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

स्टैंडबाय खिलाड़ी- संजू सैमसन।

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हमेशा किसी न किसी वजह से चर्चा में रहते हैं। फिलहाल सलमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये वीडियो एक पार्टी के दौरान का है। इस पार्टी के दौरान सलमान का नया लुक देखकर हर कोई हैरान है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सलमान खान अपनी कार से उतरते नजर आ रहे हैं। सलमान एक पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। इस बीच सलमान का नया लुक देखकर हर कोई हैरान है। ऐसा प्रतीत होता है कि सलमान ने अपने पूरे सिर के बाल हटा दिए हैं। सलमान का ये बाल्ड लुक इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है।

सलमान के इस लुक पर फैंस तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। संभावना है कि सलमान ने यह लुक फिल्म ‘तेरे नाम-2’ के लिए किया है। हालांकि, सलमान ने अभी तक अपने नए लुक पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इस वायरल वीडियो पर फैंस ने खूब कमेंट किए हैं।

सलमान के वर्कफ्रंट की बात करें, तो उनकी ‘टाइगर-3’ जल्द ही पर्दे पर आएगी। सलमान फिलहाल इस फिल्म की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ‘टाइगर-3’ के अलावा सलमान ‘प्रेम की शादी’ नाम की फिल्म में भी नजर आने वाले हैं। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Chhapra: विजयादशमी समारोह समिति की आम बैठक अध्यक्ष व पूर्व उप सभापति बिहार विधान परिषद सलीम परवेज की अध्यक्षता में  आयोजित की गई। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया 24 अक्टूबर विजयादशमी के दिन रावण वध कार्यक्रम का आयोजन राजेन्द्र स्टेडियम में किया जाएगा।

सचिव का प्रतिवेदन महामंत्री विभूति नारायण शर्मा ने प्रस्तुत किया। आय व्यय का विवरण कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया। रावण वध कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न कमिटीयों का गठन किया गया।

शोभा यात्रा समिति का संयोजक ओम प्रकाश श्रीवास्तव सह संयोजक चन्द्र कान्त द्विवेदी को बनाया गया। समारोह स्थल समिति का संयोजक श्याम बिहारी अग्रवाल तथा सह संयोजक शंकर देेव सिंह को बनाया गया।

प्रशासनिक वार्ता समिति का संयोजक सलीम परवेज को तथा सह संयोजक राजेश फैशन को बनाया गया। वहीं प्रचार प्रसार समिति का संयोजक सत्य प्रकाश गुप्ता को तथा सह संयोजक ई अमरेश कुमार मिश्रा को बनाया गया हैं।

मीडिया प्रभारी सुरभित दत्त तथा सह मिडिया प्रभारी पंकज कुमार तथा मुकेश कुमार यादव सोनू को बनाया गया हैं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष सलीम परवेज ने बताया रावण वध कार्यक्रम जिला प्रशासन के सहयोग से किया जाता हैं तथा छपरा सारण जिला प्रशासन की इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक कराने में अहम भूमिका होती हैं।

समिति के उपाध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रवाल ने बताया कि इस बार रावण वध कार्यक्रम भव्य और दर्शको का मनलुभावन होगा रावण वध कार्यक्रम।

बैठक का संचालन महामंत्री विभूति नारायण शर्मा ने किया। स्वागत राजेश फैशन ने तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया।

बैठक में उपाध्यक्ष संजय सिंह, सत्य प्रकाश यादव, सचिव राजू नयन शर्मा, संगठन सचिव शंकर देेव सिंह, संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश गुप्ता, अली रासीद, मुकेश कुमार सिंह, राजेश कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित हुए।

पटना/मुजफ्फरपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर बिहार के सबसे बड़े शिवालय बाबा गरीब नाथ मंदिर की अजीबोगरीब भक्ति की कहानी है। जो भी भक्त अपना मन्नत बाबा से मांगते हैं बाबा उनकी मुरादे पूरी कर देते हैं। श्रावणी मेला में जलाभिषेक का अपना महत्व है लेकिन वैशाली जिले के भगवानपुर का रहने वाला अजय कुमार उर्फ बबलू की बाबा गरीब नाथ के लिए अजीब आस्था है।

अजय बताते हैं कि वर्ष 2001 से लगातार प्रत्येक सोमवारी को जलाभिषेक करने डाक बम आते हैं। अजय ने समाचार एजेंसी से बातचीत में बताया कि सारण जिले के पहलेजा घाट से जल उठाकर करीब 70 से 75 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रत्येक सोमवारी की रात बाबा गरीब नाथ को जल चढ़ाने सावन में आता हूं।

अजय बताते हैं कि आज जो भी कुछ मेरा है वह चाहे धन दौलत हो या मेरा स्वास्थ्य, मेरा परिवार सब कुछ बाबा की कृपा और महिमा से है।जब तक बाबा हमारे जल को स्वीकार करेंगे हमें स्वस्थ रखेंगे। हमारे परिवार को ठीक-ठाक रखें तब तक हर साल सोमवारी को प्रत्येक सोमवार डाक कावर चढ़ाने आता रहूंगा।

बाबा गरीब नाथ मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक ने कहा कि बीते 2001 से लगातार अजय जी डाक कावड़ बाबा गरीब नाथ को चढ़ाते हैं।हर सोमवार को श्रावणी मेले में बाबा के लिए जलाभिषेक करने चले आते हैं। यह सब कुछ बाबा की महिमा है जिससे आस्था जुड़ी हुई है जो दिल से मांगता है, बाबा गरीब नाथ पूरा करते हैं।

उल्लेखनीय है कि डाक बम का जलाभिषेक करने वाले भक्त 24 घंटे के भीतर बिना रुके कांवड़ का जल लेकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। इसको आस्था की प्रकाष्ठा और प्रभु के प्रति बागवान की आस्था से जोड़कर देखा जाता है।

Chhapra: रोट्रैक्ट क्लब ऑफ सारण सिटी ने फिल्म गदर 2 के चैरिटी शो का आयोजन रविवार को शहर के पंकज सिनेमा हाल में किया। इस दौरान लगभग 200 लोगों ने फिल्म को देखा। क्लब के अध्यक्ष महताब आलम ने बताया कि इस चैरिटी शो का आयोजन नेत्र दान और जरुरतमन्द बच्चों की शिक्षा को लेकर किया गया था।  

इस चैरिटी शो में आम लोगों ने साथ छपरा के विधायक डॉ सीएन गुप्ता ने भी फिल्म देखी। सभी ने फिल्म की सराहना करते हुए आयोजकों को उनके पहल के लिए साधुवाद दिया।  

रोटरी सारण और इनर व्हील क्लब ने निःशुल्क जांच शिविर का किया आयोजन

Chhapra: रोटरी सारण क्लब द्वारा रविवार को सिग्नेचर प्रोजेक्ट के तहत निशुल्क स्वास्थ्य जॉच शिविर का आयोजन मोहन नगर 44 नंबर ढाला के समीप संयोजक डॉ ओम प्रकाश श्रीवास्तव के निवास स्थान पर किया गया।

जांच शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ अभय कुमार सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ प्रज्ञा सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रश्मि मिश्रा, जनरल फिजिशियन डॉ ओमप्रकाश श्रीवास्तव, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ ब्रजेश मिश्रा ने अपना सहयोग प्रदान किया।

शिविर में 256 मरीज का निशुल्क उपचार किया गया तथा दवा एवं चश्मा का वितरण किया गया।

चिकित्सको ने जांच कराने पहुंचे मरीजो को उनके रोग के अनुसार सलाह दी एवं मुफ्त दवा के साथ मुफ्त में विभिन्न जांच भी किया गया।

चिकित्सको ने मरीजो को सही खान पान, समय समय पर जांच कराने एवं मोबाइल स्क्रीन पर ज्यादा समय नही देने की सलाह दी। रोटरी सारण प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन हमेशा कराती है। इस जांच शिविर में महिलाओं के लिए सामाजिक काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था इनर व्हील ऑफ सारण के सदस्यों ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष रोटेरियन प्रदीप कुमार, सचिव महेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एवं सभी चिकित्सको द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष राजेश फैशन, अजय कुमार, अजय गुप्ता, पंकज जायसवाल, दिलीप पोद्दार, डॉ ओम प्रकाश श्रीवास्तव, मुकेश कुमार गुप्ता, मनोज कुमार भोला, सतीश अग्रवाल, इनर व्हील क्लब ऑफ सारण की अध्यक्ष तनुजा जायसवाल, सचिव अंजू फैशन इत्यादि सभी रोटेरियन मित्रों द्वारा अपना सहयोग प्रदान किया गया।

-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर जताया दुख

नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। लद्दाख में लेह के पास शनिवार देर शाम सेना का एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सात जवानों की मौत हो गई जबकि कई जवान घायल हुए हैं। सेना की तरफ से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

सेना के अधिकारियों के मुताबिक सेना के ट्रक के साथ एक एंबुलेंस और यूएसवी भी जा रही थी। इन सभी वाहनों में सेना के कुल 34 जवान थे। इस बीच अचानक सेना का ट्रक क्यारी इलाके में एक खाई में गिर गया। हादसे में सात जवानों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए हैं। सभी जवान कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की तरफ जा रहे थे। हादसा शाम करीब छह बजे क्यारी से सात किलोमीटर पहले हुआ है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स (ट्विटर) कर कहा कि लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।

अनिल शर्मा निर्देशित ‘गदर 2’ तीन सौ करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे शुक्रवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 20 करोड़ का कलेक्शन किया है। 11 अगस्त को सनी देओल की फिल्म ‘गदर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसका मुकाबला अक्षय कुमार की ‘ओएमजी 2’ से है। लेकिन ‘गदर 2’ बाकी फिल्मों को पछाड़ कर बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  खनुआ नाले पर बनी दुकानों के दुकानदारों को दुकान खाली करने का आदेश, इसी माह तोड़ी जायेगी दुकान

”सैक्निल्क” की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने आठवें दिन भारत में कुल 19.50 करोड़ का बिजनेस किया है। पहले हफ्ते में ”गदर 2” ने 284.63 करोड़ का कलेक्शन किया था। आठवें दिन के कलेक्शन के बाद फिल्म का कुल आंकड़ा 304.13 करोड़ पहुंच गया है। फिल्म ने पहले दिन 40.1 करोड़ की कमाई की। दूसरे दिन फिल्म ने 43.08 करोड़ का कलेक्शन किया। तीसरे दिन फिल्म ने 51.7 करोड़ की कमाई की। इसके बाद चौथे दिन ”गदर 2” ने 38 करोड़ की कमाई की। 15 अगस्त को फिल्म ने सबसे ज्यादा 55.4 करोड़ का बिजनेस किया।

”गदर 2” ने छठे दिन 32.37 करोड़ और सातवें दिन 23.28 करोड़ की कमाई की। आठवें दिन इसने 19.50 करोड़ की कमाई की। फिल्म का कुल कलेक्शन 304 करोड़ रुपये है। महज 8 दिनों में 300 करोड़ की कमाई फिल्म के लिए बड़ी बात है।

इस बीच क्या ”गदर 2” की सफलता के बाद ”गदर 3” आएगी? इसको लेकर फैंस सवाल पूछ रहे हैं। इस बारे में सनी देओल ने एक अहम अपडेट दिया है। एयरपोर्ट पर जब सनी से पूछा गया कि क्या फिल्म ”गदर 3” रिलीज होगी तो उन्होंने कहा, ”हां, जरूर होगी।”

ब्लॉकबस्टर फिल्म ”गदर 2” में सनी देओल और अमीषा पटेल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। ”गदर 2” बाइस साल पहले रिलीज हुई ”गदर एक प्रेम कथा” का सीक्वल है। करीब दो दशक बाद आई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है।

अररिया,19अगस्त(हि.स.)। अररिया के रानीगंज के प्रखंड पत्रकार विमल कुमार यादव हत्याकांड मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है।जिसकी पुष्टि अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने भी की।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में भरगामा थाना क्षेत्र के भरना गांव के रहने वाले विपिन यादव पिता -छेदी यादव,रानीगंज के बेलसरा के रहने वाले भवेश यादव पिता- लस्सी यादव,आशीष यादव पिता- देवानंद यादव,रानीगंज के कोशिकापुर के रहने वाले उमेश यादव पिता- स्व.तेजनारायण यादव हैं।इस बात की जानकारी अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने दी।

गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।नामजद बनाए गए आरोपितों में दो पूर्व से ही न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। जिसमें रानीगंज के बेलसरा के ही रुपेश यादव पिता -उगेन यादव है,जो वर्तमान समय में सुपौल जेल में बंद है।जेल में बंद नामजद आरोपितों में रानीगंज के कोशिकापुर के ही क्रांति यादव पिता उमेश यादव है और वर्तमान समय में यह अररिया जेल में बंद है।

इससे पहले रानीगंज के प्रखंड पत्रकार विमल कुमार यादव हत्याकांड मामले में पुलिस ने उनके पिता हरेंद्र प्रसाद सिंह के फर्द बयान पर रानीगंज थाना में प्राथमिकी कांड संख्या -338/2023 दिनांक 18 अगस्त 2023 भादवि की धारा 302/120(बी),34 भादवि एवं 27 सशस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

प्राथमिकी में आठ लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया गया।आठ नामजद आरोपितों में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार चार अलग टीम बनाई थी और इन चार आरोपितों को अलग अलग बनाई गई टीम ने गिरफ्तार किया।