Chhapra: गुजरात के बड़ोदरा में पला बढ़ा सारण का शिवम सिंह अपनी मखमली व रूमानी आवाज से इंडियन आइडल में धूम मचा रहा है। गुजरात तथा महाराष्ट्र में अपनी अदायगी से लाखों प्रशंसकों पर अपनी गायकी का छाप छोड़ने वाला गायक शिवम मूल रूप से सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ककढिया गांव निवासी डॉ अश्विनी कुमार सिंह एवम डॉ माधुरी सिंह का पुत्र है। डॉ सिंह बड़ोदरा के महाराजा सियाजी राव विश्वविद्यालय के परफॉर्मिंग आर्ट विभाग में संगीत के प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। अपनी दिलकश व सुरीली आवाज से शिवम सिंह लाखों प्रशंसकों के साथ साथ संगीत के उस्तादों के दिल में मुकाम बनाने में सफल रहा है। गायक शिवम इंडियन आइडल के टॉप 12 में अपनी गायकी का जलवा बिखेर कर सारण सहित बिहार का नाम रौशन कर रहा हैं। अपनी दमदार गायकी के कारण शो में शिवम को स्टेंडिंग ओवेशन भी मिल रहा है। शिवम के पिता प्रो अश्विनी कुमार सिंह बचपन से ही संगीत सीखना शुरू कर चुके थे। संगीत के प्रति गहरा लगाव का एक कारण यह भी था कि उन्हें भी संगीत विरासत में ही मिला था। 
हालाँकि उस दौर में उन्हें अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बावजूद उन्होंने हिम्मत नही हारी तथा तमाम झंझावातों का सामना करते हुए उन्होंने अपना मुकाम हासिल किया। मौका दर मौका गायक शिवम अपने माता पिता के साथ शादी समारोह अथवा छठ पर्व आदि मौकों पर अपने गांव खैरा के ककढिया आते रहा है। तीन साल की उम्र के शिवम को परिवार के जिन लोगों ने चौकी पर खड़ा होकर गीत गाते देखा व सुना था उसे अब इंटरनेशनल चैनल के सबसे बड़े मंच पर देख कर अपार खुशी का अहसास हो रहा है। शिवम ने फोन पर बातचीत के क्रम में बताया कि इंडियन आइडल द्वारा आयोजित ऑडिशन में परचम लहराने के बाद वह फिर अपने गांव आएगा तथा अपनी मातृभूमि सारण के अपने शुभचिंतकों से सदेह रूबरू होगा। इंडियन आइडल के शो में अपने लाल को जलवा बिखेरते देखकर शिवम के गांव के लोग रोमांचित हो उठते हैं। गांव पर रहने वाले शिवम के चाचा सुरेश सिंह लक्ष्मी सिंह कृष्णा सिंह कमल किशोर सिंह रंजीत कुमार सिंह प्रदीप कुमार सिंह।शिक्षक। तथा चन्दन कुमार सिंह के अलावा अवकाश प्राप्त सेना के जवान व रिश्ते में शिवम के दादा प्रेम कुमार सिंह गांव के अन्य लोगों की मौजूदगी में अपने दरवाजे पर चौपाल लगाकर इंडियन आइडल का शो देखते व सुनते फुले नही समाते हैं। इतना ही नही शिवम के ननिहाल कोपा के बगही गांव में भी इंडियल आइडल शो के दौरान युवकों की खूब महफ़िल सजती हैं। सोशल मीडिया पर भी सारण के लोग गायक शिवम की उपलब्धियों पर इतराते हैं। सारण से जुड़े तथा देश विदेश में रहने वाले लोग अपने अपने पोस्ट के माध्यम से हजारों की संख्या में अनवरत उसके सफलता की शुभकामनाएं कर रहे हैं।





