Chhapra: गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसएसपी द्वारा राजेंद्र स्टेडियम, छपरा का देर रात्रि औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कवरेज, ड्यूटी में तैनात बल की सतर्कता एवं आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया गया। मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, अनुशासन बनाए रखने तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सारण पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।








