Chhapra: ईद के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिलाधिकारी अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला के द्वारा संयुक्तादेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश में जिलाधिकारी के द्वारा चिन्हित स्थलों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। सभी थानाध्यक्षों को एलर्ट रहने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी के द्वारा जारी संयुक्तादेश में बताया गया है कि रमजान का पवित्र माह दिनांक 24.03 2023 से प्रारंभ है। चांद के दृष्टिगोचर होने के अनुसार 22 या 23 अप्रैल 2023 को ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाये जाने की संभावना है। ईद की नमाज सार्वजनिक स्थलों पर पढ़े जाने की परम्परा रही है। इन स्थानों पर नमाजियों की काफी भीड़ होती है जहां शान्ति व्यवस्था बनाए रखने शान्तिपूर्ण नमाज संपन्न कराने हेतु पर्याप्त सतर्कता बरतने की आवश्यक है।
विभिन्न समुदायों के असमाजिक तत्वों के साथ-साथ साम्प्रदायिक भावना भड़काने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई करने हेतु दण्डाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके अलावे भीड़-भाड़ एवं ईद के अवसर पर लगने वाले मेला क्षेत्र पर भी जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को निदेश दिया गया है कि दे अपने क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर क्षेत्र संवेदनशील और अत्यंत संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित इन स्थलों पर विशेष निगरानी हेतु अपने स्तर से दण्डाधिकारी पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला स्तर से थानावार वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है जो अनुमण्डल स्तर से प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विधि व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेंगे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को आवश्यकतानुसार अपने-अपने क्षेत्रों में दण्डाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारित करेंगे। जिला स्तर पर भी दण्डाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी को आदेश दिया जाता है कि अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर ईद उल फित्र के दिन प्रात 5 बजे से उपस्थित रह कर क्षेत्र की विधि व्यवस्था पर सतर्क नजर रखेंगे तथा संवेदनशील स्थानों का नियमित रूप से भ्रमण कर विधि व्यवस्था संधारित करना सुनिश्चित करेंगे। वे पूरी निष्पक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करेंगे और यदि कार्य में कोई शिथिलता पाई जायेगी तो कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी।
ईद के दिन सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत और थानाध्यक्ष क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रह कर विधि व्यवस्था की स्थिति पर सतर्क नजर रखेंगे तथा किसी भी छोटी से छोटी घटना की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को देना सुनिश्चित करेंगे संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी और अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्र की विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे और जिला नियंत्रण कक्ष के निरंतर संपर्क में रहेंगे।
जारी आदेश में बताया गया है कि नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, सारण जिला और प्रखंड विकास पदाधिकारी अंचल अधिकारी अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियन्ता, विद्युत आपूर्ति प्रमण्डल, पूर्वी और पश्चिमी को विद्युत आपूर्ति से संबंधित ढीला तारों और खम्भों की जांच करवाने हेतु निदेशित किया गया है। असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सारण को सदर अस्पताल सहित जिला के सभी चिकित्सालयों को एलर्ट की स्थिति रहने हेतु निर्देशित किया गया है।
इस अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 है। जिला नियंत्रण कक्ष और जिला की विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार मे डा० गगन अपर समाहर्ता, सारण 9473191268 एवं सौरभ जायसवाल, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, सारण- 8544428112 रहेंगे। ये मढ़ौरा एवं सोनपुर अनुमंडल के संपर्क में भी लगातार बने रहेंगे।