Chhapra: हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का आयोजन इस वर्ष किया जायेगा. जिला पदाधिकारी राजेश मीणा की अध्यक्षता में सोनपुर मेला 2022 के निमित्त तैयारियों से संबंधित बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई.

जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक को संबोधित करते हुए बताया गया कि इस वर्ष सोनपुर मेला का आयोजन 6 नवंबर 2022 से 7 दिसंबर 2022 तक किया जाएगा.

सोनपुर मेला के सफल आयोजन हेतु सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्व वर्षों की भांति विभिन्न कोषांग के माध्यम से की जाएगी। इसके निमित्त विभिन्न कोषांग के गठन का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया।

सिविल सर्जन सारण 24 घंटे चिकित्सक दलों के साथ आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं एवं एंबुलेंस की प्रतिनियुक्ति मेला में करेंगे। जिला पशुपालन पदाधिकारी सभी पशुओं की आकस्मिक चिकित्सा हेतु व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल बैरिकेडिंग एवं वॉच टावर बनवाने का कार्य करेंगे ।घाटों एवं मेला में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था हेतु दंडाधिकारी के साथ पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। घाटों पर विशेष रूप से एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पीएचईडी विभाग पेयजल के साथ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। विद्युत विभाग मेला में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करेंगे।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का काम करेंगे। जिला नजारत शाखा साफ सफाई, अतिथि सत्कार, बिजली, टेंट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निविदा का प्रकाशन करवाएंगे। विभिन्न कोषांग के गठन के पश्चात पुनः मेला के तैयारियों के संबंध में बैठक बुलाने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सारण अमित कुमार, अपर समाहर्ता सारण डॉ गगन, जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

बता दें कि विश्व प्रसिद्द हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का आयोजन विगत दो सालों से कोरोना महामारी के मद्देनजर नहीं हो रहा था. अब मेले का आयोजन होने की घोषणा से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हर्ष व्याप्त है.   

फाइल फोटो 

Chhapra: नगरपालिका आम निर्वाचन 2022 को लेकर  बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सारण राजेश मीणा के द्वारा बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना से नगरपालिका आम निर्वाचन 2022 के विभिन्न प्रक्रमों का कार्यक्रम प्राप्त हो चुका है। इसके तहत सारण जिला के नगरपालिका आम निर्वाचन 2022 के लिए कुल 10 नगर निकायों में निर्वाचन होना है। जिसमें 01 नगर निगम एवं 09 नगर पंचायत शामिल है। इस निर्वाचन के अंतर्गत 03 पदों हेतु निर्वाचन होना है जिसमें पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद हेतु आम निर्वाचन सम्पन्न कराया जाएगा। इस संबंध में अधिसूचना जल्द ही जारी किए जाने की बात बताई गई।

जिला दण्डाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के द्वारा बताया गया कि निर्वाचन कार्य को सम्पन्न कराने हेतु निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है।

नगर निगम छपरा के लिए अपर समाहर्त्ता सारण डॉ गगन निर्वाची पदाधिकारी होंगे, इस कार्य हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर, अंचलाधिकारी सदर, राजस्व पदाधिकारी सदर, प्रखंड पंचायत पदाधिकारी सदर छपरा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

नगर पंचायत, माँझी के लिए भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सदर, छपरा पुष्पेश कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी माँझी, अंचलाधिकारी माँझी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी माँझी एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी माँझी को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

नगर पंचायत रिविलगंज हेतु अपर अनुमंडल पदाधिकारी सदर, छपरा अर्शी शाहीन को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। नगर पंचायत रिविलगंज के लिए अंचलाधिकारी रिविलगंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी रिविलगंज, प्रसार पदाधिकारी रिविलगंज एवं राजस्व पदाधिकारी रिविलगंज को सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है।

नगर पंचायत एकमा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर, छपरा अरुण कुमार सिंह को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। अंचलाधिकारी एकमा, प्रखंड विकास पदाधिकारी एकमा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एकमा एवं राजस्व अधिकारी एकमा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

नगर पंचायत कोपा के लिए वरीय उप समाहर्त्ता बलदेव चौधरी को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी जलालपुर, अंचलाधिकारी जलालपुर, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी जलालपुर एवं राजस्व अधिकारी जलालपुर नगर पंचायत एकमा के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी होंगे।

नगर पंचायत परसा बाजार के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सारण अनिल कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी परसा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

नगर पंचायत मढ़ौरा हेतु  योगेन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा को निवार्ची पदाधिकारी बनाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मढ़ौरा, अंचलाधिकारी मढ़ौरा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मढ़ौरा एवं राजस्व अधिकारी मढ़ौरा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

नगर पंचायत मशरख के लिए भूमि सुधार उप समाहर्त्ता मढ़ौरा को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी मशरख, अंचलाधिकारी मशरख, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी मशरख को सहायक निर्वाचन पदाधिकारी होंगे।

नगर पंचायत सोनपुर के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर सुनिल कुमार निर्वाची पदाधिकारी होंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनपुर, अंचलाधिकारी सोनपुर, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी सोनपुर को सहायक निर्वाचन पदाधिकारी होंगे।

नगर पंचायत दिघवारा के लिए भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सोनपुर अखिलेश को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी दिघवारा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

बैठक में निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी के कार्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गयी। कार्यों एवं दायित्वों की चर्चा करते हुए बताया गया कि नाम निर्देशन अवधि में प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों के साथ संलग्न शपथ पत्रों को आम जानकारी हेतु सूचना पट्ट पर प्रकाशित करना, चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को प्रतिक आवंटित करना इसके अलावे अन्य कार्यों एवं दायित्वों की भी जानकारी दी गयी। बताया गया कि निर्वाचन से संबंधित जानकारी हेतु हेल्प डेक्सस की भी स्थापना की जाएगी जिसके माध्यम से आवश्यक जानकारी चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को मिल पाएगा। नगरपालिका आम निवार्चन 2022 को शांतिपूर्ण ढ़ंग से निष्पक्षता के साथ आयोजन हेतु विभिन्न कोेषांगों के गठन एवं कोषांग के कार्यस्थल, प्रभारी पदाधिकारी, कोषांग हेतु वरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ कोषांगांे के कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी गयी।

नगरपालिका आम निर्वाचन हेतु बनाये गये कोषांगों में निर्वाचन कोषांग पंचायत राज कार्यालय सारण में कार्यरत रहेगा तथा इस कोषांग के प्रभार में राजू कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी रहेगे। इसके वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त सारण  अमित कुमार रहेंगे।

कार्मिक कोषांग जिला स्थापना शाखा में कार्यरत रहेगा। इसके प्रभार में स्थापना उप समाहर्त्ता रहेंगे जबकी प्रभारी पदाधिकारी अपर समाहर्त्ता डॉ गगन को बनाया गया है। प्रशिक्षण-सह-फोटोग्राफी कोषांग जिला ग्रामीण विकास अभिकरण में कार्यरत रहेगा। इसके प्रभारी पदाधिकारी, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सारण  बलवंत चौधरी होंगे। मतपत्र कोषांग, जिला कोषागार कार्यालय में कार्यरत रहेंगे तथा कोषागार पदाधिकारी सारण को इसका प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है। इवीएम.कोषांग, इस कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सारण बलवंत चौधरी होंगे। ये कोषांग डी.आर.डी.ए. सारण में कार्यरत रहेंगा। सामग्री कोषांग, यह कोषांग नगर निगम, छपरा के नव निर्मित भवन में कार्यरत रहेगा। इसके प्रभारी पदाधिकारी मो0 इमरान, जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी, सारण को बनाया गया है। इसके अलावे आदर्श आचार संहिता-सह-लोक शिकायत कोषांग, वाहन कोषांग, मीडिया-सह-स्वीप कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग, अर्द्वसैनिक बल एवं पुलिस बल कोषांग एवं ओ.सी.आर एवं बायोमैट्रिक कोषांग का गठन किया गया है।

रोट्रेक्ट क्लब सारण सिटी के द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

Chhapra: रोट्रेक्ट क्लब सारण सिटी के तत्वावधान में नन्हे रंगबाज कार्यक्रम के तहत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन ए एच ए पब्लिक स्कूल जलालपुर, ब्रह्मपुर छपरा सारण में आयोजित किया गया.

जिसमें बच्चों ने लाल किला की पेंटिंग बनाई. जिसमें प्रथम पुरस्कार आशियां नाज तथा द्वितीय पुरस्कार मिदहत फातिमा, तीसरा पुरस्कार निधि कुमारी को लाल किला का बेहतरीन चित्रकारी करने के लिए प्राप्त हुआ.

वही सांत्वना पुरस्कार 7 बच्चों को बेहतर कलाकृति करने के लिए पुरस्कृत किया गया. पुरस्कार वितरित करते हुए मुख्य अतिथि पीडीआरआर श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में भी भाग लेना चाहिए.

जिससे बच्चों में बौद्धिक विकास के साथ-साथ शारिरिक तथा मानसिक विकास होता है. जो बच्चे पुरस्कृत नहीं हुए है उन्हें हताश होने की जरूरत नहीं, अगली प्रतियोगिता की तैयारी और मेहनत से मन लगा कर करें, वो भी सफल होंगे.

इस अवसर पर पीडीआरआर श्याम बिहारी अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक गुलाम जिलानी, सचिव अवध बिहारी प्रसाद, कोषाध्यक्ष सैनिक कुमार, मंडल क्लब सर्विस निदेशक निकुन्ज कुमार आदि ने पुरस्कार वितरित किया.

नई दिल्ली: जस्टिस यूयू ललित ने आज देश के नए चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ले ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलाई। 26 अगस्त को जस्टिस एनवी रमना के सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस यूयू ललित को चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। वे देश के 49वें चीफ जस्टिस होंगे।

10 अगस्त को राष्ट्रपति ने जस्टिस ललित को चीफ जस्टिस के रूप में नियुक्त किया था। चीफ जस्टिस के रूप में उनका कार्यकाल 8 नवंबर तक का होगा। जस्टिस ललित का जन्म 9 नवंबर, 1957 को हुआ था।

जून 1983 से उन्होंने वकालत शुरू की। 1985 तक बाम्बे हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने के बाद वे जनवरी 1986 में दिल्ली शिफ्ट हो गए। अप्रैल 2004 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट का दर्जा दिया गया।

2 जी के मामले में वे सीबीआई के स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्युटर नियुक्त किए गए। उन्हें 13 अगस्त, 2014 को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया गया था।

विधान परिषद में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मशरख में किया स्वागत

मशरक : पटना से गोपालगंज जाने के क्रम में बिहार विधान परिषद में विरोधी दल के नेता व पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी का मशरक महावीर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फुलमाला पहना कर स्वागत किया.

विधायक जनक सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओ ने गर्मजोशी के साथ सम्राट चौधरी जिन्दाबाद, नरेंद्र मोदी जिन्दाबाद, भाजपा जिन्दाबाद आदि नारे लगा रहे थे. इसके बाद भाजपा विधायक जनक सिंह के आवासीय परिसर में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी का विधायक जनक सिंह एवं उनके पुत्र भाजपा के युवा नेता पंकज सिंह ने सम्राट चौधरी का फुलमाला व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया.

मौके पर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष व बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मिथिलेश कुमार तिवारी, सारण जिला भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री रविरंजन सिंह मंटू, मशरक भाजपा के अध्यक्ष बीरबल प्रसाद, पप्पु सिंह, बिनय कुमार सिंह, प्रह्लाद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे.

बेगूसराय: बेगूसराय पुलिस ने छह-सात अगस्त की रात बखरी थाना क्षेत्र में हुए एक प्रेमिका की हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। प्रेमी बदलने के कारण प्रेमिका की हत्या हुई तथा हत्याकांड में शामिल मृतका के दो पूर्व प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने शनिवार को बताया कि छह अगस्त की रात बखरी थाना क्षेत्र के अहमदपुर घाघरा निवासी विकेश कुमार ने अपने चचेरे भाई बिट्टू कुमार के साथ मिलकर खलीफा बाबा स्थान के नीचे बगीचा में शादीपुर (रामपुर) निवासी नंदकिशोर सदा की पुत्री की चाकू से गला काटकर हत्या कर दिया तथा शव फेंक कर फरार हो गया।

सात अगस्त की सुबह घटना की सूचना मिलते ही बखरी डीएसपी चंदन कुमार नेतृत्व में बखरी थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह एवं जिला आसूचना इकाई को शामिल कर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातार सूचना संकलन, तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए हत्याकांड में शामिल अहमदपुर (घाघरा) निवासी प्रेमिका के पूर्व प्रेमी विकेश कुमार एवं बिट्टू कुमार को मृतिका के मोबाईल के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया है कि मृतिका का प्रेम प्रसंग विकेश कुमार के साथ चल रहा था। इसी बीच कुछ दिनों के लिए विकेश बंगलौर चला गया, विकेश बंगलौर से वापस आया तो पता चला कि उसकी प्रेमिका किसी दूसरे से प्रेम कर रही है।

इसी से आक्रोशित होकर बदला लेने के लिए छह अगस्त की रात उसने प्रेमिका को फोन कर मिलने के लिए शादीपुर गांव के खलीफा बाबा स्थान के समीप बगीचा में बुलाया। जहां दोनों ने उसको पकड़ कर चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। परिजनों ने सुबह में फूल तोड़ने के बाद हत्या की बात कही थी लेकिन अनुसंधान के दौरान घटनाक्रम ही बदल गया तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 दिनों के अंदर ही दोनों हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

 

 

 

इनपुट एजेंसी से 

इसुआपुर: महावीरी झंडा मेला शांतिपूर्वक संपन्न, फूहड़ गीतों पर अर्धनग्न नर्तकियों ने रातभर परोसी अश्लीलता

इसुआपुर: भादो मास के अमावस्या की रात इसुआपुर बाजार में 5 स्टेजों पर हनुमान चालीसा के साथ महावीरी झंडा मेले की शुरुआत हुई. मेले में इसुआपुर, अचीतपुर, पुरसौली, आतानगर और विशुनपुरा गांव के बने मंच का उद्घाटन स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों और लाइसेंस धारियों ने किया. पगड़ी की रस्म के साथ अतिथियों के सम्मान के साथ झंडा मेला प्रारंभ हुआ. प्रखण्ड के विभिन्न गांवों से महावीरी झंडा आखाड़ा के साथ पहुंचा. जहां हाथी, घोड़ा गाजे बाजे के साथ जुलूस पहुंचा.

मेले में हर वर्ग के लोगों के लिए दुकानें सजी थी. कोरोना काल के दो वर्ष बाद लगे इस महावीरी झंडा मेले को लेकर लोगों में भरपूर उत्साह था. मुख्य बाजार क्षेत्र में बच्चों के लिए झूले लगे थे जहां बच्चों ने इसका लुफ्त उठाया. नाव, लिफिटिंग, बाइक, कार और स्काई व्हील पर बच्चों ने जमकर मस्ती की. वही महिलाओं ने भी मेले में जमकर खरीददारी की. बच्चों के खिलौने और दैनिक जरूरत के दर्जनों दुकानें सजी थी. इसके अलावे जलेबी, चाट, फुचका, आइस्क्रीम, चौमिंग और दर्जनों मीट चावल की दुकानें लगी थी. पूरी रात चले इस मेले में खाने पीने के सामानों की खूब बिक्री हुई.

उद्घाटन के बाद स्टेजों पर हनुमान चालीसा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. गीत संगीत में मेले में घूम रहे लोगों ने गोते लगाए. रात के बढ़ने के साथ ही मंचों पर भोजपुरी गीत बजने लगे. जिसके बाद फुहड़ता के साथ नर्तकियों का अर्धनग्न डांस शुरू हुआ. आधी रात के बाद यह धीरे धीरे यह मेला अश्लीलता की हदों को पार करने लगा. भोजपुरी के फूहड़ और द्विअर्थी गीत पूरी रात मेला घूमने वाले लोगों के लिए अश्लीलता पड़ोसी गई. वही सुरक्षा और विधि व्यवस्था में लगे पदाधिकारी और पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे.

मेले में विधि व्यस्था को लेकर मढ़ौरा एसडीओ एवं एसडीपीओ द्वारा बाजार में बने कंट्रोल रूम में कैंप किया जा रहा था. वही मशरख, भेल्दी, छपरा, मढ़ौरा, अमनौर सहित कई आसपास के थानों की पुलिस और पदाधिकारी लगातार मेला क्षेत्र में अपनी ड्यूटी बजा रहे थे. पूरी रात मेले में हर वर्ग के लोगों की धमा चौकड़ी मची रही जिसमे महिलाएं भी शामिल थी. शनिवार की अहले सुबह तक सभी मंचों पर ऑर्केस्ट्रा प्रारंभ था. लोगों ने दो वर्षो बाद लगे इस मेले का भरपूर आनंद उठाया.

Chhapra: साउथ ईस्ट एशियन देशों के रेडियो, ऑडियो और पॉडकास्ट की दुनिया के दिग्गजों का जमावड़ा अगले महीने 6-7 सितंबर, मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में लगने वाला है। ऐसा पहली बार हुआ है जब सारण के प्रतिष्ठित कम्युनिटी रेडियो स्टेशन रेडियो मयूर को भी विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है और इस दो दिवसीय कांफ्रेंस “रेडियो डेज एशिया” में स्टेशन हेड और चीफ अभिषेक अरुण भी शिकरत करेंगे और बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आपको बता दें कि रेडियो मयूर 2016 से ही लगातार कम्युनिटी जागरूकता के लिए काम करते आया है । यूनेस्को द्वारा निर्देशित SDG ‘s के तहत अपनी प्रोग्रामिंग और बेहतरीन जमीनी स्तर के कंटेंट के लिए रेडियो मयूर को जाना जाता है । यही वजह है की रेडियो डेज जैसे अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में आज रेडियो मयूर का हिस्सा लेना अपने आप में ही एक बड़ी उपलब्धि है ।

इस खबर से रेडियो मयूर के सभी सदस्य उत्साहित और खुश हैं और साथ ही इसके श्रोता वर्ग में भी खुशी ली लहर है ।

अभिषेक कहते हैं कि,

“ये मेरे लिए , मेरी टीम के लिए , हम सब छपरा वासियों के लिए, बिहार के लिए बहुत गर्व की बात है । हम देश के कार्यक्रमों में शामिल होते ही थे ये पहली बार है जब किसी दूसरे देश से बुलावा आया है । मैं पूरी कोशिश करूंगा की जो जिम्मेदारी मुझे दी गई है उसे मैं शिद्दत से निभाउंगा । हम सब कम्युनिटी रेडियो वाले सामुदायिक जागरूकता के लिए काम करते हैं और ऐसे हौसले जब मिलेंगे तो काम करने का मजा दुगुना हो जाता है । मेरा वादा है की मैं वहां से बहुत कुछ सीख कर आऊंगा और अपने अनुभव वहां अंतर्राष्ट्रीय मंच पर साझा करूंगा । “

रेडियो डेज एशिया, रेडियो और ऑडियो की दुनिया में दुनिया भर में क्या क्या हो रहा है , नई टेक्नोलॉजी, एक दूसरे की कला को सीखने समझने का मंच है । इस बार इस मंच पर सारण के इकलौते रेडियो , रेडियो मयूर को देखना एक गौरवान्वित करने वाला क्षण होगा ।

रेडियो मयूर , सूचना एवम् प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार , के मार्गदर्शन में संचालित होता है तथा सरकार के द्वारा कई बार प्रोत्साहित किया जा चुका है । हाल हीं में कोविड जागरूकता में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की वजह से स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के मुख्य सचिव लव अग्रवाल ने ट्वीट करके रेडियो मयूर को एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया था ।

स्थानीय स्तर पर रेडियो मयूर युवाओं के बीच काफी मशहूर है और फ्री ट्रेनिंग भी देता है। मास मीडिया में इच्छुक छात्र यहां आते हैं और अपने भविष्य का रास्ता बनाते हैं ।

अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में भाग लेने के लिए रेडियो मयूर की पैतृक संस्था मयूर कला केंद्र के वरिष्ठ सदस्य जैसे -पशुपति नाथ अरुण, डॉ लाल बाबू यादव, शशि कुमार, रूपेश नंदन, श्याम सानु आदि ने पूरी टीम को बधाई दी और रेडियो की टीम जैसे – RJ रजत, नेहा, आरती, कविश, प्रियांशु, संजना आदि ने अपनी खुशी जाहिर की ।

Chhapra: राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश पर नगरपालिका आम निर्वाचन 2022 के विभिन्न प्रकर्मों  में सारण जिला के कुल 10 नगर निकायों (01 नगर निगम एवं 09 नगर पंचायत) में वर्ष 2022 में 3 (तीन) पद यथा- पार्षद / उप मुख्य पार्षद / मुख्य पार्षद पदो के लिए “आम निर्वाचन” सम्पन्न कराया जाना है.

निर्वाचन को सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी राजेश मीणा ने निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की नियुक्ति की है.

छपरा नगर निगम के लिए एडीएम डॉ गगन को निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेवारी सौंपी गयी है.

देखिये पूरी सूची

 

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944
सूर्योदय 05.46, सूर्यास्त 06.46, ऋतु – वर्षा

भाद्रपद कृष्ण पक्ष अमावस्या, शनिवार, 27 अगस्त 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

मेष राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। धनलाभ की स्थिति रहेगी। मित्रों का भरपूर सहयोग मिलेगा, जिससे कार्यक्षेत्र में सभी कार्य सफल होंगे। तन और मन की प्रसन्नता रहेगी तथा सुख एवं आनंद की प्राप्ति होगी। परिजनों के साथ आनंद में समय व्यतीत होगा। कोई शुभ समाचार मिल सकता है, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। किसी आनंददायक यात्रा पर जाने की संभावना रहेगी। स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। व्यर्थ के लड़ाई-झगड़ों से दूर रहें।

वृषभ राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। कारोबार में धनलाभ के योग रहेंगे। परिश्रम की अधिकता रहेगी और सभी कार्य सफल होंगे, जिससे आत्मविश्वास बढ़ेगा। नौकरी में स्थान परिवर्तन की संभावना बन रही हैं। तरक्की भी मिल सकती है। स्वभाव में उग्रता के कारण किसी से विवाद न हो, इस बात का विशेषरूप से ध्यान रखें। परिजनों के साथ मनमुटाव हो सकता है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। वाणी पर संयम रखें। कोर्ट-कचहरी के विषयों में सावधानी से कदम उठाएं।

मिथुन राशि :- आज के दिन विविध क्षेत्रों से आर्थिक लाभ होने के योग हैं। सामाजिक कार्यों में भाग लेना लाभदायक रहेगा और आय में वृद्धि होगी। नौकरी में तरक्की के साथ ही परिवर्तन होने की भी संभावना रहेगी। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है, जो लाभकारी रहेगी। परिवार में मांगलिक आयोजन हो सकते हैं। परिवार का भरपूर सहयोग मिलेगा। प्रॉपर्टी और शेयर में निवेश करना फायदेमंद रहेगा। कोई कीमती वस्तु खरीदने का विचार कर सकते हैं।

कर्क राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। आय में कमी और खर्चों में वृद्धि रहने की संभावना है, जिससे आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है। हालांकि, अधिक परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगा। बुजुर्गों की सलाह लेकर काम करना लाभदायक रहेगा। नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। साथी-कर्मचारी आपको सहयोग देंगे। शारीरिक और मानसिक स्थति अच्छी रहेगी। परिवार में मांगलिक कार्य होंगे। परिजनों-मित्रों के साथ किसी यात्रा पर जा सकते हैं।

सिंह राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। पैतृक संपत्ति से लाभ होने की संभावना रहेगी। अधिक मेहनत से कार्यों में सफलता मिलेगी। वाणी पर संयम रखें, अन्यथा उच्च अधिकारियों से विवाद हो सकता है। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा, लेकिन शारीरिक शिथिलता से मानसिक चिंता बनी रहेगी। क्रोध पर नियंत्रण रखना लाभदायक रहेगा। व्यापार में अवरोध आने की संभावना है। खान-पान का ध्यान रखना होगा और यात्रा पर जाने से बचना होगा।

कन्या राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। आय में वृद्धि के योग हैं। धार्मिक कार्यों में रुचि लेंगे। नये कार्य का शुभारंभ करने से बचें, अन्यथा नुकसान हो सकता है। क्रोध पर नियंत्रण एवं वाणी-व्यवहार में संयम रखने की आवश्यकता है। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। जीवनसाथी से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। शत्रुओं से संभलकर रहें और यात्रा पर जाने से बचें। परिजनों-मित्रों के साथ मांगलिक आयोजन में शामिल होने के अवसर मिलेंगे।

तुला राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। धनलाभ के योग रहेंगे, लेकिन खर्चों में भी वृद्धि होगी। सामाजिक जीवन में सफलता मिलेगी, जिससे मानसिक प्रसन्नता का अनुभव होगा। वैवाहिक जीवन सुखमय होगा और दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे। परिजनों-मित्रों के साथ अधिक समय बिता सकेंगे। कारोबार से संबंधित अच्छे समाचार मिल सकते हैं। काम में एकाग्रता बनाए रखें, अन्यथा नुकसान हो सकता है।

वृश्चिक राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। कारोबार में आर्थिक लाभ की संभावना है। कार्यक्षेत्र में अनुकूल परिस्थितियां होंगी और रुके हुए काम पूरे होंगे। सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। पारिवारिक जीवन सुखमय और घर में शांति व आनंद का वातावरण रहेगा। परिजनों के साथ धन खर्च होने की संभावना रहेगी। अपने कार्यों से समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। क्रोध पर नियंत्रण रखना होगा, वरना काम बिगड़ सकते हैं। यात्रा पर जाने से बचें।

धनु राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यापार में अच्छा मुनाफा और नौकरी में तरक्की की संभावना रहेगी, लेकिन आय से अधिक खर्च होने से तनाव भी बढ़ेगा। नये कार्यों की शुरुआत न करें। क्रोध पर नियंत्रण रखना लाभदायक रहेगा। शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। खाना-पान का ध्यान रखें, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। यात्रा पर जाने से बचें। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा है। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। धन लाभ के योग रहेंगे और कठिन परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे, लेकिन नकारात्मक विचार परेशानी में डाल सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों को कुछ समस्या हो सकती है। परिजनों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। वाणी पर सयंम रखकर खुद को दुखी होने से बचा सकते हैं। जमीन, जायदाद के कार्यों में सावधानी रखें। धार्मिक यात्रा पर जाने के योग बन रहे हैं।

कुम्भ राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। परिजनों-मित्रों के साथ अधिक समय बिता सकेंगे। बिना सोचे नए कार्यों की शुरुआत न करें और निवेश करने से बचें। बुजुर्गों से लाभ मिलेगा। प्रतिस्पर्धियों से सामना करने में सफल रहेंगे, लेकिन परिश्रम की अधिकता रहेगी। किसी प्रतियोगी परीक्षा एवं साक्षात्कार आदि कार्यों में सफलता मिलेगी। परिवार में धार्मिक कार्य हो सकते हैं। क्रोध से बचें, वरना परिवार में कलह होने की संभावना रहेगी।

मीन राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापार-धंधे में अच्छा लाभ मिलेगा। आकस्मिक धनप्राप्ति के योग बन रहे हैं, लेकिन अनावश्यक खर्च बढऩे से मन दुविधाओं में उलझा रह सकता है। नए कार्यों की शुरुआत करना ठीक नहीं रहेगा, अन्यता नुकसान उठाना पड़ सकता है। व्यवहार पर संयम रखना होगा, क्योंकि पुराने मित्रों से मनमुटाव होने की संभावना है। किसी भी यात्रा पर जाने से बचना होगा। परिजनों के साथ वाद-विवाद की स्थिति बन सकती है।

Chhapra: मुफ्फसिल थानान्तर्गत अपराध नियंत्रण एवं विधि – व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से गस्ती कर रहे दल ने  गुप्त सूचना के आधार पर रामनगर टी0 पी0 एस0 कॉलेज के आस – पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ एवं तलासी के क्रम में व्यक्ति की पहचान राजा राम , पिता- वैधनाथ राम , सा0 रामनगर निर्मोहि , थाना- मुफ्फसिल, जिला सारण के रूप में की गई. उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिन्दा कारतूस, एक चाकू एवं एक मोबाईल बरामद किया गया है. इस सम्बंध में मुफ्फसिल थाना कांड सं0-631 / 22 दिं0-25 . 08.22 धारा- 25 ( 1- बी ) ए / 26 / 35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है. अभियुक्त राजा राम के द्वारा इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई है  उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

Chhapra: सारण जिला के पानापुर थानान्तर्गत 16 अगस्त 2022 को 4 बाईक सवार अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा पानापुर नहर के आस – पास एक व्यक्ति के साथ कैश एवं मोबाईल लूट की घटना का उद्भेदन पुलिस ने कर दिया है. 
इस कांड में वादि के फर्दब्यान के आधार पर पानापुर थानान्तर्गत कांड सं0-230 / 22 , दिनांक 16.08.22 धारा -392 भा0 द0 वि0 04 अज्ञात के विरूद्ध दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था. 
कांड के अनुसंधान एवं त्वरित कार्रवाई करने के पुलिस अधीक्षक के दिशा – निर्देश के आलोक में पानापुर थाना द्वारा कांड का त्वरित अनुसंधान एवं कार्रवाई कर तकनिकी सहयोग से कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों कुंदन कुमार पासवान , पिता – स्व0 सुरन पासवान , सा0 भोरहा , थाना पानापुर , जिला – सारण, विपीन कुमार यादव , पिता – शंकर राय , सा0 भोरहा, थाना पानापुर, जिला सारण को गिरफ्तार कर इनके पास से लूटी गई 01 मोबाईल को बरामद किया गया.
अनुसंधान एवं पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अपराधकर्मियों द्वारा उक्त लूट कांड में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया गया है तथा इनके निशानदेही के आधार पर इस कांड में संलिप्त अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी / कार्रवाई की जा रही है.