पटना: बिहार में कुछ दिन पूर्व हुए सत्ता परिवर्तन के बाद बिहार में भाजपा और जदयू नेताओं के बीच तल्खी तेज हो गयी है। इस दौरान अभी चर्चा में नीतीश कुमार के पुराने साथी सुशील मोदी है। सुशील मोदी लगातार नीतीश कुमार पर हमलावर तो है ही सुशील मोदी पर भी पलटवार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद अब जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने भी सुशील मोदी को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने बता दिया कि क्यों सुशील मोदी को न सिर्फ बिहार के डिप्टी सीएम के पद से हटाया गया, बल्कि पार्टी में किनारे कर दिया गया।

शनिवार सुबह सुशील मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए ललन सिंह ने कहा है कि आपका बयान देखकर घोर आश्चर्य हुआ..! जिस व्यक्ति का ग्रह-नक्षत्र खुद खराब हो और नीतीश जी से अच्छे रिश्तों के कारण खुद हाशिए पर ला दिए गए हों वैसे नेता के यहां नीतीश जी को उपराष्ट्रपति बनाने के लिए कोई जाये, यह अपने-आप में हास्यास्पद और सरासर झूठ है। नीतीश जी कभी ना राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे और ना ही उपराष्ट्रपति उपराष्ट्रपति पद के..! यदि ऐसे ही बयान देने से भाजपा नेतृत्व को खुश कर के आप पुनर्वासित हो जाते हैं, तो हमलोगों की शुभकामनाएं आपके साथ है…हो जाइए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक दिन पूर्व सुशील मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वह खुद अपनी पार्टी में दरकिनार कर दिए गए हैं, मेरे खिलाफ बोलकर शायद उनका कुछ भला हो जाए। इससे पूर्व भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था कि नीतीश कुमार देश के उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा था कि नीतीश कुमार खुद तो कुछ नहीं करते थे लेकिन अपने करीबी लोगों के जरिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक इस बात को पहुंचाते थे। इसे लेकर जदयू के बड़े नेताओं ने भाजपा के मंत्रियों से कई बार बात की थी लेकिन जब भाजपा के पास खुद बहुमत था तो किसी और को कैसे उपराष्ट्रपति बनाया जा सकता था।

18 से 20 अगस्त 2022 के बीच होगा ऋृण हेतु शिविर का आयोजन

Chhapra: जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार राय के द्वारा बताया गया कि बिहार राज्य अल्पसंख्यक वित्तीय निगम, पटना द्वारा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के लिए सारण जिला को कर्णांकित राशि के अन्तर्गत प्रखंडवार आवेदको को ऋण स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत आवेदको कि सूची जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में सूचना पट्ट पर देखा जा सकता है। रोजगार ऋण के लिए सभी चयनित आवेदकों को सूचित किया गया है कि दिनांक 18.08.2022 एवं 20.08.2022 को जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, सारण में शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसमें चयनित आवेदक अपने गारेन्टर के साथ उपस्थित होकर ऋण संबंधी कागजी कार्रवाई पूर्ण करवायें। यह अनिर्वाय होगा।

आवेदक के लिए कागजी कार्रवाई हेतु आवष्यक कागजात में आय प्रमाण-पत्र मूल प्रति में, आवासीय प्रमाण-पत्र (मूल प्रति) अद्यतन, आधार कार्ड (सम्पूर्ण पेज की छायाप्रति) पासबुक (जो आधार से लिंक हो की छायाप्रति), चेक बुक-20 पीस, पासपोर्ट साईज फोटो अद्यतन-2 पीस। एक लाख तक ऋण के लिए जेनरल गारेन्टर को अपना आधार कार्ड की छायाप्रति, जमीन की मालगुजारी की मूल रसीद जो अद्यतन होना चाहिए, पासपोर्ट साईज फोटो अद्यतन- 2 पीस लाना आवश्यक होगा।

एक लाख से अधिक ऋण के लिए सरकारी गारेन्टर जिन कर्मी की सेवा कम से कम हो उन्हें पाँच वर्ष शेष हो, उनके अपना आधार कार्ड की छायाप्रति, वेतन विवरणी की अद्यतन मूल प्रति, सेवा पुस्तिका अपने विभाग से अभिप्रमाणित सभी पेज की छायाप्रति, विभागीय निर्गत परिचय-पत्र एवं पासपोर्ट साईज का दो अद्यतन फोटो निश्चित रुप से अपने साथ लाना होगा।

इसके अलावे एक लाख से अधिक ऋण के लिए आयकर दाताओं को आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड की छायाप्रति फोटो अद्यतन पासपोर्ट साईज 2 पीस, आयकर रिटर्न की अद्यतन 2 वर्ष की प्रति (वैसे कर दाता जो सरकार को लगातार दो वर्षो से टैक्स भुगतान करते आ रहे है। अथवा आँगनबाड़ी कर्मी के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति, नियुक्ति पत्र, अभी तक कार्यरत है उसका इसका प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साईज फोटो अद्यतन 2 फोटो लाना अनिर्वाय होगा इसके अलावे अनुबंधित वक्फ के मोतवल्ली के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति, वक्फ बोर्ड से मोतवल्ली का प्रमाण-पत्र, अभी तक मोतवल्ली है उसका जिला औकॉफ कमिटी से प्रमाण-पत्र,

पासपोर्ट साईज फोटो अद्यतन-2 पीस आवश्यक है। किसी भी परिवहन के लिए कोटेशन देना आवश्यक है। एग्रीमेंट के समय गारेन्टर को लाना अनिवार्य है।

सीपीएस में धूम धाम से मना आजादी का अमृत महोत्सव

10वी और 12वी के टॉपर्स और उनके अभिभावकों को किया गया सम्मानित

Chhapra: शहर के चांदमारी रोड स्थित सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल में आज आजादी का अमृत महोत्सव बड़े ही धूम धाम से मनाया गया। सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ हरेन्द्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पिछले 75 दिनों से विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम जैसे डिबेट, स्टोरी टेलिंग, एस्से राइटिंग, स्पीच, कैलीग्राफी जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किये गए जिसमे सभी प्रतिभागियों और रैंक होल्डर को सम्मानित किया गया साथ ही 2022 के सीबीएसई परीक्षा परिणाम में सीपीएस के छात्रों ने परचम लहराते हुए साइंस और कॉमर्स सारण टॉपर सीपीएस के ही छात्र रहे। दसवीं और 12वी के सभी टॉपर्स को कार्यक्रम में उनके माता पिता के साथ सम्मानित किया गया।

विगत दिनों में अमृत महोत्सव के अंतर्गत विद्यालय के पोषक क्षेत्र के दलित बस्ती के करीब 50 बच्चों को तिरंगा देकर उत्साहित किया गया, साथ ही साथ विगत दिनों में विद्यालय के छात्रों के द्वारा वृक्षारोपण कर्यक्रम चलाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारायण कॉलेज गोरेयाकोठी के प्राचार्य डॉ परमेन्द्र सिंह ने अपने अभिभाषण में विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्पन्न नए आयोमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और मौजूद विद्यार्थियों और अभिभावकों की हौसलाफजाई की।

कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि राजेन्द्र कॉलेजिएट के पूर्व प्राचार्य राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन जीने के नए गुड़ के बारे में बताया उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन मे असफलता एक चुनौती है जो जिसको स्वीकारने से सफलता के नए रास्ते खुलते है।विद्यालय के प्राचार्य  सिंह ने बताया कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह कर्यक्रम अभूतपूर्व है जिससे विद्यार्थियों में देशभक्ति का जज्बा और मुकम्मल होगा। कार्यक्रम मंच संचालन विद्यालय प्रबंधक विकास कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के एचआर अश्विनी परमार, उप प्राचार्य फतह बहादुर सिंह, अरुण सिंह, रविन्द्र सिंह, खेल जगत के सुरेश सिंह, विक्की आनंद, मनोज संकल्प आदि मौजूद थे।

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944
सूर्योदय 05.46, सूर्यास्त 06.46, ऋतु – वर्षा

भाद्रपद कृष्ण पक्ष द्वितीया, शनिवार, 13 अगस्त 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।


मेष राशि :-
आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता मिलेगी और धनलाभ की स्थिति रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं। मन अस्वस्थ हो सकता है। धार्मिक, सामाजिक कार्यों में धन खर्च होगा। प्रियजनों से अनबन हो सकती है। व्यवहार में गुस्सा देखने को मिलेगा, जिसके कारण कार्यक्षेत्र में में नुकसान उठाना पड़ सकता है। आध्यात्मिकता की ओर रुझान अधिक रहेगा। कोर्ट-कचहरी के कार्य में दिक्कत आ सकती है। वाणी पर संयम रखें।

वृषभ राशि :– आज का दिन अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र में सफलता मिलने के योग रहेंगे। व्यापार-धंधे में आर्थिक लाभ की स्थिति रहेगी। सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे, जिससे समाज में सम्मान बढ़ेगा। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। मांगलिक आयोजन हो सकते हैं, जिससे आनंद दोगुना हो जाएगा। नए कार्य का शुभारंभ लाभकारी रहेगा। संतान के साथ मेल-जोल अच्छा रहेगा। आय बढ़ेगी। प्रवास का आयोजन हो सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

मिथुन राशि :- आपका आज का दिन शुभ फलदायी है। व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता मिलेगी और सभी कार्य आसानी से पूरे होंगे। नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। कार्यक्षेत्र में शुभ समाचार मिलेंगे। कार्यों में सफलता से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। दिया धन वापस हो सकता है। लेन-देन से बचें। बड़े भाई एवं पिता की ओर से लाभ होगा। पारिवारिक आनंद से आप आनंदित रहेंगे। परिवार के साथ भी अच्छा समय व्यतीत होगा। स्वास्थ्य को लेकर सावधान रहने सी आवश्यकता है।

कर्क राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कारोबार मध्यम चलेगा और परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र पर कामकाज की अधिकता रहेगी, जिससे थकान का अनुभव करेंगे। सहकर्मियों को किसी बात की ठेस न पहुंचे, इसका ध्यान रखें। क्रोध पर नियंत्रण एवं वाणी पर संयम रखें, अन्यथा काम बिगड़ सकते हैं। धार्मिक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ेगा। मांगलिक आयोजन में शामिल हो सकते हैं। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। सेहत का ध्यान रखें।

सिंह राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यापार-धंधा अच्छा चलेगा। कारोबार विस्तार की योजनाएं बना सकते हैं, जो लाभकारी सिद्ध होंगी। कार्यभार की अधिकता रहेगी और पूरा दिन भागदौड़ में बीतेगा। शारीरिक तथा मानसिक रूप से अस्वस्थता का अनुभव कर सकते हैं। खान-पान में सतर्कता बरतें, स्वास्थ्य का ध्यान रखें। यात्रा पर जाने से बचें। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा और परिजनों-मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा। ध्यान से मानसिक शांति मिलेगी।

कन्या राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यापार-धंधे में आर्थिक लाभ और नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। कार्यों में सफलता मिलेगी। आकस्मिक धनलाभ की भी संभावना रहेगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और मित्रों-परिजनों के साथ मौज-मस्ती में दिन बिता पाएंगे। दाम्पत्य जीवन में सुख मिलेगा। धार्मिक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ेगा। सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे, जिससे समाज में सम्मान प्राप्त होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी।

तुला राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यक्षेत्र में अनुकूल वातावरण रहेगा और कार्यों में सफलता मिलेगा। कारोबार अच्छा चलेगा और धनलाभ की स्थिति रहेगी, लेकिन कार्यभार की भी अधिकता रहेगा। परिजनों के साथ समय सुखपूर्वक बीतेगा। अनावश्यक खर्च अधिक होने की संभावना रहेगी। मन में नकारात्मक विचार आ सकते हैं, जिनसे बचना होगा। स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें और नये कार्यों की शुरुआत करने से बचें। क्रोध पर नियंत्रण रखें।

वृश्चिक राशि :-
आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। कार्यक्षेत्र में परिश्रम की अधिकता रहेगी, लेकिन अपने प्रयासों से सभी कार्यों में सफलता प्राप्त करेंगे, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। सृजनात्मक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ेगा। पुराने मित्रों से मुलाकात होगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। संतान-पक्ष से शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक-परोपकार के कार्य कर सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा। आशातीत परिणाम मिलेंगे।

धनु राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में छोटी-छोटी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मेहनत से कार्यों में सफलता मिलेगी और आर्थिक लाभ की स्थिति रहेगी, लेकिन भागदौड़ अधिक करनी पड़ेगी। कई बातों को लेकर चिंतित हो सकते हैं, जिससे शारीरिक तथा मानसिक रूप से अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। परिवार के सदस्यों के साथ अनबन हो सकती है। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें। अनावश्यक धन खर्च के योग हैं।

मकर राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। व्यापार-धंधा अच्छा चलेगा और आकस्मिक धनलाभ के योग रहेंगे। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिलेंगी और सभी कार्य सफल होंगे। नौकरी में पदोन्नति भी मिल सकती है। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। किसी धार्मिक यात्रा का आयोजन हो सकता है। नए कार्य शुरू कर सकते हैं। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। सामाजिक कार्यों में बढ़-चढकऱ हिस्सा लेंगे और परिवार के साथ समय व्यतीत कर सकेंगे।

कुम्भ राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। कार्यों में सफलता मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, लेकिन अनावश्यक खर्च की भी अधिकता रहेगी। शारीरिक और मानसिक रूप से थकान का अनुभव कर सकते हैं। क्रोध की अधिकता रहेगी। वाणी पर संयम रखने से परिवार में सुख-शांति बना पाएंगे। विचारों पर नकारात्मकता हावी न होने दें। धार्मिक कार्यों में व्यय हो सकता है। विद्यार्थियों को अधिक मेहनत करनी होगी।

मीन राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा और धनलाभ की स्थिति रहेगी। नौकरी में तरक्की के योग हैं। कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों की मदद से सभी कार्यों में सफलता मिलेगी और निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण होंगे। आकस्मिक धनलाभ होने की संभावना रहेगी। शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। किसी यात्रा स्थल पर प्रवास की संभावना रहेगी। स्वजनों के मिलने से मन आनंदित रहेगा। परिवार के साथ समय बीतेगा और दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा।

पटना: बिहार के सात पुलिस अधिकारियों का चयन केंद्रीय गृह मंत्री के पदक के लिए किया गया है। इन अधिकारियों का चयन आपराधिक मामलों के अनुसंधान में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए किया गया है। बिहार के इन सात पुलिस पदाधिकारियों में दो एसपी और पांच अन्य अधिकारी शामिल हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री पदक से अलंकृत होने वाले बिहार के सात पुलिस पदाधिकारियों में पुलिस अधीक्षक सायली सावलाराम धूरत और विनय तिवारी के अलावा इंस्पेक्टर रामशंकर सिंह, इंस्पेक्टर विनय प्रकाश, एसआई मनोज कुमार राय, एसआई मो. चांद परवेज और एसआई मो. गुलाम मुस्तफा शामिल हैं।

एसपी विनय तिवारी को पटना में जनवरी 2021 में इंडिगो एयरलाइन्स के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की हत्याकांड में उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है। इस मामले की जांच एसपी विनय तिवारी के नेतृत्व में हुई थी। विनय तिवारी ने पूरे मामले का उद्भेदन किया और रुपेश की हत्या की गुत्थी सुलझाई थी। एसपी सायली धूरत को अररिया दुष्कर्म मामले की जांच में उत्कृष्टता के लिए पदक से अलंकृत किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि देशभर में कुल 151 पुलिस अधिकारियों का चयन इस पदक के लिए किया गया है। पिछले साल भी बिहार के सात पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री पदक से अलंकृत किया गया था।

Chhapra: जनादेश से विश्वासघात के विरोध में स्थानीय म्युनिसिपल चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सभी हर घर तिरंगा जश्न मना रहे हैं, इधर नीतीश जी ने लोकतंत्र की ही हत्या कर दी। नीतीश लालू से मिल गए, जनमत का अपमान किए। उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि आखिर किन मजबूरियों में नीतीश कुमार ने जन्देश का अपमान किया और गठबंधन को तोड़ कर महागठबंधन में शामिल हो गए।

महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने धरना-प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कहा कि अब जब बिहारियों पर अत्याचार होगा, तो उस समय भी भाजपा ही जनता के साथ खड़ी रहेगी। बिहार में नयी सरकार की भयावहता को वही समझ सकता है जो बिहार में सन् 1990-2005 के दौरान रहा हो। अपने दम पर सीएम नहीं बना सकते और पीएम का सपना देख रहे हैं।

तरैया विधायक जनक सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि बिहार के लोग काफी परिपक्व होते हैं। राजनैतिक रूप से वह अपने आपको आज छला हुआ महसूस कर रहे हैं। अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मन्टु सिंह ने कहा कि बिहार की जनता आज सब देख रही है कि कैसे नीतीश कुमार ने जन समर्थन का अपमान किया है।

अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि एक बात तो नीतीश ने साबित किया कि उनका DNA लोकतंत्र के लिए खतरा है। गरखा के पूर्व विधायक ज्ञानचंद मांझी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि जो जेपी का नहीं हुआ, जो लोहिया का नहीं हुआ,
जो जार्ज साहब का नहीं हुआ, जो शरद यादव का नहीं हुआ, जो सीएम बनाने वाली भाजपा का नहीं हुआ वह बिहार का क्या होगा? बिहार की जनता का कभी नहीं हो सकता।

धरना-प्रदर्शन को छपरा विधायक डॉक्टर सीएन गुप्ता, ब्रजेश रमण, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, वंशीधर तिवारी, वेद प्रकाश उपाध्याय, जिप उपाध्यक्ष प्रियन्का सिंह सहित सैकड़ो भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने सम्बोधित किया।

धरना-प्रदर्शन में एनडीए पूर्व प्रत्याशी विरेन्द्र ओझा, उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, डॉ धर्मेंद्र सिंह, तारा देवी, राजेश ओझा, जय शंकर बैठा, महामंत्री शांतनु कुमार, रामाशंकर मिश्र शांडिल्य, जिला प्रवक्ता विवेक कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी संजय सिंह, श्याम बिहारी अग्रवाल, जिलामंत्री सत्यानंद सिंह, सुपन राय, गायत्री देवी, विरेन्द्र पाण्डेय, वाणिज्य प्रकोष्ठ संयोजक हेम नारायण सिंह, आईटी सेल जिला संयोजक निशांत राज, महिला मोर्चा अध्यक्ष अनु सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष बबलू मिश्रा, बलवंत सिंह, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष पप्पू चौहान, नगर अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, सैनिक प्रकोष्ठ संयोजक उमाकांत पाण्डेय, प्रखण्ड अध्यक्ष हरेश्वर सिंह, मुकेश सिंह, अविनाश उपाध्याय, ढुनमुन सिंह, जय किशोर सिंह, अरूण सिंह, चरणदास, ललन पासवान के साथ साथ कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पटना: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होने के बाद नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आरसीपी सिंह को बहुत इज्जत दिया. उन्हें अपनी जगह पार्टी का अध्यक्ष बनाया. जबकि उन्होंने बहुत गड़बड़ किया.API key not valid. Please pass a valid API key.

उन्होंने कहा कि जिसको सबसे अधिक दिया, अपनी जगह 2020 के दिसंबर में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया. जब वे केंद्र में मंत्री बने तो उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का पड़ छोड़ने को कहा. उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा का सम्मान करते हुए पार्टी ने उन्हें अध्यक्ष बनाया था. अब अपने आप छोड़ दिए. मेरे बारे में अनर्गल बोल रहें हैं . उनको इतना सम्मान दिया उन्होंने दल के हित में काम नहीं किया. उन्हें जानता कौन था? मैंने उन्हें बनाया. मैंने उन्हें कहा से लाकर कहा से कहा तक पहुँचाया. मंत्री बनाने के बाद किसी भी राज्य के दौरे पर वे कार्यकर्ताओं से नहीं मिलते थे. विधानसभा के चुनाव में जिम्मेवारी भी दी. बावजूद उन्होंने मुझ पर ही अनर्गल आरोप लगा दिए.

वहीँ नीतीश कुमार ने सुशील कुमार मोदी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे उपमुख्यमंत्री नहीं बने तो मुझे अच्छा नहीं लगा, पर उनको उनकी पार्टी ने केंद्र में भी कुछ नहीं बनाया, अब पार्टी को खुश करने के लिए मुझपर टिपण्णी कर रहें हैं.

वाराणसी: जय प्रकाश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह को बिहार के गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय का विजिटर नियुक्त किया गया है। देव मंगल ट्रस्ट के संस्थापक बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य सभा सांसद गोपाल नारायण सिंह ने स्वयं प्रो.हरिकेश सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपा।

प्रो हरिकेश सिंह काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष भी रहे है। प्रो. सिहं को विजिटर नियुक्त होने पर शुभचिंतकों में हर्ष व्याप्त है।

मूल रूप से प्रदेश के गाजीपुर जनपद के घरिहा गांव निवासी प्रो. हरिकेश सिंह के पिता स्वर्गीय कुबेर नाथ सिंह राष्ट्रपति पदक से सम्मानित शिक्षक रहे हैं। प्रो. सिंह छात्र राजनीति के दौरान छात्रहित में संघर्ष के लिए 1973 में लम्बे समय तक जेल में बंद रहे। आपातकाल के समय कांग्रेस के तानाशाही के विरुद्ध आंदोलनों का नेतृत्व भी किया एवं देश भर में रणभेरी बँटवाने के कार्य का संयोजन भी किया।

प्रो. सिंह पूर्व विभागाध्यक्ष डिपार्टमेंट ऑफ़ फॉउण्डेशन्स ऑफ़ एजुकेशन नीपा नई दिल्ली, सदस्य शिक्षा के अधिकार पर राज्य सलाहकार परिषद उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ आचार्यकुल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय अध्यापक संघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। साथ ही देश के प्रतिष्ठित संस्थाओं के विभिन्न उच्च स्तरीय कमेटियों के सदस्य रह चुके हैं।

गड़खा के भुआलपुर में 4 की संदिग्ध मौत, अचेतावस्था में पहुंचे 3 का अस्पताल में इलाज जारी

Chhapra: सारण जिले में शराब पीने से होने वाले मौत का मामला थम नहीं रहा है. पुलिस के चौकसी के दावों के बीच लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही है. हालांकि यह मामला तभी सामने आ रहा है जब इसमें मौत का अकड़ा बढ़ रहा है. एक दो लोगों के मौत की जानकारी किसी को नहीं मिल पाती जिसका मुख्य कारण पीड़ित के परिवार पर पुलिसिया दबिश बताया जा रहा है.

गड़खा के भूआलपुर में 4 लोगों की संदिग्ध मौत हुई है. जिसमे से दो सदर अस्पताल पहुंचे वही दो गांव में ही छिपाकर अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई और सभी मृतकों के पोस्टमार्टम के लिए छपरा लेकर पहुंची.

गड़खा के भुअलपुर में संदिग्ध रूप से मरने वालो में रामजीवन राम और रोहित कुमार सिंह बताते जा रहे है. जिनके परिजनों द्वारा गांव में खुलेआम शराब बेचने की बात कही गई. मृतक रोहित कुमार सिंह के परिजनों द्वारा सदर अस्पताल में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है. परिजनों का कहना है कि मौत शराब के सेवन से हुई है. गांव के ऐसे कई लोग है जिनकी तबियत खराब है लेकिन पुलिस के भय से वह छिपकर इलाज करा रहे है.

वही भुआलपुर गांव के ही 3 लोग अचेतावस्था में सदर अस्पताल इलाज के लिए लाए गए है. जिनमे रामनाथ महतो, लालबाबू साह और हीरा राय शामिल है. इनके परिजनों का कहना है कि गांव में खुलेआम प्रशासनिक सह पर शराब बिकती है. विगत दिनों सभी ने शराब पी थी. जिसके बाद कई को देर रात उल्टियां होने लगी. कई लोगों को स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया लेकिन स्थिति नही सुधारने के कारण उन्हें सदर अस्पताल लाया गया.

सदर अस्पताल में उपस्थित पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है. वही चिकित्सकों द्वारा नशीले पदार्थ के सेवन की बात कही जा रही है.

ग्रामीणों की माने तो ऐसे और भी लोग है जो पुलिस के भय से गांव में ही इलाज करा रहे है.

सारण के मढ़ौरा में 4 की संदिग्ध मौत, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

Chhapra: सारण के मकेर में अभी जहरीली शराब पीने से हुई मौत के सदमे से लोग उबरे नहीं की एक बार फिर शराब पीने से मौत का मामले सामने आ गया. ताजा मामला गड़खा के भुआलपुर का है. सूबे में शराब बंदी है और ऐसे में आएं दिन शराब पीने से मौत के मामले सामने आ रहे है.

गड़खा के भुआलपुर में हुई 4 की मौत संदिग्ध रूप में हुई है. हालाकि यह आंकड़ा बढ़ सकता है. फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है. वही इस घटना में कोई कुछ भी कहने से परहेज कर रहा है. ग्रामीण से लेकर प्रशासनिक महकमा चुप है. हालांकि दबे आवाज से शराब पीने के बाद मौत की बाते कही जा रही है. वही इस घटना में कई लोग स्थानीय स्तर छिपकर इलाज करवा रहे है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है. यहां शराब, बनाना, बेचना, रखना, पीना और पिलाना सब गैरकानूनी है. फिर भी जहरीली शराब पीकर मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है. सारण में एक बाद फिर जहरीली शराब पीने से मौत की घटना हुई है.

सारण के विकास की जगी उम्मीद युवा नेता जितेंद्र कुमार राय के मंत्रीमंडल में शामिल होने का रास्ता साफ ! 

Chhapra: बिहार में नई सरकार बन गई है. मुख्यमंत्री के तौर पर आठवी बार नीतीश कुमार ने शपथ ली वही दूसरी बार युवा नेता तेजस्वी यादव ने भी उपमुख्यमंत्री की शपथ ली. आचनक से बदली बिहार की राजनीति में शायद ही यह पहला मौका था जब सिर्फ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने शपथ ली. सरकार के लिए मंत्रीमंडल का गठन अभी बाकी है क्योंकि महागठबंधन में शामिल बाकी पार्टियां भी उस मंत्रीमंडल में शामिल होनी है. हालांकि किसके हिस्से के कितने मंत्री बनेंगे यह सरकार के गठन के पहले ही सहमति बन चुकी थी अब उसे अमली जामा पहनाना बाकी है सो उसकी भी अंतरिम प्रक्रिया पूरी होने जा रही है.

बिहार की इस नई सरकार में जदयू कोटे से शामिल होने वाले मंत्रियों में कुछेक को छोड़ दे तो लगभग पुराने चेहरे शामिल होंगे. वही राजद और कांग्रेस से इस बार कुछ पुराने के साथ ज्यादातर नए चेहरों को तवज्जो दी जा रही है. महागठबंधन की नई सरकार में राजद बिहार के विकास और जनता से किए गए वादों पर खड़ा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ने जा रही है. यही कारण है कि काफी सोच समझकर ही मंत्रियों की सूची तैयार की गई है. सूत्रों की माने तो सूची को अंतरिम अनुमति के लिए राजद सुप्रीमों के समक्ष भेजा गया है. जिसपर मुहर लगने के बाद शपथ दिलाई जाएगी.

सारण जिले से भी इस मंत्री मंडल में जगह मिलने जा रही है. राजनीति के दृष्टिकोण से सारण राजद के लिए काफी महत्वपूर्ण रहा है. विगत के कई सरकार में इस जिले से हरबार कोई न कोई मंत्री मंडल में शामिल रहा है. इसबार भी यह जारी रहेगा.

सारण में पार्टी के कार्यों के प्रति समर्पित और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले मढ़ौरा विधायक इसबार सबसे आगे है, पिता से राजनीतिक विरासत मिलने के बावजूद श्री राय ने जनता और पार्टी के बीच मजबूत पकड़ बनाई है. सारण से युवा चेहरे पर तेजस्वी यादव अपनी मुहर लगा चुके है. जिसके बाद यह तय है कि शत प्रतिशत मंत्रीमंडल में जितेंद्र कुमार राय शामिल हो रहे है. जितेंद्र कुमार राय भले ही जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर स्थित मढ़ौरा विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हो लेकिन जनता में उनकी पकड़ और लोकप्रियता, पार्टी और उनके सिपाहियों में पकड़ के मामले में वह जिला मुख्यालय में सबसे काफी आगे है. इस बात को उन्होंने विगत जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में साबित भी कर दिया है. यही कारण है कि वह युवा नेता तेजस्वी यादव की टीम के सक्रिय सिपाही है.

मढ़ौरा विधायक जितेंद्र कुमार राय के मंत्रीमंडल में शामिल होने के बाद इसका सीधा लाभ छपरा जिले को होगा. जिला मुख्यालय से लेकर मढ़ौरा तक लोगों को काफी उम्मीदें है. हालांकि यह उस बात पर निर्भर करता है कि वह किस मंत्रालय के मंत्री बनेंगे. सूत्रों की माने तो सड़क एवं पथ परिवहन, खनन मंत्रालय या फिर उद्योग मंत्रालय की जिम्मेवारी इन्हे मिल सकती है. पार्टी में बेहतर और विश्वासी राजनेता के तौर पर ही इन मंत्रालय का मंत्री इन्हे बनाया जा सकता है.

बहरहाल अब कुछ समय शेष है जिसके बाद यह भी साफ हो जाएगा. लेकिन इतना तय है कि जितेंद्र कुमार राय के किसी भी विभाग में मंत्रीमंडल की जिम्मेवारी मिलने से सारण के विकास की तस्वीर जरूर बदलेगी.

छपरा जंक्शन पर “विभाजन की विभीषिका” पर आधारित पॉच दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन

छपरा: वाराणसी मंडल के छपरा जं स्टेशन पर “विभाजन की विभीषिका” पर आधारित पॉच दिवसीय फोटो प्रदर्शनी लगाई गयी. इस प्रदर्शनी का उद्दघाटन वयोवृद्व सेवानिवृत्त गार्ड मुद्रिका प्रसाद द्वारा किया गया. इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार सिन्हा, कार्मिक निरीक्षक अजित कुमार एवं स्टेशन के कर्मचारी, यात्री, मीडिया ,रेलवे सुरक्षा बल के जवान एवं आम नागरिक उपस्थित थे. “विभाजन की विभीषिका” पर आधारित पॉच दिवसीय फोटो प्रदर्शनी में संस्कृति मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए भारत के विभाजन संबंधी फोटोग्राफ तथा त्रासदी की विभीषिका को विवरण सहित प्रदर्शित किया गया है.

इसके पूर्व स्टेशन अधीक्षक द्वारा छपरा स्टेशन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया एवं राष्ट्रगान गाया गया.

ज्ञातव्य हो की वाराणसी मंडल के आठ स्टेशनों यथा बनारस, छपरा, मऊ, बलिया,गाजीपुर सिटी, आजमगढ़, पड़रौना एवं चौरीचौरा रेलवे स्टेशनों पर रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार “विभाजन की विभीषिका” पर आधारित पॉच दिवसीय (10-14 अगस्त) फोटो प्रदर्शनी में संस्कृति मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए भारत के विभाजन संबंधी फोटोग्राफ तथा त्रासदी की विभीषिका को विवरण सहित दर्शाया गया है.

इन प्रदर्शिनियों का उद्घाटन वयोवृद्व सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों द्वारा किया गया. इसके साथ ही उक्त स्टेशनों के स्टेशन अधीक्षकों द्वारा स्टेशन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर राष्ट्रगान गाया गया.