Chhapra: इनर व्हील क्लब ऑफ सारण के तत्वावधान में छपरा स्थित जन्नत पैलेस में आयोजित आधिकारिक दौरे के दौरान डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रश्मि गुप्ता ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कामख्या मंदिर परिसर में वाटर कूलर प्रोजेक्ट के उद्घाटन के साथ हुई, जिसके माध्यम से आम जनता को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। इसके उपरांत राजेंद्र स्टेडियम के समीप एक सार्वजनिक शेड का उद्घाटन कर उसे भी जनता को समर्पित किया गया।
इसके बाद जन्नत पैलेस में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजू फैशन ने की तथा अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रश्मि गुप्ता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन गायत्री आर्यानी एवं सीजीआर रीना देवी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक सरोकार को आगे बढ़ाते हुए एक दिव्यांग किशोर को व्हीलचेयर, एक जरूरतमंद को ई-रिक्शा, एक महिला को मिक्सी प्रदान की गई। साथ ही छपरा सदर अस्पताल को कूड़ादान एवं ट्रैफिक डिवाइडर भी समर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष तनुजा जायसवाल ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया। सभा को संबोधित करते हुए रश्मि गुप्ता ने इनर व्हील क्लब सारण द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर क्लब द्वारा तीन नए सदस्यों—बिंदिया जायसवाल, अन्नु देवी एवं किरण देवी—को सदस्यता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सचिव रिंकी सिन्हा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अंकिता जायसवाल ने किया। संचालन अनिता राज द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अन्नु जायसवाल, रूपा गुप्ता, शिल्पी गुप्ता, सुषमा गुप्ता, सुनीता राय, रचना कुमारी, रेणु गुप्ता, कामिनी देवी, मंजू गुप्ता सहित रोटरी एवं लायंस क्लब के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















