Chhapra: स्वतंत्रता दिवस-2021 के अवसर पर स्थानीय राजेन्द्र स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह स्थल पर सारण प्रमंडलीय आयुक्त, पूनम, सुबह के 9:00 बजे झण्डोत्तोलन करेंगी।
स्वतंत्रता दिवस 2021 के अवसर पर विभिन्न प्रमुख स्थानों पर झंडोंत्तोलन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। राजेन्द्र स्टेडियम में 8:35 बजे पूर्वाह्न में पुलिस अधीक्षक का आगमन, 8:40 बजे पूर्वाह्न में जिलाधिकारी का आगमन, 8:45 बजे पूर्वाह्न पुलिस उप-महानिरीक्षक, सारण क्षेत्र, छपरा का आगमन, 8:50 बजे पूर्वाह्न में आयुक्त सारण प्रमंडल का आगमन होगा।

जिलाधिकारी डॉ निलेश रामचन्द्र देवरे के द्वारा बताया गया कि वर्तमान कोविड-19 प्रकोप के परिप्रेक्ष्य में आम जनता, स्वतंत्रता सेनानियों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य राज्यों से आने वाले विशिष्ट महानुभावों को आमंत्रित नहीं किया गया है। इस अवसर पर किसी प्रकार का सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजेन्द्र स्टेडियम में परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड में जवानों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग को कायम रखते हुए जवानों की संख्या को भी निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है। बच्चों से संबंधित एन.सी.सी और स्काडट और गाइड की परेड का आयोजन नही किया जाएगा।