Breaking News

श्री मोती सिंह जागेश्वरी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 200 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

CT DESK
3 Min Read

Chhapra: श्री मोती सिंह जागेश्वरी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने फीता काटकर किया।

200 से अधिक जरूरतमंद लोगों का हुआ निःशुल्क जांच

शिविर में 200 से अधिक जरूरतमंद लोगों ने अपने स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच कराई तथा आयुर्वेदिक दवाओं का भी मुफ्त वितरण किया गया।

उद्घाटन के अवसर पर महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जिसका लाभ आज भी समाज को मिल रहा है। उन्होंने महाविद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और आम नागरिकों को सस्ती एवं प्रभावी चिकित्सा उपलब्ध कराने में सहायक हैं।

महाविद्यालय के सचिव रामाकांत सिंह सोलंकी ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति सस्ती, सुलभ और प्रभावी है। हमारा उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों तक आयुर्वेदिक परामर्श पहुंचे और समाज निरोग बने।

आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निःशुल्क शिविर

सह-सचिव कीर्ति सोलंकी ने बताया कि आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह निःशुल्क शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रत्येक माह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, जिससे जरूरतमंद लोग लाभान्वित हो सकेंगे। साथ ही महाविद्यालय के ओपीडी में प्रतिदिन मात्र 10 रुपये का शुल्क देकर कोई भी व्यक्ति चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकता है।

आयुर्वेद हमारी प्राचीन और प्रभावशाली चिकित्सा पद्धति

सह-सचिव रणंजय सोलंकी ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन और प्रभावशाली चिकित्सा पद्धति है, जो जड़ से रोग को समाप्त करने पर बल देती है। इस शिविर के माध्यम से लोगों में प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इसका अधिक लाभ मिला, जिन्हें अक्सर विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंच नहीं मिल पाती।

चिकित्सकों का रहा योगदान

शिविर में आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल के चिकित्सकों डॉ. धीमान मजूमदार, डॉ. रामवातार माली, डॉ. स्वेता, डॉ. समीक्षा, डॉ. हैदर, डॉ. गरिमा कश्यप, डॉ. फैसल हसन, डॉ. ओसामा कैस, डॉ. शिवजी ठाकुर और डॉ. अभिज्ञान सिंह ने लोगों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता कामेश्वर सिंह, जदयू नेता सत्यनारायण सिंह, डॉ. हरेन्द्र सिंह, अनिल सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में महाविद्यालय के आलोक कुमार, राकेश सिंह, पवन सिंह सहित सभी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article