Chhapra: जिलाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, छपरा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी, रिविलगंज एवं मांझी के साथ रिविलगंज–बिशुनपुरा बाईपास निर्माण परियोजना के संपूर्ण स्ट्रेच का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि वर्षा काल के दौरान लगभग तीन माह तक घाघरा नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा रहता है। इस परिप्रेक्ष्य में जिलाधिकारी द्वारा परियोजना में पूर्व प्रस्तावित 1200 मीटर एलिवेटेड पथ के अतिरिक्त गौतम ऋषि स्थान के आगे तक कुल 3 किलोमीटर एलिवेटेड पथ के निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार कर विभाग को अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने पूरे अलाइनमेंट से संबंधित खेसरा पंजी को अद्यतन कर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण कर परियोजना का कार्यान्वयन शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा रिविलगंज बाईपास का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा निर्देश दिया गया कि मार्च माह के अंत तक लगभग 90 प्रतिशत पथ निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मांझी–दरौली–गुठनी पथ निर्माण परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस पथ के निर्माण को लेकर बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड द्वारा निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर संवेदक का चयन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को अविलंब भू-अर्जन की कार्रवाई प्रारंभ करने तथा पथ निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया।








