Chhapra: सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ही। बैठक सबसे पहले 22 अगस्त 2025 को आहुत “दिशा” की विगत बैठक में उठाये गये बिंदुओं के अनुपालन को लेकर एक एक कर चर्चा की गई। इसके बाद जिला अंतर्गत जिन परियोजनाओं में भू-अर्जन किया जा रहा है, इसकी समेकित सूची परियोजनावर उपलब्ध सभी सदस्यों को उपलब्ध कराने को कहा गया। इस सूची में परियोजनावर भू-अर्जन के पंचाटियों की संख्या, इनमें से कितने को मुआवजे का भुगतान हुआ है, कितने का मुआवजा भुगतान प्रकियाधीन है तथा शेष के भुगतान के लिये टाइमलाइन सहित जानकारी को समाहित करने को कहा गया।
जिला के सभी सरकारी जमीन पर स्थित वृक्षों की जिओ टैगिंग के संदर्भ में वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अद्यतन 8 सड़कों के किनारे के वृक्षों की जिओ टैगिंग कराई गई है। अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्थित वृक्षों की भी जिओ टैगिंग कराने को कहा गया। वृक्षारोपण एवं पूर्व से लगे वृक्षों की मॉनिटरिंग के लिये तकनीक आधारित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके लिये एक टास्क फोर्स गठित करने का निदेश दिया गया।
● नगर निगम छपरा में अम्रुत 3 के तहत 9951 घरों में नल जल का कनेक्शन दिया जाना है, इसके लिए बुडको द्वारा निविदा निकाली जा चुकी है। इस कार्य को उच्च प्राथमिकता से कराने को कहा गया। इससे पूर्व नगर निगम के सभी वार्ड पार्षद एवं स्थानीय विधायक / पूर्व विधायक आदि के साथ बैठक कर सूची को साझा करने एवं प्राप्त फीडबैक के आधार पर सूची में आवश्यक संशोधन करते हुये सभी घरों में नल जल कनेक्शन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
● जिला में जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में रेलवे के साथ समन्वय की आवश्यकता है, इसकी समेकित सूची दोनों माननीय सांसद को उपलब्ध कराने को कहा गया ताकि उच्चतर स्तर से रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दी जा सके।
● जिला में विभिन्न सड़क / गलियों के किनारे नाली निर्माण/ पेयजल पाइपलाइन / अन्य यूटिलिटी सुविधाओं के लिये किये जा रहे कार्यों में अंतर्विभागीय समन्वय के लिये यूटीलिटी कॉर्डिनेशन ग्रुप बनाकर कार्य कराया जायेगा। जिस भी विभाग द्वारा अपनी योजना के क्रियान्वयन के क्रम में सड़क/गली की खुदाई कराई जायेगी, इसकी पूरी मरम्मती की जिम्मेदारी भी उसी संबंधित विभाग की होगी।
● नगर निकायों के सूखे कचरे के प्रबंधन के लिए क्लस्टर व्यवस्था के तहत जिला में 3-4 उपयुक्त स्थलों पर जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसके लिये नगर निगम छपरा नोडल नगर निकाय के रूप में कार्य करेगी।
● जिला के जिन विद्यालयों की भूमि पर अवैध अतिक्रमण है, जमीन की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाने के लिये प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
● सभी तरह की शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित मामलों पर चर्चा एवं तत्संबंधी निर्णय के लिये सांसद महोदय की अध्यक्षता में अलग से एक बैठक मई के प्रथम सप्ताह में आहूत करने का निर्णय लिया गया। इसमें सरकारी विद्यालयों/महाविद्यालयों/आईटीआई / पॉलिटेक्निक सहित अन्य संस्थानों से संबंधित मामलों पर चर्चा कर उचित निर्णय लिया जायेगा।
● विभिन्न राष्ट्रीय राज मार्गों के ROW में नियम विरुद्ध निर्मित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। जमीन सम्परिवर्त्तन नहीं कराने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।
● पंचायत सरकार भवन के निर्माण के संदर्भ में कुछ पंचायतों में स्थल की उपयुक्तता को लेकर उठाये गए सवाल के संदर्भ में इसकी जाँच कराने का निदेश दिया गया।
● एलपीजी की दैनिक उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। पीएनजी के संदर्भ में बताया गया कि सारण जिला में अद्यतन लगभग 6700 घरों में कनेक्शन लाइव है। मीटर अधिष्ठापित लगभग 4300 घरों में कनेक्शन को लाइव किया जाना शेष है, इस कार्य को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने को कहा गया।अधिक से अधिक घरों में पीएनजी के कनेक्शन सुनिश्चित कराने के लिये सीजीडी आईओसीएल को कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
● अधिप्राप्ति में अधिक से अधिक सीमांत किसानों से अधिप्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
● सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन , जीविका स्वयं सहायता समूह आदि की समीक्षा के क्रम में योजनाओं के बेहतर एवं प्रभावी क्रियान्वयन का निदेश दिया गया।
● विधि व्यवस्था के संदर्भ में वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
● सभी नहरों की अच्छे से उड़ाही कराने के लिये त्वरित कार्रवाई को कहा गया।
● ग्रामीण सड़कों के संदर्भ में गुणवत्ता निर्धारित मानक के अनुरूप सुनिश्चित हो। इसमें किसी भी तरह की अनियमितता पाये जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
● जनप्रतिनिधिगण द्वारा संज्ञान में लाये गए मामलों के संदर्भ में सार्थक एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
●
बैठक में सांसद महराजगंज -सह- सह अध्यक्ष दिशा सारण, विधान पार्षद डॉ० वीरेन्द्र नारायण यादव,विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, विधान पार्षद डॉ० सुनील कुमार सिंह, विधायक जनक सिंह, विधायक मनोरंजन सिंह, विधायक विनय कुमार सिंह, विधायक सुरेंद्र राम, विधायक छोटी कुमारी, विधायक करिश्मा, महापौर छपरा नगर निगम लक्ष्मी नारायण गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्षा जयमित्रा देवी, विभिन्न प्रखंड प्रमुख, नगर निकायों के मुख्य पार्षद , जिलाधिकारी सह सदस्य सचिव दिशा सारण वैभव श्रीवास्तव , वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य (प्रशासन) विनीत कुमार, वन प्रमण्डल पदाधिकारी सोनू कुमार , उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्त्ता, नगर आयुक्त, विभिन्न तकनीकी एवं गैर तकनीकी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी , सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता , सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।

















