पटना, 26 सितम्बर (हि.स.)। बिहार सरकार में जदयू कोटो से मंत्री अशोक चौधरी को जदयू का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। जदयू के महासचिव अफाक अहमद खान ने गुरुवार को प्रेस विज्ञाप्ति जारी कर जानकारी दी कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष-सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश पर अशोक चौधरी को जदयू का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्ति किया गया है।

अशोक चौधरी को जदयू का राष्ट्रीय महासचिव बनाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने स्पष्ट संदेश दे दिए हैं कि पार्टी में अशोक चौधरी का कद और सीएम से उनके संबंध दोनों मजबूत हैं। जदयू में भी इशारे ही इशारे में कुछ नेताओं ने अशोक चौधरी पर निशाना साधा था। अब जदयू में उनका कद नीतीश कुमार ने बढ़ा दिया है। बताते चलें कि इससे पहले संजय झा को जदयू में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। कई अन्य लोगों को अहम जिम्मेवारी थमाई गयी जिसमें पार्टी में वापसी करने वाले श्याम रजक भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि अशोक चौधरी सीएम नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में एक हैं। बिहार सरकार में मंत्री पद उन्हें दिया गया है। अशोक चौधरी का पार्टी में कद बढ़ाए जाने के बाद अब तमाम अटकलों पर भी नीतीश कुमार ने विराम लगा दिया है।

0Shares

भागलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। मालदा रेल डिवीजन के तहत भागलपुर-जमालपुर सेक्शन की अप और डाउन दोनों लाइनों पर सुल्तानगंज (एसजीजी) और रतनपुर (आरपीयूआर) के बीच 24 सितंबर को 16:15 बजे सभी ट्रेनों के लिए ट्रैक फिटनेस बहाल कर दी गई।

अप लाइन पर किमी 335/25 और 350/41 के बीच 30 किमी प्रति घंटा और डाउन लाइन पर किमी 350/42 और 335/26 के बीच 30 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। सभी ट्रेनें अब सामान्य मार्ग से जा रही हैं।

मालदा डिवीजन के रेलवे अधिकारी ट्रेनों की सुरक्षा और समय पर आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। बीते 21 सितंबर को 23:45 बजे से ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई थी।

0Shares

वाराणसी,23 सितम्बर 2024: भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक नए इतिहास को रचते हुए ‘मेक इन इंडिया’ इनीशियेटिव की अद्भुत मिसाल वंदे भारत एक्सप्रेस सेमी हाई स्पीड ट्रेनें भारतीय रेल के विकास का एक नया युग हैं और रेल यात्रियों के लिए एक अनमोल उपहार है। 

अपने एरोडाईनेमिक आकर्षक स्वरूप और नवीन तकनीकी सुख सुविधाओं से लैस यह ट्रेनें आज प्रत्येक भारतीय रेलयात्री की पहली पसंद बन चुकी हैं और यात्रियों के बीच सर्वाधिक लोकप्रिय ट्रेन है। अपनी तेज रफ्तार से जहां एक ओर यह गाड़ी यात्रा को रोमांचक बनाती है वहीं दूसरी ओर इस गाड़ी में उपलब्ध कराई जाने वाली उच्च गुणवत्तापरक खानेपीने का सामान और प्रदान की जाने वाली अन्य सुविधाएं यात्रा को आनंदमयी बनाती हैं। 

कदाचित यही कारण है कि भारत के लगभग हर प्रांत से इन गाड़ियों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है।  इन ट्रेनों की लोकप्रियता को देखते हुए भारत की पहली 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी वाराणसी से नई दिल्ली के बीच हाल में ही आरंभ किया गया है, जो पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मण्डल के बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खण्ड पर चल रही है। 

इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मण्डल के बनारस-प्रयागराज रामबाग खण्ड पर चलने वाली, वंदे भारत ट्रेनें क्रमशः गाड़ी सं. 22415 (वाराणसी-नई दिल्ली) तथा गाड़ी सं 22435 (वाराणसी-नई दिल्ली) पूरी यात्री वहन क्षमता के साथ चल रही हैं।

इसके साथ ही आज आगरा एवं बनारस के बीच रेगुलर ट्रेन सेवा वन्दे भारत एक्सप्रेस का प्रथम आगमन हुआ। 20176 आगरा-बनारस वन्दे भारत एक्सप्रेस आज आगरा से 06.00 बजे चलकर टुंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल तथा प्रयागराज जँ स्टेशनों पर रुकते हुए अपने निर्धारित आगमन समय 13.00 बजे बनारस पहुँची। वापसी यात्रा में 20175 बनारस-आगरा वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 15.20 बजे आगरा के लिए रवाना हुई।

0Shares

पटना , 20 सितंबर (हि.स.)। पड़ाेसी देश नेपाल से छाेड़े गये बारिश के पानी से राजधानी सहित बिहार के कई जिलाें में बाढ़ की स्थिति है। राज्य की सभी नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। ऐसे में शुक्रवार काे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हवाई सर्वे के लिए निकले। उन्हाेंने राज्य के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे कर अधिकारियों को कई निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के साथ कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

नेपाल से छाेड़ से बारिश के पानी से गंगा नदी उफान पर है।द राजधानी पटना समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं और कई गांवों में नदी का पानी घुसने के बाद हाहाकार मच गया है। राज्य में कई जगहों पर गंगा का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। पटना में दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह में गंगा लाल निशान से ऊपर बह रही है। राजधानी पटना में गंगा के किनारे निचले इलाकों में नदी का पानी फैल रहा है। पटना के साथ राज्य के अन्य जिलों में हालात बेकाबू हो रहे हैं।

मुंगेर में भी गंगा अपने रौद्र रूप में आ गई है। यहां जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। छपरा में भी बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। बिहार और यूपी को जोड़ने वाले जयप्रभा सेतू का एप्रोच पथ पानी में बह गया है। राज्य में छोटी-छोटी नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। संभावित बाढ़ को देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को चौबीस घंटे हालात पर नजर बनाए रखने को कहा है। अधिकारियाें काे आने वाली हर समस्या से निपटने काे तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

0Shares

पटना/गया, 20 सितंबर (हि.स.)। एनआई की टीम ने बिहार में जदयू की पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के घर चार करोड़ तीन लाख रुपये की नकदी बरामद की है। एजेंसी ने गुरुवार सुबह 6:00 बजे उनकी घर पर छापा मारा था। यह कार्रवाई लगभग 20 घंटे तक चली।

एनआईए की विज्ञप्ति में कहा गया है कि घर से चार करोड़ तीन लाख रुपये बरामद हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न बोर के 10 हथियार भी मिले हैं। विज्ञप्ति में कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल दस्तावेज बरामद होने की भी जानकारी दी गई।

एनआईए ने बताया गया कि अगस्त, 2023 में औरंगाबाद जिले से दो नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई थी। उनसे मिले इनपुट के आधार पर उस समय छह लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। तब से तहकीकात चल रही थी। इसी क्रम में मनोरमा देवी के गया स्थित तीन ठिकानों पर छापा मारा गया। शहर के एपी कॉलोनी स्थित उनके आवासे से यह सब बरामदगी हुई है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

छापा खत्म होने के बाद मनोरमा देवी मीडिया के सामने आईं। उन्होंने बताया कि अचानक सुबह 6:00 बजे एनआईए की टीम पहुंची और तलाशी लेने लगी। हमने पूरा सहयोग किया। जो रकम बरामद हुई है, वह बैंक लोन की है। उसका पूरा हिसाब किताब है। डिटेल हमारे चार्टर्ड अकाउंटेंट देंगे। हथियार हमारे गार्डों के हैं। उनके दस्तावेज हमारे पास हैं।

0Shares

पटना, 19 सितंबर (हि.स.)। पूर्व एमएलसी एवं जदयू नेत्री मनाेरमा देवी के गया स्थित घर में चल रही एनआईए की छापेमारी में टीम ने उनके आवास से भारी मात्रा में नोट बरामद किया है।

गुरुवार सुबह से एनआईए ने बिहार के गया में जदयू के पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के आवास पर छापेमारी की। करीब 5-6 घंटे की छापेमारी में एनआईए ने पूर्व एमएलसी के आवास से भारी मात्रा में नोट बरामद किया है। एनआईए ने नोटों को गिनने के लिए मशीन भी मंगवाई है। एनआईए की छापामारी के दौरान भारी मात्रा में नोट बरामद हुई है। एसबीआई बैंक से नोट गिनने की मशीन लाई गई है।

मनोरमा देवी के गया स्थित रामपुर थाना क्षेत्र के एपी काॅलाेनी में एनआइए की टीम ने सुबह करीब 4:30 बजे छापा मारा,जाे अब तक जारी है। छापेमारी काे लेकर एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि एनआइए की टीम ने उनसे सहयोग मांगा था। हमाी तरफ से उन्हें पूरा सहयाेग किया गया है।

0Shares

नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट आज लैंड फॉर जॉब मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पहली पूरक चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया। स्पेशल जज विशाल गोगने ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव यादव समेत सातों आरोपितों को कोर्ट में सात अक्टूबर को पेश होने के लिए समन जारी किया है।

कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अखिलेश्वर सिंह, किरण देवी, हजारी प्रसाद राय, संजय राय और धर्मेंद्र सिंह को समन जारी किया है। इससे पहले कोर्ट ने 17 अगस्त को फैसला सुरक्षित रख लिया था। ईडी ने छह अगस्त को पहली पूरक चार्जशीट को दाखिल किया था। इसमें 11 लोगों को आरोपी बनाया है। साथ ही 96 दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में पेश किया गया है। पूर्व में 6 जुलाई को सुनवाई के दौरान ईडी के ज्वाइंट डायरेक्टर ने कहा था कि यह मामला काफी संवेदनशील है। उन्होंने कोर्ट को भरोसा दिया था कि ईडी तय समय पर आरोप-पत्र दाखिल करेगा।

उल्लेखनीय है कि सात मार्च को कोर्ट ने ईडी के मामले में राबड़ी देवी, मीसा भारती, हीमा यादव और ह्रदयानंद चौधरी को नियमित जमानत दी थी। इस मामले में कोर्ट ने 27 जनवरी को ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 9 जनवरी को ईडी ने इस मामले में पहली चार्जशीट को दाखिल किया था। ईडी ने इस मामले में अमित कात्याल को गिरफ्तार किया था।

ईडी से पहले सीबीआई ने केस दर्ज किया था। सीबीआई से जुड़े मामले में कोर्ट ने चार अक्टूबर 2023 को बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को जमानत दी थी। कोर्ट ने 22 सितंबर 2023 को सीबीआई की ओर से दाखिल दूसरी चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। तीन जुलाई 2023 को सीबीआई ने पूरक चार्जशीट को दाखिल किया था। कोर्ट ने 27 फरवरी 2023 को इन तीनों आरोपितों समेत सभी आरोपितों के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया। सात अक्टूबर 2022 को लैंड फॉर जॉब मामले में सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव , राबड़ी देवी और मीसा भारती समेत 16 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट को दाखिल किया था।

0Shares

पटना, 16 सितम्बर (हि.स.)। राजधानी पटना समेत राज्य के 19 जिलों में सोमवार को अलग-अलग जगहों पर गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मानसून अक्ष समुद्र तल पर पंजाब के फिरोजपुर, पटियाला, यूपी के शाहजहांपुर, बलिया और गंगा-पश्चिम बंगाल के निम्न दबाव केंद्र से उत्तरी बंगाल की खाड़ी से होते हुए दक्षिण-पूर्व बना हुआ है जिसके कारण सोमवार को बिहार के 19 जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है।पटना समेत छपरा, सीवान, जहानाबाद, दरभंगा, मधुबनी, वैशाली और गोपालगंज में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उत्तर बिहार के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

तीन जिले, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद में भारी वर्षा को लेकर औरेंज अलर्ट एवं गया, नवादा, अरवल में गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा व पटना में मेघ गर्जन, वज्रपात की चेतावनी है। रविवार शाम से ही काले काले बादलों ने बसेरा बना लिया और बारिश का दौर शुरु हो गया। आसपास का मौसम सुहावना बना रहा। साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिल गई।

0Shares

पटना, 10 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार शाम संपन्न राज्य मंत्रिमडल की बैठक में सीएम ग्रामीण सेतु योजना के तहत 204 किलोमीटर नई सड़क को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा दरभंगा एम्स के लिए 37.31 एकड़ जमीन केंद्र सरकार को हस्तांनतरित सहित कुल 46 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गयी। खास बात यह कि कई विभागों में बड़े पैमाने पर नई नियुक्तियां होगी। इसके लिए पद को सृजित किया गया है।

बिहार विधान मंडल के सचेतक को उप मंत्री के बदले राज्य मंत्री का दर्जा दिए जाने को लेकर बिहार विधान मंडल नेता विरोधी दल, संसदीय सचिव, सचेतक और सदन नेता (वेतन भत्ता) नियमावली के संशोधन की स्वीकृति दी गई है। बिहार के 6421 नव स्थापित एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कुल 6421 सहायक के पद को सृजित किया गया है। इस पर प्रति वर्ष एक अरब 27 करोड़ 13 लाख 58 हजार रुपये का व्यय होगा। यानि इन सभी विद्यालयों में एक-एक सहायक को नियुक्त करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावे कारा निदेशालय में 10 कार्यालय परिचारियों के अतिरिक्त पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है।

बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के लिए कल 60 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण कार्य विभाग में संविदा के आधार पर 231 सहायक अभियंता की नियोजन की स्वीकृति दी गई है। योजना एवं विकास विभाग में कार्य हित में 350 तकनीकी पर्यवेक्षकों की सेवा आउटसोर्सिंग के माध्यम से कनीय अभियंता के पद पर नियमित नियुक्ति होने तक प्राप्त किए जाने एवं उसे पर होने वाले अनुमानित वार्षिक व्यय 13 करोड़ 25 लाख 73 हजार की स्वीकृति दी गई है।

बिहार पर्यटन ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग नीति 2024 के अनुमोदन की स्वीकृति दी गई है। पर्यटकों की सुविधा के लिए पीपीपी मोड पर पटना में तीन पांच सितारा होटल के निर्माण एवं संचालन की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण कार्य विभाग के तहत मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना की स्वीकृति दी गई है। कृषि उत्पादन के भंडारण, विपणन, मूल्य संवर्धन, निर्यात संवर्धन, ग्रामीण हाटों का विकास के लिए कृषि विभाग के अधीन कृषि विपणन निदेशालय के गठन की स्वीकृति दी गई है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद प्रशासन एवं स्थापना संवर्ग विनियमावली 2024 की स्वीकृति दी गई है। आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के स्वामित्व वाली भूमि पर मीठापुर मेट्रो रेल स्टेशन के रैंप निर्माण के लिए 23 करोड़ 52 लाख के भुगतान पर पटना मेट्रो को उक्त जमीन हस्तांतरित करने की स्वीकृति दी गई है।

नीतीश कैबिनेट ने लंबे से अनाधिकृत से अनुपस्थित रहने के आरोप में सात सरकारी चिकित्सकों को बर्खास्त कर दिया है। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिमुलतला के चिकित्सक डॉक्टर चमन लाल, सदर अस्पताल जमुई के चिकित्सक रवि कुमार चौधरी, रोहित कुमार बसाक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्राणपुर के चिकित्सक रविश रंजन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धमदाहा के चिकित्सक शकील जावेद, कटिहार के डॉक्टर अमित कुमार और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरा बाजार बी कोठी पूर्णिया के डॉक्टर मसीहुर रहमान शामिल हैं।

0Shares

पटना/खगड़िया, 10 सितम्बर (हि.स.)। मशहूर भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश जारी हुआ है। खगड़िया व्यवहार न्यायालय के प्रथम श्रेणी के दंडाधिकारी हिम शिखा मिश्रा ने मंगलवार को यह आदेश जारी किया है।इसको लेकर न्यायिक दंडाधिकारी ने गैर जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है।

वर्ष 2018 में अक्षरा सिंह समेत चार पर खगड़िया कोर्ट में एक टेंट हाउस के मालिक शुभम कुमार ने परिवाद दायर किया था। जिसमे आरोप लगाया गया था कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में अक्षरा सिंह के नहीं पहुंचने के कारण कार्यक्रम स्थल पर आगजनी और तोड़फोड़ हुई थी। जिसमें लाखों का नुकसान हुआ था।

शहीद किशोर कुमार मुन्ना के याद में जेएनकेटी मैदान में वर्ष 2018 में कार्यक्रम आयोजित था।लेकिन अक्षरा सिंह कार्यक्रम नहीं पहुंची।इधर आवेदक के वकील अजिताभ सिन्हा ने बताया कि दायर परिवाद पर कोर्ट ने संज्ञान लिया।इसको लेकर सम्मन भी भेजा गया।लेकिन आरोपी अक्षरा सिंह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुई।जिसके बाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी करने का निर्देश दिया है।

0Shares

पटना/समस्तीपुर, 10 सितम्बर (हि.स.)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मंगलवार को समस्तीपुर में अपनी आभार यात्रा के दौरान कहा कि केंद्र और बिहार की डबल इंजन सरकार कोई काम नहीं कर रही है।

अपनी आभार यात्रा की शुरुआत समस्तीपुर से करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राजग गठबंधन पर निशाना साधा है।उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता संवाद कार्यकम से पहले समस्तीपुर परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र और बिहार की डबल इंजन सरकार कोई काम नही कर रही है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार और सम्राट चौधरी द्वारा आभार यात्रा को ग्राहक खोजो यात्रा बताए जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वे लोग और क्या बोलेंगे,,सिर्फ लालू जी और मुझको गाली देने का काम ही कर रहे है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि जदयू और भाजपा में यह होड़ मचा है कि हमलोगों को कौन कितना ज्यादा गाली दे सकता है। सब लोगो को पता है कि जो भी भाजपा का विरोध करता है उसके पीछे केंद्रीय एजेंसियों को लगा दिया जाता है, जबकि उनके साथ आ जाने पर सभी दोष मुक्त हो जाते है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भले उन्हें कम सीट मिला परन्तु वोट प्रतिशत काफी बढ़ा है इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए हर जिले में लोकसभा वाइज कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया है।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है लेकिन वे चुप बैठे है।सीएम सिर्फ दो चार लोगों से घिरे हुए है।जाति आधारित गणना, आरक्षण में क्रीमीलेयर, वक्फ बोर्ड मुद्दे पर भी सीएम चुप हो गए है।

तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में लोकसभा चुनाव से बिल्कुल अलग परिणाम होने वाला है इसलिए वे कार्यकर्ताओं को अभी से ही तैयारियों में जुट जाने की अपील करने निकले है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता,अख्तरुल इस्लाम शाहीन,रणविजय साहू,राज्यसभा सदस्य संजय यादव,मुख्य प्रवक्ता शक्तिसिंह यादव समेत कई नेता मौजूद थे।

0Shares

* कला, संस्कृति मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे उद्घाटन 
* बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर समापन सत्र के मुख्य अतिथि 

बेतिया: कला और साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती के द्वारा पूरे बिहार में एक साथ विभिन्न भाषाई क्षेत्रों के आधार पर कला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में पश्चिमी चंपारण के बेतिया में भोजपुरी कला उत्सव का आयोजन 14 और 15 सितंबर, 2024 को किया जा रहा है।

500 से अधिक प्रतिनिधि लेंगे भाग
यह उत्सव बेतिया में अवस्थित शुभारंभ उत्सव भवन (बेतिया-सरिसवा रोड) में संपन्न होगा। इस उत्सव में बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल के तराई क्षेत्रों से कुल 500 से अधिक पंजीकृत प्रतिनिधि भाग लेंगे। जो भोजपुरी भाषी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संस्कार भारती के उत्तर बिहार प्रांत मंत्री डॉ दिवाकर राय ने बताया कि भोजपुरी कला उत्सव भोजपुरी बोलने वाले विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक धरोहर को एक मंच पर लाने का एक उत्कृष्ट प्रयास है, जो क्षेत्रीय कला और संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।

दो दिवसीय भोजपुरी कला उत्सव का उद्घाटन बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री  विजय कुमार सिन्हा द्वारा किया जाएगा। समापन समारोह में बिहार के राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति होगी।

इस अवसर पर भोजपुरी क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, कला, विचार, संस्कार, और रहन-सहन को दर्शाने वाले विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

अनुसूचित जाति एवम जनजाति कलाकारों का होगा सम्मान
आयोजन में राज्यपाल द्वारा समाज के हाशिए पर धकेल दिए गए अनुसूचित जाति एवम जनजाति तबका से आने वाले कलासाधकों और कलाकारों का सम्मान किया जायेगा।

प्रतिनिधियों के रहने की एक विशेष व्यवस्था
इस आयोजन की एक विशेषता यह है कि बाहरी प्रतिनिधियों के रहने की एक विशेष व्यवस्था की गई है। जिससे प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी बाहरी प्रतिनिधि सिंगाछापर गांव के निवासियों के यहां रात्रि विश्राम करेंगे ताकि विभिन्न भोजपुरी क्षेत्र के रीति रिवाजों से सभी प्रतिनिधि अवगत हो सके। साथ ही वे प्रतिनिधि जिस ग्रामवासी के यहां रात्रि विश्राम करेंगे, उनके अहाते में एक फलदार वृक्ष लगाएंगे। उत्सव में भोजपुरी के नामचीन कवि, कवयित्री एवम साहित्यकारों की उपस्थिति रहेगी। जिसे अंतिम रूप देने का कार्य संस्कार भारती की टीम कर रही है।

जुटेंगे भोजपुरी के सिद्धहस्त कलाकार
कार्यक्रम में भोजपुरी के सिद्धहस्त कलाकारों जैसे भरत शर्मा व्यास, चंदन तिवारी, अंकिता पंडित, पंडित रामप्रकाश मिश्र, उदय नारायण सिंह, जयकांत सिंह जय, ब्रजभूषण मिश्र, राकेश मिश्र की प्रस्तुतियां होंगी। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में मंचन किया जा चुका भिखारी ठाकुर का प्रसिद्ध नाटक गंगा स्नान की प्रस्तुति आरा से आए कलाकारों द्वारा किया जायेगा।

जानकारी मीडिया प्रभारी पाण्डेय धर्मेन्द्र शर्मा ने दी।  

0Shares