Bhagalpur, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के‌ सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के कसमाबाद में एक मजदूर द्वारा गांव के दबंगों को एक लाख रुपए की रंगदारी नहीं देने पर गरीब मजदूर के जमीन पर अवैध कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है।

दबंगों ने मांगी एक लाख रुपए की रंगदारी

इस मामले में ग़रीब मजदूर बबलु मंडल ने बताया कि दो साल पूर्व गांव के दबंग श्याम मंडल, खीरो मंडल, संजीव मंडल सभी साकिन कसमाबाद ने एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर हमारे गांव कसमाबाद में तीन कट्टा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।

इस मामले को लेकर सुल्तानगंज थाना एवं वरिय पुलिस अधीक्षक भागलपुर लिखित आवेदन देकर पर कोई भी कार्यवाही नहीं होने पर अब वह सभी दबंग तीन लाख रुपए की रंगदारी मांग रहे हैं। नहीं देने पर जान मारने की धमकी दिया है।

पुलिस मामले को देखते हुए घटना की छानबीन में जुट गई है

ग्रामीण राज कुमार ने भी बताया कि यह जमीन बबलू मंडल का ही है। लेकिन गांव के दबंग श्याम मंडल एवं इनके सहयोगी के द्वारा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। जमीन पर कब्जा करने का सीसीटीवी फ़ुटेज भी उपलब्ध है।‌ उधर पुलिस मामले को देखते हुए घटना की छानबीन में जुट गई है।

New Delhi, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी यास्तिका भाटिया ने अपने घुटने की चोट को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने बताया है कि उनके घुटने की सर्जरी सफलतापूर्वक हो गई है। अब उनका ध्यान जल्द ठीक होकर मैदान पर वापसी पर है।

महिला विश्व कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से 

यास्तिका को इस महीने की शुरुआत में बाएं घुटने में चोट लगने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय सीरीज के साथ-साथ आईसीसी महिला विश्व कप 2025 से भी बाहर कर दिया गया था। आईसीसी महिला विश्व कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले से होगी।

यास्तिका ने रविवार को सोशल मीडिया  पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा

यास्तिका ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “पिछले कुछ दिनों में घुटने की चोट के बाद मुझे कुछ कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। मैं अभी भी इन सब से उबर रही हूं, लेकिन मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सर्जरी अच्छी तरह से हुई। मैं अपने डॉक्टरों और उन सभी लोगों की शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझे इतना प्यार और समर्थन दिया। मेरा ध्यान अब ठीक होने, मज़बूत बने रहने और जल्द से जल्द मैदान पर वापसी पर है। इस खेल के प्रति मेरा प्रेम और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज 1-2 से हार गई। अब टीम का ध्यान 30 सितंबर से शुरू होने वाले विश्व कप पर होगा।

Purvi Champaran,21 सितंबर(हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे जिले के महुआवा थाना क्षेत्र के पचपोखरिया गांव में शनिवार की देर रात नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है।

एसएसबी के डाॅग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची

घटना की सूचना पर मौके पर रक्सौल डीएसपी के नेतृत्व पहुंची पुलिस की टीम जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार डकैतो ने शिक्षक जयप्रकाश राम और उनके भाई विकास मित्र विनोद राम के घरों को निशाना बनाते हुए नकद व आभूषण लूट ले गये है।

स्थानीय लोगो के अनुसार घटना के कुछ ही दूरी पर ही एसएसबी 71वीं वाहिनी का महुआवा पोस्ट स्थित है। घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल तकनीकी विशेषज्ञ और एफएसएल की टीम को मौके पर भेजा है।जो घटना की तकनीकी जांच में जुटे है। इसके साथ ही एसएसबी के डाॅग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची है।

पांच सौ ग्राम सोना का आभूषण बदमाशों ने लूटा

एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है,कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर ली जायेगी।ऐसी आशंका जतायी जा रही है,यह घटना नेपाली बदमाशो ने अंजाम दी है।घटना को लेकर पीड़ित शिक्षक जयप्रकाश राम व विकास मित्र विनोद राम ने पुलिस को बताया है कि शनिवार की रात करीब 20 की संख्या में नकाबपोश बदमाश हाथो में हथियार लेकर घर में घुस आये और परिवार के सदस्यो के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे।इनलोगो ने महिलाओ को भी नही बख्शा। मारपीट में शिक्षक जयप्रकाश राम की पत्नी संगीता देवी, मां दुखिया देवी, चाचा रामचंद्र राम और पड़ोसी शत्रुघ्न राम समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।सभी घायल इलाजरत है।पीड़ित ने बताया कि घर से करीब दो लाख नकदी और चार किलो चांदी व पांच सौ ग्राम सोना का आभूषण बदमाशों ने लूटा है।

Patna: पटना हाईकोर्ट के स्थायी मुख्य न्यायाधीश के रूप में रविवार को जस्टिस पवनकुमार भीमप्पा बाजंथरी ने पदभार ग्रहण किया। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद थे।

न्याय मंत्रालय ने शनिवार को उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की थी

बता दें कि केंद्र सरकार के कानून और न्याय मंत्रालय ने शनिवार को उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की थी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कोलिजियम, जिसकी अध्यक्षता मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई कर रहे हैं, ने गुरुवार को बाजंथरी के नाम की सिफारिश की थी। वे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे थे और अब स्थायी रूप से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जस्टिस पवनकुमार भीमप्पा बाजंथरी का जन्म 23 अक्टूबर 1963 को हुआ था। उन्होंने शुरुआती शिक्षा विद्या वर्धक संघ और के.एल.ई. सोसाइटी से प्राप्त की। इसके बाद बेंगलुरु के एस.जे.आर.सी. लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की।

New Delhi, 21 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर कहा कि भारत की विविधता और संवाद की परंपरा आज की अशांत दुनिया के लिए उम्मीद की किरण है। यह दिवस हर साल संयुक्त राष्ट्र द्वारा मनाया जाता है।

शांति आत्मा से आती है: खरगे

खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महात्मा गांधी की अहिंसा की सीख नफरत और हिंसा को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से युद्ध और असमानता के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस अवसर पर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को भी याद किया। उन्होंने नेहरू का कथन याद करते हुए कहा कि शांति मन की वह स्थिति है जो आत्मा से आती है। खरगे ने कहा कि यह विचार इस साल के शांति दिवस के थीम शांतिपूर्ण विश्व के लिए कदम उठाओ से मेल खाता है, जो सबको एक करने का संदेश देता है।

Purvi Champaran, 21 सितंबर(हि.स.)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन इलाके से पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। पकड़े गए विदेशी नागरिकों से पूछताछ की जा रही है।

चार सूडानी और एक बोल्विया का नागरिक

सुरक्षा बलों की पकड़ में आए विदेशी नागरिक नेपाल के रास्ते बिहार पहुंचे थे। सभी अंधेरे में एक यात्री बस में सवार थे। गिरफ्त में लिए गए विदेशियों में चार सूडानी और एक बोल्विया का नागरिक है। इनके पास से उर्दू में लिखे नोट्स, कुछ पुस्तकें और दस्तावेज बरामद हुए हैं।

 सभी विदेशी नागरिक हिरासत में 

सुरक्षा बलों के अनुसार, शनिवार की देर रात एसएसबी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध विदेशी पटना जाने की फिराक में हैं और सीमा पर स्थित अगरवा गांव से निकले हैं। एसएसबी के अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद एसएसबी और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने घोड़ासहन बस स्टैंड पहुंचकर तलाशी शुरू की और एक निजी बस में सवार सभी विदेशी नागरिक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच कर रही है

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा एजेंसी की टीम सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए लोगों की उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच है। पुलिस उनके पास से मिले कागजातों की जांच कर रही है।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पकड़े गए लोगों की पहचान सूडान निवासी अब्दुल फितह (44), रमा सिद्दीकी (38), अली अब्दुल गफ्फार (27), अहमद डफआला (37) तथा बोलिविया निवासी मिगुएल सोलानो चावेज के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में सूडानी नागरिकों ने पढ़ाई करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, सभी नेपाल के रास्ते बिहार आने की बात को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके हैं। इनसे आईबी के अधिकारी ने भी पूछताछ की है।

वाराणसी, 21 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी)में शारदीय नवरात्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पितृ पक्ष की समाप्ति के साथ ही देवी उपासना का महापर्व सोमवार से आरंभ हो रहा है। देवी मंदिरों में रंग-रोगन, साफ-सफाई और सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग का कार्य पूर्ण हो गया है। बाजारों में रविवार को पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे नवरात्र की आहट स्पष्ट महसूस की जा रही है। इस बार शारदीय नवरात्र पूरे दस दिनों तक मनाया जाएगा।

ज्योतिषाचार्य पंडित रविंद्र तिवारी के अनुसार, पंचांग की गणना के आधार पर इस बार कोई भी तिथि क्षय नहीं हो रही है, इसलिए पर्व की अवधि दस दिन की होगी। इस बार नवरात्र के दिनों में अंतर का मुख्य कारण हिंदू पंचांग पर आधारित है। पंचांग में तिथि की गणना सूर्योदय और सूर्यास्त के आधार पर की जाती है। कभी-कभी एक ही दिन में दो तिथियां पड़ जाती हैं या कोई तिथि पूरे दिन नहीं रहती।

खास बात यह है कि इस बार नवरात्र की शुरुआत सोमवार को हो रही है, जिससे देवी का आगमन गज (हाथी) पर हो रहा है। देवी पुराण के अनुसार, “शशि सूर्य गजरूढ़ा शनिभौमै तुरंगमे” — यानी यदि नवरात्र रविवार या सोमवार को शुरू हो तो देवी गजराज पर सवार होकर पधारती हैं। यह योग देश और समाज के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि गज पर आगमन से वर्षा समुचित होती है, कृषि समृद्ध होती है और समाज में स्थिरता आती है।

काशी में मां शैलपुत्री का दरबार सजेगा पहले दिन

नवरात्र के पहले दिन देवी के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा का विधान है। वाराणसी के अलईपुर स्थित वरुणा नदी के तट पर स्थित मां शैलपुत्री मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटेगी। यहां मान्यता है कि केवल दर्शन मात्र से जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं। मां शैलपुत्री वृषभ (बैल) पर सवार होती हैं, उनके दाहिने हाथ में त्रिशूल और बाएं हाथ में कमल का पुष्प रहता है। वे अध्यात्मिक ऊर्जा और साधना के आरंभ की प्रतीक मानी जाती हैं। मंदिर की एक विशेष बात यह है कि यह देश का एकमात्र ऐसा देवी मंदिर है, जहां शिवलिंग के ऊपर देवी मां विराजमान हैं। मंदिर का रंग गहरा लाल है, जो देवी का प्रिय रंग माना जाता है।

काशी में क्यों विराजती हैं मां शैलपुत्री?

लोक मान्यता के अनुसार, एक बार माता पार्वती महादेव से नाराज होकर कैलाश छोड़कर काशी आ गई थीं और वरुणा नदी के तट पर तपस्या करने लगीं। भोलेनाथ उन्हें मनाने आए, लेकिन मां को काशी इतनी प्रिय लगी कि उन्होंने कैलाश वापस जाने से इनकार कर दिया। तब महादेव अकेले ही लौट गए और माता यहीं स्थायी रूप से विराजमान हो गईं।

नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। पितृ अमावस्या आज रविवार को है, इसके साथ ही पितृ पक्ष का आज अंतिम दिन है। अश्विन मास की अमावस्या को पितृ पक्ष का अंतिम दिन होता है। इस दिन अंतिम श्राद्ध और तर्पण के बाद पितृ विदा होते हैं।

सनातन धर्म में पितृ पक्ष का विशेष महत्व है। इन 15 दिनों में पितरों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान किया जाता है। मान्यता है कि पितृ पक्ष के दौरान हमारे पूर्वज धरती पर आते हैं और दुखों को दूर कर लौट जाते हैं।

पितृ पक्ष की शुरुआत भाद्रपद पूर्णिमा से होती है और आश्विन अमावस्या के दिन इसका समापन होता है। इस बार 7 सितंबर से शुरू हुआ पितृ पक्ष आज 21 सितंबर को समाप्त हो रहा है। इस दिन महालया अमावस्या है जो पितृ पक्ष का आखिरी दिन होता है। अमावस्या श्राद्ध को सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या भी कहते हैं। इस दिन श्राद्ध करने से पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होती है।

Navratri 2025: शारदीय नवरात्र का सोमवार से शुभारंभ हो रहा है। मां दुर्गा की आराधना के इन नौ दिनों को लेकर शहर से लेकर गांव तक श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के श्यामचौक, नगरपालिका चौक, तेलपा टेंपू स्टैन्ड और पंकज सिनेमा के पास समेत कई स्थानों पर पूजा पंडालों का निर्माण जारी है और पूजा की भव्य तैयारियां की जा रही है।

नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री, वस्त्र और सजावटी सामान की खरीदारी जोरों पर है। भक्तिमय वातावरण के बीच पूरा शहर नवरात्रि के उत्साह में सराबोर नजर आ रहा है।

नवरात्रि कलश स्थापना के शुभ मुहूर्त

22 सितंबर को शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। इस दिन मां दुर्गा के आह्वान के लिए कलश स्थापना की जाएगी।
शास्त्रों के अनुसार, कलश स्थापना का प्रमुख शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 10 मिनट से 8 बजकर 6 मिनट तक रहेगा। यह अवधि लगभग 1 घंटा 56 मिनट की है और इसे सर्वश्रेष्ठ माना गया है।

इसके अलावा, कलश स्थापना का दूसरा शुभ समय अभिजीत मुहूर्त में रहेगा, जो सुबह 11 बजकर 50 मिनट से दोपहर 12 बजकर 39 मिनट तक होगा।

धार्मिक मान्यता है कि इन पावन क्षणों में कलश स्थापना करने से पूरे नवरात्रि पर्व में शुभ फल की प्राप्ति होती है।

नवरात्रि का पर्व देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की साधना और आराधना की जाती है, जिनका प्रत्येक दिन विशेष महत्व रखता है। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि का प्रारंभ 22 सितंबर, सोमवार से हो रहा है। खास बात यह है कि इस बार चतुर्थी तिथि दो दिन पड़ने के कारण यह पर्व नौ नहीं, बल्कि पूरे दस दिनों तक चलेगा।

इस बार देवी मां गजवाहन (हाथी) पर विराजमान होकर अपने भक्तों के बीच पधारेंगी। हाथी की सवारी को सुख, समृद्धि और शुभता का द्योतक माना गया है। वहीं, विदाई के समय मां दुर्गा नरवाहन अर्थात भक्तों के कंधों पर सवार होकर प्रस्थान करेंगी, जो एक विशेष संदेश समेटे हुए है।

Patna, 15 जुलाई (हि.स.)। बिहार में मानसून की सक्रियता के साथ गंगा नदी का जलस्तर भी अब तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पटना, बक्सर और भागलपुर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। आज केंद्रीय जल आयोग और मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी पटना के दीघा घाट पर खतरे के निशान (50.45 मीटर) से 2.36 मीटर नीचे (48.09 मीटर) और गांधी घाट पर खतरे के निशान (50.52 मीटर) से 1.51 मीटर नीचे (47.09 मीटर) बह रही है। बक्सर में गंगा चेतावनी स्तर (59.32 मीटर) से 2.87 मीटर नीचे (57.43 मीटर) है। भागलपुर में यह खतरे के निशान (33.68 मीटर) से 3.16 मीटर नीचे (30.52 मीटर) दर्ज की गई।

दानापुर, पंडारक और फतुहा में मंगलवार सुबह से ही पानी प्रवेश करने लगा है

पटना के निचले इलाकों में दानापुर, पंडारक और फतुहा में मंगलवार सुबह से ही पानी प्रवेश करने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। दीघा नहर के रास्ते पानी को गंगा में डायवर्ट करने के लिए मोटर पंपों का उपयोग किया जा रहा है। बक्सर में गंगा घाटों की सीढ़ियां डूब चुकी हैं और सहायक नदी कर्मनाशा का जलस्तर भी बढ़ रहा है। भागलपुर में गंगा हर घंटे 1 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रही है। जिससे सुल्तानगंज, नाथनगर और नवगछिया जैसे क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

उत्तर प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश ने भी गंगा के जलस्तर को बढ़ाया है

जल संसाधन विभाग ने गंगा की सहायक नदियों सोन, गंडक और कोसी, में जलस्तर बढ़ने के कारण अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के बाणसागर बांध से 1.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जो सोन नदी के जरिए गंगा में पहुंच रहा है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश ने भी गंगा के जलस्तर को बढ़ाया है। विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।

गया-जहानाबाद और जमुई में अति भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण बिहार के गया, नवादा और जमुई में आज आति भारी बारिश का अलर्ट है। जबकि पटना, बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी है। पिछले 48 घंटों में वज्रपात से 8 से अधिक मौतें हुई हैं, जिसके चलते लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी गई है। बिहार सरकार ने जिला प्रशासनों को अलर्ट रहने और राहत सामग्री, नाव और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Patna,05 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में लगातार हो रहे अपराधों को लेकर शनिवार को अपने आवास पर पुलिस महानिदेशक और अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ विधि व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। एक तरफ प्रदेश में विधापसभा चुनाव कर सरगर्मियां तेज हो गई हैं वहीं बढ़ते अपराधों को लेकरराजनीतिक दल नीतीश कुमार पर हमलावर हैं और उनसे कानून व्यवस्था के बाबत सवाल खड़े कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपति गोपाल खेमका की हुई हत्या के संबंध में पुलिस महानिदेशक से विस्तृत जानकारी ली

मुख्यमंत्री नीतीश ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतें। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों और पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक में मुख्यमंत्री को पुलिस महानिदेशक ने अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उद्योगपति गोपाल खेमका की हुई हत्या के संबंध में पुलिस महानिदेशक से विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराध के कारणों की पूरी तहकीकात कर दोषी की पहचान करें और बिना किसी भेदभाव के उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। यदि आपराधिक घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश है तो उसकी भी जांच की जाय और जांचोपरांत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाय।

अपराध करनेवाले कोई भी हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाय: मुख्यमंत्री नीतीश

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधि व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध करनेवाले कोई भी हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाय। उन्होंने कहा कि घटित आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान कार्यों में तेजी लाये और इसे ससमय पूर्ण करें ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई हो सके। कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिये पुलिस और प्रशासन पूरी मुश्तैदी से कार्य करें।

उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को सीवान में तीन लोगों की तलवार और फरसा से काटकर हत्या कर दी गई, जबकि पटना के प्रसिद्ध व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

05 जुलाई(हि.स.)। एसएसबी 56वीं बटालियन की फुलकाहा कंपनी ने बीती देर रात भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के मानिकपुर ब्राउन सुगर और भारतीय एवं नेपाली करेंसी के साथ तस्कर पिता पुत्र को गिरफ्तार किया। एसएसबी ने इसके पास से 136.38 ग्राम ब्राउन सुगर,80 हजार 570 रूपये भारतीय करेंसी,64 हजार 25 रूपये नेपाली करेंसी,तीन एंड्रॉयड फोन और सीसीटीवी के एक हार्ड डिस्क के साथ गिरफ्तार किया।

अररिया के रहने वाले पिता-पुत्र को एसएसबी गिरफ्तार किया

मामले में एसएसबी ने अररिया के मानिकपुर वार्ड संख्या दस के रहने वाले पवन कुमार यादव और उसके पुत्र मोनू कुमार को गिरफ्तार किया।एसएसबी ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर इंस्पेक्टर प्रवीण प्रभाकर के नेतृत्व में चौदह सदस्यीय एसएसबी की विशेष टीम के साथ भारतीय सीमा क्षेत्र में बोर्डर से आठ सौ मीटर की दूरी पर की।

एसएसबी ने गिरफ्तार पिता पुत्र से मामले में पूछताछ करने के बाद दोनों गिरफ्तार पिता पुत्र तस्करों के साथ जब्त समानों को फुलकाहा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।जिनसे पुलिस पूछताछ कर एनडीपीएस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है।