मीरजापुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। “या देवी सर्व भूतेषु चन्द्रघंटा रूपेण संस्थिता नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नमः“। शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन शनिवार को मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु विंध्याचल धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विंध्यवासिनी के चंद्रघंटा रूप का विधि विधान से पूजा अर्चना की।

गंगा घाटों पर स्नान के बाद दर्शनार्थी मां के दर्शन के लिए गर्भगृह के द्वार पर कतारबद्ध हो गए। श्रद्धाभाव से मां विंध्यवासिनी का जयकारा लगाते हुए शीश नवाया। विध्यधाम मां विंध्यवासिनी के जयकारे से गुंजायमान हो उठा। आदि शक्ति मां विध्यवासिनी देवी का तीसरे दिन गुड़हल, कमल व गुलाब के पुष्पों से भव्य श्रृंगार व पूजन-अर्चन हुआ। भोर की मंगला आरती के बाद दर्शन पूजन का क्रम आरम्भ हो गया। घंटा घड़ियाल, शंख, नगाड़ा एवं शहनाई की गूंज से समूचा धाम गुंजायमान रहा। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं से विंध्यधाम पटा रहा।

साधक विधि-विधान से मंदिर की छत पर शक्ति पाठ कर रहे हैं। इस दौरान मंदिर की छत पर साधकों की भारी भीड़ है।

वहीं, दूसरी तरफ दर्शनार्थी अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कर रहे हैं। शहनाई और महिलाओं के गीतों के बीच बच्चों का मुंडन देखते ही बन रहा था।

त्रिकोण परिक्रमा कर पुण्य के भागी बने भक्त

मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद श्रद्धालु त्रिकोण परिक्रमा कर पुण्य के भागी बने। कालीखोह स्थित महाकाली के भव्य स्वरूप का दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे। वहीं पहाड़ पर विराजमान मां अष्टभुजी देवी के दरबार में दर्शन-पूजन का क्रम अनवरत चलता रहा। मंदिर के बाहर कतार में खड़े श्रद्धालु माता का जयकारा लगाते मंदिर की तरफ बढ़े जा रहे थे।

पहाड़ पर घरौंदा बना, मांगी मन्नतें

नवरात्रि में मां विंध्यवासिनी, मां काली और मां अष्टभुजा के दर्शन कर त्रिकोण यात्रा करने की परंपरा है। त्रिकोण यात्रा के दौरान श्रद्धालु कालीखोह से अष्टभुजा जाते समय रास्ते में पत्थरों से घर बनाते हैं। मान्यता है कि त्रिकोण के दौरान पत्थरों से घर बनाने वाले लोगों के स्वयं का घर बनने की इच्छा मां विंध्यवासिनी अवश्य पूर्ण करती है।

आकर्षक ढंग से सजाया गया ओझला पुल

नवरात्र मेला पर ओझला पुल को विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगे प्रकाश में पुल की नक्काशी अलग ही छटा बिखेर रही है। यहां से गुजरने वाले लोग इसे देखने के लिए एक पल को अवश्य रूक जा रहे हैं।

आज का पंचांग
दिनांक 05/10/2024 शनिवार
आश्विन शुक्लपक्ष तृतीया
पूर्ण रात्रि तक
नक्षत्र स्वाति
रात्रि 09:33 उपरांत विशाखा
विक्रम सम्वत :2081
चन्द्र राशि तुला सूर्योदय 05:43 सुबह
सूर्यास्त :05:32 संध्या,
चंद्रोदय :07:41 सुबह
चंद्रास्त : 06:51 संध्या
ऋतू : शरद
चौघडिया,दिन
चौघड़िया :
काल 05:43 सुबह 07:12 सुबह,
शुभ 07:12 सुबह 08:40 सुबह
रोग 08:40 सुबह 10:09 सुबह
उद्देग 10:09 सुबह 11:38 सुबह
चर 11:38 सुबह 01:06 दोपहर
लाभ 01:06 दोपहर 02:35 दोपहर
अमृत 02:35 दोपहर 04:03 संध्या
शुभ 04:03 संध्या 05:32 संध्या
लगन :कन्या
सुबह 06:40 उपरांत तुला लगन
राहुकाल
सुबह 08:40 से 10:09 दोपहर
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:15 से 12:03 दोपहर
दिशाशूल पूर्व
यात्रा विचार : आज कही यात्रा पर जाने के पहले अदरक खाकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.

आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज के दिन व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। समय का अपव्यय होगा। दूर से दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। विवाद से क्लेश होगा। काम में मन नहीं लगेगा। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी व्यक्ति विशेष से अनबन हो सकती है।
लकी नंबर 3 लकी कलर सफेद

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज के दिन भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार प्राप्ति सहज ही होगी। व्यावसायिक यात्रा से लाभ होगा। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। निवेशादि शुभ रहेंगे। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। किसी बड़ी समस्या का हल प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी।
लकी नंबर 8 लकी कलर सफेद

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज के दिन कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक कष्ट संभव है। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि नीचा देखना पड़े। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे।
लकी नंबर 3 लकी कलर हरा

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज के दिन वाणी पर नियंत्रण रखें। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। घर में प्रतिष्ठित अतिथियों का आगमन हो सकता है। व्यय होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय बनी रहेगी। दुष्‍टजनों से दूर रहें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।
लकी नंबर 6 लकी कलर लाल

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज के दिन व्यापार-व्यवसाय अच्छा चलेगा। शत्रु शांत रहेंगे। ऐश्वर्य पर खर्च होगा। मान-सम्मान मिलेगा। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। पुराना रोग उभर सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें।
लकी नंबर 6 लकी कलर फिरोजा

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज के दिन मान-सम्मान मिलेगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय में मनोनुकूल लाभ होगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड में सोच-समझकर हाथ डालें।
लकी नंबर 1 लकी कलर आसमानी

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज के दिन कष्ट, भय व चिंता का वातावरण बन सकता है। विवेक से कार्य करें। समस्या दूर होगी। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति मनोनुकूल बनेगी। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कारोबारी लाभ में वृद्धि होगी। नौकरी में शांति रहेगी।
लकी नंबर 4 लकी कलर भुरा

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज के दिन आराम का समय मिलेगा। आशंका-कुशंका रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। कारोबारी नए अनुबंध हो सकते हैं, प्रयास करें। आय में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
लकी नंबर 9 लकी कलर केशरी

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज के दिन प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। शुभ समाचार मिल सकता है। शारीरिक कष्ट संभव है। अज्ञात भय रहेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। चिंता रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। मान-सम्मान मिलेगा।
लकी नंबर 8 लकी कलर पिला

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मान-सम्मान के योग बनेंगे। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक शिथिलता रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। किसी अपने का व्यवहार प्रतिकूल रहेगा। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं। नौकरी में अपेक्षानुरूप कार्य न होने से अधिकारी की नाराजी झेलना पड़ेगी।

लकी नंबर 7 लकी कलर नीला

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज के दिन यात्रा मनोनुकूल लाभ देगी। राजभय रहेगा। जल्दबाजी व विवाद करने से बचें। थकान महसूस होगी। किसी के व्यवहार से स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। कोर्ट व कचहरी के काम अनुकूल रहेंगे। धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। पूजा-पाठ में मन लगेगा।
लकी नंबर 6 लकी कलर बैंगनी

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज के दिन भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी। बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। आय में वृद्धि होगी। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता प्राप्त होगी। निवेश शुभ रहेगा। भाग्य का साथ रहेगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। प्रसन्नता रहेगी।
लकी नंबर 1 लकी कलर गुलाबी

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (हि.स.)। एपीएल अपोलो ग्रुप का हिस्सा एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया और एंटरटेनमेंट (एसजीएसई) ने सात साल बाद वापसी कर रहे हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के लिए शुक्रवार को अपनी फ्रेंचाइजी एसजी पाइपर्स के लॉन्च की घोषणा की।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता, दिग्गज भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश को फ्रैंचाइज़ ने हॉकी निदेशक के रूप में नियुक्त किया है, जिससे वह लीग के सबसे हाई-प्रोफाइल नामो में से एक बन गए हैं। इस भूमिका के अलावा, श्रीजेश युवा प्रतिभाओं को निखारने में मदद करने के लिए एक सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे।

श्रीजेश एसजीएसई के लिए हॉकी के तकनीकी संचालन की देखरेख करेंगे और टीम को एचआईएल के लिए एक मजबूत फ्रैंचाइज़ बनाने की कोशिश करेंगे।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कोच ग्राहम रीड, जिनके कार्यकाल में भारत ने 2021 में टोक्यो खेलों में ओलंपिक पदक जीतकर अपने 41 साल के इंतज़ार को समाप्त किया, उन्हें एसजी पाइपर्स की पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। जबकि डचमैन डेव स्मोलेनर्स को महिला टीम का मुख्य कोच बनाया गया है।

स्मोलेनर्स वर्तमान में राष्ट्रीय महिला टीम के एनालिटिकल कोच के रूप में भारतीय हॉकी की सेवा कर रहे हैं। एफआईएच ग्रेड 1 कोच, स्मोलेनर्स ने नीदरलैंड की जूनियर महिला राष्ट्रीय टीम के लिए लगातार दो विश्व खिताब जीते हैं।

हॉकी इंडिया लीग में भागीदारी पर, एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया और एंटरटेनमेंट के संस्थापक रोहन गुप्ता ने कहा, “हॉकी वास्तव में भारत का राष्ट्रीय खेल है और हॉकी से जुड़ना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। भारतीय हॉकी की समृद्ध विरासत हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है और हम इस खेल के लिए एक मजबूत संस्कृति बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे टीम में श्रीजेश, ग्राहम और डेव जैसे नामों के साथ, मुझे यकीन है कि फ्रैंचाइज़ी एचआईएल के रोमांचक सीज़न में प्रभाव डालेगी।”

हाल ही में संन्यास लेने वाले श्रीजेश ने 2014 और 2022 में एशियाई खेलों में भारत के दोहरे स्वर्ण पदक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, इसके अलावा वे हॉकी खिलाड़ियों की एक पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं।

एसजी पाइपर्स के हॉकी निदेशक के रूप में अपनी नई भूमिका पर श्रीजेश ने कहा, “मैं हॉकी निदेशक के रूप में एसजी पाइपर्स का कार्यभार संभालने के लिए उत्साहित हूं। एक पेशेवर एथलीट के रूप में अपने रिटायरमेंट बाद, मैं देश में हॉकी खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को तैयार करना चाहता हूं और उस खेल को वापस देना चाहता हूं जिसने मुझे इतना कुछ दिया है। मैं कुछ प्रतिभाशाली युवाओं के साथ काम करने और एसजी पाइपर्स में एक मजबूत टीम संस्कृति बनाने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं।”

श्रीजेश की नियुक्ति पर एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया और एंटरटेनमेंट के सीईओ महेश भूपति ने कहा, “श्रीजेश एक प्रेरणा स्त्रोत हैं और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं। वह जानते हैं कि जीतने के लिए क्या करना पड़ता है, उनके पास साथियों का सम्मान है और एसजी यात्रा का हिस्सा बनने के लिए वे उत्साहित हैं। जब देश में हॉकी की बात आती है तो वह मुख्य नामों में से हैं और हम बहुत भाग्यशाली महसूस करते हैं कि उन्होंने हमारी दृष्टि को अपनाया और वह हमारी टीम में हैं। हमारा लक्ष्य एक बहुत ही सफल और लोकप्रिय फ्रैंचाइज़ी बनाने का है। यही कारण है कि हमने हॉकी निदेशक और मुख्य कोच तथा सहायक कोचों से इस तरह के नाम लिए हैं। हमने खुद को विजेताओं और ऐसे लोगों के साथ जोड़ा है जो विजेता टीमों का हिस्सा रहे हैं।”

एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, एपीएल अपोलो ग्रुप की एक सहायक कंपनी है, जिसकी शतरंज, क्रिकेट, टेबल टेनिस और फुटबॉल सहित कई तरह के खेलों में रुचि है।

हॉकी इंडिया लीग में आठ पुरुष और छह महिला टीमें शामिल होंगी और यह दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 तक खेली जाएगी।

– सिंदूरी शाम में दिखेगी शुक्र और चन्‍द्र की समीपता

भोपाल, 4 अक्टूबर (हि.स.)। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए शनिवार की शाम बेहद खास होगी। इस दौरान शाम को दक्षिण-पश्चिमी आकाश में सूर्य के अस्‍त होने के तुरंत बाद हंसियाकार चंद्रमा (मून) और बिंदी के रूप में चमकता शुक्र (वीनस) जोड़ी सी बनाते नजर आएंगे। किसी भी खुले स्थान से इस खगोलीय घटना को बिना किसी टेलिस्‍कोप के खाली आंखों से ही देखा जा सकेगा।

नेशनल अवार्ड प्राप्‍त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने शुक्रवार को इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वीनस और मून आपस में सिमटे से पांच डिग्री से कम के अंतर पर होंगे। इन दोनों आकाशीय पिंडों की नजदीकी को टेक्‍नीकल रूप (खगोल विज्ञान में) से एपल्‍स कहा जाता है।

सारिका ने बताया कि यह खगोलीय जोड़ी क्षितिज से लगभग 14 डिग्री ऊपर रहकर धीरे-धीरे नीचे आते जाएंगे। इस जोड़ी को सूर्यास्‍त के बाद एक घंटे से कुछ अधिक समय तक देखा जा सकेगा। इस समय हंसियाकार चंद्रमा माइनस 9.9 के मैग्‍नीटयूड से चमक रहा होगा जबकि वीनस की चमक माइनस 4 मैग्‍नीटयूड रहेगी। उन्होंने बताया कि सिंदूरी शाम को दोनों आकाशीय पिंडों की यह समीपता केवल सीमित समय तक ही दिखेगी। इसीलिए इस आकाशीय जोड़ी से साक्षात्कार करने से चूकिए मत।

Chhapra: छपरा के मुकरेड़ा में स्थित सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सुप्रसिद्ध शिक्षण संस्थान विवेकानंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को नवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन तीनों लोकों में सभी को सौभाग्य प्रदान करने वाली मां जगदम्बे की पूजा, दिव्य स्त्रीत्व का सम्मान करने तथा छात्रों के बीच सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए किया गया। इस दौरान विद्यालय के नर्सरी से पांचवी कक्षा तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी शिक्षिका के मार्गदर्शन में नव दुर्गा के सभी स्वरूपों में आकर्षक ढंग से माँ दुर्गा के भक्ति गीतो पर नृत्य व झांकियां प्रस्तुत किया।

सभी छोटे-छोटे बच्चों के आकर्षक स्वरूपो ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने माता के सुंदर गीतों पर डांडिया भी किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने माता के सभी रूपों के बारे में बताया, साथ ही नवरात्रों की नौवों दिन की विशेषता पर चर्चा किया गया।

विद्यालय के निदेशक सह रिविलगंज प्रखंड प्रमुख डॉ० राहुल राज ने देवी दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते हुए विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को नवरात्रि एवं दशहरा की शुभकामनाएं दी तथा उन्हें मां के कल्याणकारी स्वरूप को आत्मसात करने तथा उनके अनमोल जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस तरह के विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, ताकि बच्चों के अंदर छिपी हुई प्रतिभा में निखार आ सके। इस प्रकार के आयोजन से बच्चों का मनोबल बढ़ता है तथा उनमें और बेहतर करने की क्षमता भी बढ़ती है।

मौके पर विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षक, शिक्षिका तथा अनेकों विद्यार्थीगण मौजूद रहे। सभी लोगों में कार्यक्रम को लेकर अत्यधिक उत्साह का माहौल नजर आया।

Chhapra: दुर्गा पूजा पंडाल में सफाई हेतु पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों मे दो सफाई वाहन को हरी झंडी दिखाकर महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता एवं उप महापौर रागिनी कुमारी एवं उप नगर आयुक्त ने रवाना किया।

शहर के जितने भी पंडाल के कचड़ा निकलेगा उसका सफाई हेतु चलन्त वाहन जो सभी रुटो पर चलेगा। इसकी घोषणा पूजा समिति के साथ पूर्व में हुई बैठक में महापौर के द्वारा की गई थी। जिसकी शुरुआत आज से कर दी गई है। 

साफ सफाई की जिम्मेदारी सफाई एजेंसी को दी गई है। जिसके लिए स्पेशल टीम के माध्यम से दोनों पहर सफाई कराई जाएगी। जिसके लिए निगम प्रशासन हमेशा अलर्ट मोड में रहेगी। 24 घंटे हेल्प लाइन खुली रहेगी। 

कार्यक्रम में सशक्त स्थायी समिति के प्रतिनिधि, पार्षद प्रतिनिधि एवं नगर निगम के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपलब्ध थे। 

अपने ही घर में ही लाइसेंसी असलाह से अचानक चली गोली से घायल बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल से बाहर आते ही गोविंदा का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में गोविंदा व्हीलचेयर पर बैठे नजर आ रहे हैं। अस्पताल के बाहर गोविंदा का यह वीडियो पैपराजी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। अस्पताल से बाहर आने के बाद गोविंदा ने मीडिया से बातचीत की। गोविंदा ने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, “हमारे लिए प्रार्थना करने वालों को धन्यवाद।”

बताया गया है कि गोविंदा के पैर में 8-10 टांके लगे हैं। इसलिए, भले ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, लेकिन उन्हें कम से कम अगले 3-4 महीने आराम करना होगा। डॉक्टर अग्रवाल ने बताया है कि वह कुछ महीनों तक अपने पैर पर ज्यादा वजन नहीं डाल पाएंगे। इस मामले में पुलिस ने गोविंदा से भी पूछताछ भी की है। यह बात भी सामने आई है कि पुलिस उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है। पुलिस को आशंका है कि गोविंदा ने ही रिवॉल्वर का ट्रिगर दबाया है। कई अन्य सवालों का जवाब पुलिस को नहीं मिला है। जिस तरह से घटना हुई उस पर पुलिस को यकीन नहीं हो रहा है, इसलिए अब छुट्टी मिलने के बाद पुलिस गोविंदा से दोबारा पूछताछ करने वाली है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार 1 अक्टूबर को अपने लाइसेंसी असलाह से अचानक गोली चलने से गोविन्दा घायल हो गए थे। गोली उनके पैर में लगी थी। घायल गोविंदा को मुंबई के अंधेरी में क्रिटीकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने सर्जरी कर एक्टर के पैर से गोली निकाल दी है। इसके बाद गोविंदा को कुछ दिनों तक इलाज के लिए अस्पताल में रखा गया था। आखिरकार चार दिन बाद आज गोविंदा को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

पटना/गया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के पटना शाखा में कार्यरत पुलिस उपाधीक्षक अजय प्रताप सिंह एवं दो मध्यस्थ व्यक्तियों को 20 लाख रुपये रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने बताया है कि इस मामले में जनता दल यूनाइटेड के पूर्व विधान परिषद सदस्य के बेटे रॉकी से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई है। इस केस के आईओ अजय प्रताप सिंह थे। यह मामला तब प्रकाश में आया जब सीबीआई को इस संदर्भ में सूचना मिली और उन्होंने तुरंत जांच शुरू की। सीबीआई ने पटना में इस मामले की जांच करते हुए डीएसपी को रंगे हाथों पकड़ा। इसके साथ दो अन्य एजेंटों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इस भ्रष्टाचार में शामिल थे। एनआईए और सीबीआई ने जाल बिछाया, जिसमें अजय प्रताप फंस गए और उन्हें रिश्वत लेते धर दबोचा गया।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही जदयू की पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव की कंपनी और ठिकानों पर एनआईए ने छापेमारी की थी। इस दौरान डेढ़ करोड़ से ज्यादा की रकम बरामद हुई थी। इस केस के आईओ डीएसपी अजय प्रताप सिंह थे। इसी मामले मे वे अपने एजेंटों के माध्यम से रिश्वत लेने की कोशिश कर रहे थे। उनके द्वारा लगातार रिश्वत का दबाव बनाए जाने के बाद रॉकी ने सीबीआइ से शिकायत की। इसके बाद सीबीआई ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

सीबीआइ के अनुसार रॉकी यादव ने लिखित शिकायत में कहा था कि बीते 19 सितम्बर को उसके ठिकानों पर एनआईए ने छापेमारी की थी। इस छापे के बाद एनआईए डीएसपी की एक नोटिस उन्हें मिली, जिसमें 26 सितम्बर को एनआईए कार्यालय में मिलने के लिए बुलाया गया था। वह 26 सितम्बर को आइओ के समक्ष उपस्थित हुआ। उसने आरोप लगाया कि यहां पूछताछ के दौरान उसे तथा उसके परिवार के लोगों को अलग-अलग तरह के झूठे मुकदमों में फंसा देने की धमकी दी गई और ढाई करोड़ की रिश्वत की मांग की गई। परिवार को बचाने के लिए वह रिश्वत देने को तैयार हो गया। इसके बाद उसे एक अक्टूबर को बुलाया गया और 70 लाख की मांग की गई, जिसे उसी दिन पटना में देने कहा गया।

रॉकी ने शिकायत में कहा कि उसने इसके लिए समय की मांग की और तीन अक्टूबर को गया में रिश्वत देने की बात तय हुई। राकी की शिकायत की जानकारी एनआईए को भी दी गई। इसके बाद सीबीआई ने गया, पटना और वाराणसी में छापेमारी की। इस दौरान कई दस्तावेज, गैजेट्स तथा घूस की 20 लाख की रकम बरामद की गई।

Chhapra: छपरा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था के उद्देश्य से ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के रूट निर्धारण हेतु प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्रमंडलीय आयुक्त गोपाल मीणा की अध्यक्षता में बैठक आहुत की गई।

जिलाधिकारी अमन समीर ने बताया कि शहर में ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के परिचालन के लिये अलग अलग रुट चिन्हित किया गया है। साथ ही ऑटो पड़ाव के लिए संभावित स्थल के रूप में गांधी चौक, दरोगा राय चौक, सरकारी बस स्टैंड, मेथवलिया चौक एवं नवाजी टोला को चिन्हित किया गया है।

आयुक्त ने सभी चिन्हित रुट पर ट्रैफिक लोड का सर्वे, आकलन कर आवश्यक्तानुसार ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के परिचालन की अनुमति देने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर विभिन्न रुट में ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के परिचालन की अनुमति दी जा सकती है।

इसके उपरांत आम लोगों एवं अन्य स्टेक होल्डर्स से फीडबैक, सुझाव प्राप्त कर इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है। कुछ प्रतिशत ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा को रिज़र्व में किसी भी रुट में जाने की छूट का प्रावधान भी किया जाना चाहिये।

सभी ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा का नियमानुसार निबंधन अनिवार्य है, इसे सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके लिये दुर्गा पूजा के बाद अभियान चला कर कार्रवाई का निदेश दिया गया।

परमिट की शर्तों, रुट का उल्लंघन करने तथा बगैर परमिट के परिचालन करने वाले बसों के विरूद्ध भी लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।

बैठक में उपविकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी कमर आलम, पुलिस उपाधीक्षक यातायात बसंती टुड्डू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Chhapra: छपरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर सारण पुलिस कार्य कर रही है। यातायात बाधित होने की गंभीर समस्या का मुख्य कारण स्थानीय दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सड़क, नाला, फुटपाथ पर सामग्री रख बिक्री करना, अस्थायी ठेला लगाना एवं फुटकर बिक्रेता द्वारा प्रत्येक दिन नियमित रूप से सड़क का अतिक्रमण कर यातायात की गंभीर समस्या उत्पन्न कि जाती है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक यातायात, सारण द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, छपरा से समन्वय स्थापित कर पुलिस एक्ट- 34 का क्रियान्वयन किया गया है। इसके तहत छपरा शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर स्थानीय दुकानदारों एवं अस्थायी ठेला लगाने वाले फुटकर बिक्रेताओं को पुलिस एक्ट- 34 के तहत नोटिस तामिला कराया गया है।

दशहरा त्योहार को लेकर बाइक पर ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, लहेरियाकट से वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है। इस क्रम में यातायात नियम के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों के विरूद्ध दिनांक- 29.09.24 से दिनांक- 03.10.24 तक अभियान चलाकर बिना हेलमेट के गाडी चलाने वाले 130 वाहनों से 1,30,000/- रू०, ट्रिपल लोड चाला रहे 40 दोपहिया वाहन से 40,000/- रू०, बिना सीट बेल्ट के 30 वाहनों से 30,000/- रू०, नो पार्किंग में लगे 16 वाहनों से 8,000/- रू०, गलत दिशा में वाहन परिचालन करने एवं अन्य यातायात नियम के उल्लंघन करने के आरोप में 15 वाहनों के विरूद्ध 1,67,000/ रू० इस प्रकार 231 वाहनों से कुल 3,75,000/- रू0 का ई-चलान काटा गया है। नो पार्किंग में खडे किये गये वाहनों का उठाव कर उनके विरूद्ध भी ई-चलान की कार्रवाई की गयी है। पुलिस एक्ट-34 के तहत यह कार्रवाई नियमित जारी है।

 

बेरूत/तेहरान, 04 अक्टूबर (हि.स.)। गाजा में आतंकी संगठन हमास का साथ दे रहा ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह को इजराइल ने खून के आंसू बहाने के लिए मजबूर कर दिया है। हिजबुल्लाह सरगना नसरल्लाह के मारे जाने के बाद अब उसके बाकी गुर्गे एक-एक कर ढेर हो रहे हैं। इजराइल की एयर स्ट्राइक में अब महमूद युसेफ अनीसी मारा गया है। वह लेबनान में हिजबुल्लाह की सटीक-निर्देशित मिसाइल निर्माण शृंखला का प्रमुख आतंकवादी था।

इजराइल सुरक्षा बलों (आईडीएफ) के एक्स हैंडल में यह जानकारी दी गई है। आईडीएफ के अनुसार, अनीसी 15 साल पहले हिजबुल्लाह में शामिल हुआ था। उसे घातक हथियारों के निर्माण में महारत हासिल थी। आईडीएफ ने कहा है कि हिजबुल्लाह के खात्मे का अभियान जारी रहेगा।

इस बीच द टाइम्स ऑफ इजराइल ने न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट की रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि इजराइल के लड़ाकू विमानों ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में बम गिराकर हिजबुल्लाह के हशेम सफीदीन के भूमिगत बंकर को निशाना बनाया। इस बंकर में सफीदीन के साथ वरिष्ठ हिजबुल्लाह नेता भी थे।

आईडीएफ का कहना है कि वेस्ट बैंक में फाइटर जेट के दुर्लभ हमले में हमास के कई गुर्गे भी मारे गए। फाइटर जेट ने गुरुवार देररात तुलकेरेम में हमला किया। फिलिस्तीनी प्राधिकरण के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। आईडीएफ और शिन बेट ने संयुक्त बयान में कहा है कि तुलकेरेम में हमास के शीर्ष कमांडर जही यासर अब्द अल-रज़ेक औफी और कई अन्य गुर्गों को निशाना बनाया गया।

खामेनेई की तकरीर पर नजर

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई आज (शुक्रवार) की नमाज का नेतृत्व करेंगे। इस मौके पर वह अपनी तकरीर में इजराइल पर चर्चा कर सकते हैं। उनकी आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, सर्वोच्च नेता मध्य तेहरान में इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला मस्जिद में प्रार्थना में मुसलमानों का नेतृत्व करेंगे।

नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना विशेष महत्व रखती है। माता ब्रह्मचारिणी ज्ञान, शांति और संयम की देवी हैं। इनकी उपासना से मन शांत होता है और इच्छाएं पूरी होती हैं।

मां ब्रह्मचारिणी कौन हैं?
मां ब्रह्मचारिणी माता दुर्गा के दस महाविद्याओं में से एक हैं। वे ब्रह्मचर्य का पालन करने वाली हैं और इसलिए इन्हें ब्रह्मचारिणी कहा जाता है। माता ब्रह्मचारिणी का स्वरूप बहुत ही शांत और निश्चल होता है। वे ज्ञान और तपस्या की देवी हैं।

माता ब्रह्मचारिणी के मंत्र
माता ब्रह्मचारिणी को प्रसन्न करने के लिए कई मंत्र हैं। इनमें से कुछ प्रमुख मंत्र हैं:

या देवी सर्वभूतेषु मां ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः। इस मंत्र का जप करने से मन शांत होता है और मानसिक संतुलन मिलता है।
ॐ ऐं ह्रीं क्लीं ब्रह्मचारिण्यै नमः। इस मंत्र का जप करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। ह्रीं श्री अम्बिकायै नमः। इस मंत्र का जप करने से घर में सुख-शांति का वास होता है और इच्छाएं पूरी होती हैं।

माता ब्रह्मचारिणी की पूजा का महत्व

माता ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से कई लाभ होते हैं, जैसे माता ब्रह्मचारिणी ज्ञान की देवी हैं। इनकी पूजा करने से ज्ञान में वृद्धि होती है और विद्यार्थियों के लिए यह विशेष रूप से लाभदायक है। माता ब्रह्मचारिणी शांति और संयम की देवी हैं। इनकी पूजा करने से मन शांत होता है और संयम में वृद्धि होती है। माता ब्रह्मचारिणी की कृपा से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। माता की पूजा करने से कुंडलिनी शक्ति जागृत होती है।

पूजा विधि

स्नान: स्नान करके साफ कपड़े पहनें।
पूजा स्थल: पूजा स्थल को साफ करें और माता का चित्र या मूर्ति स्थापित करें।
दीपक: दीपक जलाएं।
धूप: धूप जलाएं।
अर्ध्य: जल चढ़ाएं।
फूल: फूल चढ़ाएं।
मंत्र जाप: उपरोक्त मंत्रों का जाप करें।
आरती: आरती करें।

भोग
माता ब्रह्मचारिणी को फल, मिठाई और सात्विक भोजन अर्पित किया जाता है।

कौन करें माता ब्रह्मचारिणी की पूजा
विद्यार्थी, तपस्वी, योगी और सभी भक्तजन माता ब्रह्मचारिणी की पूजा कर सकते हैं। माता सभी की मनोकामनाएं पूरी करती हैं

नवरात्रि के दूसरे दिन का रंग
नवरात्रि के दूसरे दिन पीले रंग का विशेष महत्व होता है। इसलिए इस दिन पीले रंग के वस्त्र पहनकर और पीले रंग के फूल चढ़ाकर माता की पूजा करनी चाहिए।

माता ब्रह्मचारिणी की आराधना से जीवन में शांति, ज्ञान और समृद्धि आती है। नवरात्रि के दूसरे दिन इनकी पूजा करके हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।

ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ
8080426594/9545290847