Chhapra: जयप्रकाश विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई राजेन्द्र कॉलेज, छपरा में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में एक भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के ‘राजेन्द्र उद्यान’ में आयोजित इस शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने अपनी मंगलकामनाएँ प्रेषित करते हुए अपने सन्देश में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति का माध्यम है। उन्होंने योग के वैश्विक महत्व को रेखांकित करते हुए सभी से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बी. एस. साहू ने कहा कि भारतीय ज्ञान, कौशल और परंपरा की दृष्टि से योग का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने तन, मन, समाज, प्रकृति एवं अध्यात्म के बीच संतुलन स्थापित करने में योग की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। महाविद्यालय की शिक्षिका डॉ. नीतू सिंह, कर्मचारी विश्वविजय सिंह एवं छात्रा विभा कुमारी के कुशल निर्देशन (इंस्ट्रक्शन) में योगाभ्यास संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने वज्रासन, मण्डूकासन, पद्मासन, भुजंगासन, धनुरासन के साथ-साथ अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका और ओंकार (ॐ) का सस्वर अभ्यास किया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र रत्नेश राज की ध्वनि के साथ सामूहिक रूप से ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया…’ का पाठ कर विश्व कल्याण की कामना की गई।
इस योग शिविर को सफल बनाने में प्राचार्य प्रो. संजय कुमार, प्रशाखा पदाधिकारी हरिहर मोहन, पूर्व एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनुपम कुमार सिंह, कार्यक्रम पदाधिकारीगण डॉ. तनु गुप्ता, डॉ. ऋचा मिश्रा और डॉ. इकबाल ज़फ़र अंसारी के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और सहयोग उल्लेखनीय रहे ।
मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. अमरेंद्र कुमार, डॉ. नीतू सिंह, प्रयोगशाला इंस्ट्रक्टर डॉ. अरुण कुमार सिंह, कर्मचारी महेन्द्र राम, त्रिभुवन यादव, आकाश कुमार सहित पोस्ट ऑफिस पदाधिकारीगण राजीव कुमार, आर्यन सिंह एवं आशीष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं में शिवम, रॉबिन सिंह, राकेश कुमार, रत्नेश राज, विभा कुमारी, अनुष्का कुमारी, कुशाग्र, संजू, शशि कुमार यादव सहित स्कूली छात्र अनय सिंह आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अंत में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बी. एस. साहू ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, अतिथियों, स्वयंसेवकों, अन्य छात्र छात्राओं सहित समस्त सहभागियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया।



















