पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मिथिला राज्य बनाने की कही बात

Patna : पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बुधवार को विधान परिषद में मैथिलि भाषियों के लिए अलग मिथिला राज्य बनाने की बात कही। विधान परिषद में भाजपा के एमएलसी हरी सहनी ने सदन में मिथिला क्षेत्र को केंद्र की मोदी सरकार से बड़ी सौगात मिलने की बात कही।

इस दौरान उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह पीएम थे तभी मैथिलि भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था। इसके बाद अब नरेंद्र मोदी ने मैथिलि में संविधान आया है। यह मिथिला का बड़ा सम्मान है।

इसके बाद  नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने अचानक से कहा कि अभी केंद्र और राज्य दोनों जगह आपकी सरकार है। मैथिली भाषियों को चाहिए कि वे अपने लिए अलग राज्य की मांग स्वीकृत करा लें। हालांकि,उन्होंने तंज भरे अंदाज में यह टिप्पणी की। इसके बाद  सदन से बाहर निकलने के बाद एक बार फिर से राबड़ी देवी ने इन्हीं बातों को दोहराया। उन्होंने कहा कि हमने कहा ही है कि मिलजुल कर मिथिला राज्य बना लेना चाहिए। राबड़ी ने अपनी बातों को दोहराते हुए केंद्र की मोदी, बिहार की नीतीश और भाजपा पर तंज कसा है।

मालूम हो कि, मैथिलि भाषी कई जिलों को मिलाकर बिहार से अलग मिथिला राज्य बनाने की मांग पिछले लंबे अरसे से कुछ संगठनों द्वारा की जाती रही है। इस बीच अब राबड़ी देवी ने अपने अंदाज में मिथिला राज्य की मांग को अपनी आवाज दी है। हालांकि, उन्होंने यह मांग तंज वाले अंदाज में किया है। वह भी इस वजह से ही आज सदन के अंदर मैथली को लेकर मुद्दा उठाया गया।

आपको बता दें कि, कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दरभंगा के दौरे पर आए जहां उन्होंने 1700 करोड़ की लागत से बनने वाले एम्स का शिलान्यास किया। इसके साथ ही पीएम 10 करोड़ की लागत से बनने वाले रामनगर-रोसड़ा एनएच 527 का भी शिलान्यास किया। पीएम 389 करोड़ की लागत से निर्मित काकरघाटी-शीशो बाइपास रेलवे लाइन झंझारपुर-लोकहा बाजार रेलखंड के गेज परिवर्तन के साथ ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया। उसके बाद कल संविधान दिवस के मौके पर मैथली भाषा में संविधान की कॉपी जारी किया गया।

उल्लेखनीय है कि बिहार के दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधे्पुरा, पूर्णिया, कटिहार, सीतामढ़ी में बहुत बड़ी संख्या में मैथिलि भाषी लोग रहते हैं। उनकी कई वर्षों से अलग मिथिला राज्य बनाने की मांग की जाती रही है। इस बीच अब राबड़ी देवी के बयान से इनको बल मिलने की उम्मीद है।

file photo

0Shares

विधानसभा में वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ जोरदार हंगामा

Patna : विधानसभा में सदन की दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्षी सदस्यों ने वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ जोरदार हंगामा किया। हाथों में पोस्टर लेकर विपक्षी सदस्य बेल में पहुंच गए और नीतीश कुमार हाय-हाय के नारे लगाए और बाद में सदन से वॉक आउट कर गए।  केंद्र सरकार संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में वक्फ संशोधन बिल को पेश करने वाली है। जिसका विपक्ष विरोध कर रहा है। विपक्ष के भारी विरोध के बाद सरकार ने इसके लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी किया था लेकिन विपक्ष किसी हाल में इस बिल को लाने के पक्ष में नहीं है। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी दलों ने सदन में इस बिल के खिलाफ जोरदार हंगामा किया।

दूसरी पाली की सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान स्पीकर ने विपक्षी दलों को समझाने की कोशिश की और कहा कि वे अपनी बातों को केंद्र सरकार और कमेटी के सामने रखें लेकिन विपक्ष मानने को तैयार नहीं था। इस बीच सरकार ने सदन में कई विधेयक पारित कराए। बार-बार स्पीकर विपक्षी सदस्यों से शांत होने की अपील करते रहे।

स्पीकर नंदकिशोर यादव ने कहा कि यह विषय राज्य सरकार का नहीं है और केंद्र सरकार को इसपर फैसला लेना है। इसमें राज्य सरकार कोई भूमिका नहीं है। इस बीच विपक्ष के सदस्य लगातार नारेबाजी करते रहे और आखिरकार सदन से वॉक आउट कर गए।

0Shares

पटना, 27 नवम्बर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुलाम रसूल बलियावी और हर्षवर्धन सिंह को जदयू का राष्ट्रीय महासचिव बनाया है।

पार्टी के महासचिव आफाक अहमद खान ने इसकी अधिसूचना जारी की। गुलाम रसूल बलियावी राज्यसभा तथा बिहार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। वे पहले भी जदय के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। हर्षवर्द्धन पार्टी के राष्ट्रीय सचिव का दायित्व संभाल चुके हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुस्लिम वोटों को साधने के लिए बिहार में तेजस्वी का राष्ट्रीय जनता दल (राजद), असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के बीच जो होड़ चल रही है, उसमें नीतीश ने बलियावी को महासचिव बनाकर अपनी चाल भी चल दी है।

अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को केंद्र में रख कर अब एनडीए के सभी पांच घटक दल सभी जिलों में संयुक्त रूप से जिला सम्मेलन करेंगे। यह सम्मेलन 15 जनवरी को बगहा से आरंभ होगा। सम्मेलन 25 फरवरी तक चलेगा, जिसमें सभी पांच घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। जदयू प्रदेश कार्यालय में एनडीए के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस आशय की जानकारी दी गई। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि उप चुनाव के पहले मुख्यमंत्री आवास मे हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनी थी।

0Shares

पटना, 27 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन प्रश्न काल में सदस्यों की ओर से कई विभागों के प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि दूसरे हाफ में सरकार की ओर से खेल विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक- 2024 और बिहार सरकारी परिसर आवंटन किराया वसूली और बेदखली संशोधन विधेयक -2024 पेश होगा।

विधानसभा की कार्यवाही प्रश्न काल से शुरू होगी। प्रश्न काल में ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग और श्रम संसाधन विभाग से संबंधित प्रश्न ले जाएंगे। उसके बाद शून्य काल होगा और फिर ध्यानाकर्षण में भी सरकार सदस्यों के प्रश्नों का विस्तृत उत्तर देगी।

दूसरे हाफ में सरकार की ओर से दो विधेयक पेश किए जाएंगे। बिहार सरकारी परिसर के आवंटन, किराया, वसूली और बेदखली से संबंधित संशोधन विधेयक-2024 पेश होगा। भवन निर्माण विभाग की ओर से इसे पेश किया जाएगा।

बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस का सरकारी आवास लेने पर काफी विवाद हुआ था। पहले भी सरकारी आवास को लेकर विवाद हो चुका है और उसी को ध्यान में रखकर सरकार के तरफ से संभवत यह विधेयक लाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पांच दिनों के छोटे से शीतकालीन सत्र में मंगलवार को विधानसभा में विपक्षी सदस्यों ने संविधान दिवस के अवसर पर 65 प्रतिशत आरक्षण को लेकर हंगामा किया था। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रश्न काल चलने दिया और सरकार से सहयोग करने की बात भी कहीं लेकिन विपक्षी सदस्यों की तरफ से स्मार्ट मीटर और 65 आरक्षण को लेकर विधानसभा पोर्टिको में जमकर नारेबाजी भी की गई और सदन का वाक आउट भी किया गया।

0Shares

पटना, 25 नवम्बर (हि.स.)। बिहार विधानमंडल सत्र के एक दिन पूर्व मुजफ्फरपुर में एक सभा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा था कि अल्पसंख्यक समाज जदयू को वोट नहीं देता। उनका बयान आने के बाद बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर तकरार हुई। सत्ता पक्ष ने जहां ललन सिंह के बयान पर सफाई दी देते हुए ललन सिंह का बचाव किया, वहीं विपक्ष ने इसकी निंदा की। ललन सिंह ने भी अपने बयान पर सफाई भी दे दी है।

ललन सिंह के बयान का अशोक चौधरी ने किया बचाव

प्रदेश सरकार में भवन निर्माण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि ललन सिंह के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, ताकि लोगों में भ्रम की स्थिति बनी रहे। ललन सिंह के कहने का अर्थ यह है कि हमने मुसलमानों के लिए जितना काम किया, उस हिसाब से जदयू को वोट नहीं मिल रहा है, इसका हमें दर्द है। जदयू को और मेहनत करने की जरूरत है। मेरा नेता न हिंदू है, न मुसलमान है, न सिख है, न ईसाई है वे इंसान हैं। हमें किसी वकील की जरूरत नहीं है।

भाजपा के विधायक बचौल ने कहा, मुसलमानों को विकास से मतलब नहीं

भाजपा के विसफी से विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने आज बातचीत में कहा कि मुसलमानों को विकास से कोई मतलब नहीं है। वे विकास के नाम पर वोट नहीं करते हैं। वे 21वीं सदी में भी वक्फ बोर्ड की बात कर रहे हैं।

राजद ने किया विरोध

राजद नेता अख्तरूल इस्लाम शाहीन ने कहा कि ललन सिंह जदयू से अधिक भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। उनकी भाषा बता रही है कि वे भाजपा के हो गए हैं। लोकसभा में भी उन्होंने वक्फ बिल का समर्थन किया था। ललन सिंह का समाज जदयू के साथ नहीं है। जदयू की अब कोई नीति नहीं रह गई है।

एआइएमआइएम ने कहा, विशेष धर्म को निशाना बनाना संविधान के खिलाफ

एआइएमआइएम के एक मात्र बिहार से विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि किसी धर्म विशेष को निशाना बनाना संविधान के खिलाफ है। ललन सिंह का चरित्र उजागर हो गया है। मुसलमानों की अनदेखी की जा रही है। जदयू अब भाजपा की बात कह रही है। सरकार में बैठे लोग अलगाव की भाषा बोल रहे हैं। ललन सिंह की भाषा आरएसएस की भाषा है।

0Shares

पटना, 25 नवम्बर (हि.स.)। बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र ज से शुरु हो रहा है। विधानसभा उपचुनाव में सभी चार सीट जीतने के बाद भाजपा-जदयू और हम समेत एनडीए के तमाम घटक दलों के नेता उत्साहित हैं और विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की बात कर रहे हैं।

शीतकालीन सत्र के पहले दिन आज विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव के संबोधन के बाद नए सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा है । उसके बाद राज्यपाल द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रति सदन पटल पर रखा जाएगा। सरकार की ओर से द्वितीय पूरक बजट भी सदन के पटल पर रखा जाएगा। आज पहले दिन सदन में शोक प्रस्ताव भी विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव की तरफ से पेश होगा।

बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र छोटा है, केवल पांच दिनों तक ही सत्र चलेगा। सरकार की ओर से कई विधेयक भी छोटे सत्र में पेश करने की तैयारी है और कई विधाई कार्य भी संपन्न कराए जाएंगे। 26 नवंबर और 27 नवंबर को राजकीय विधायक और अन्य राजकीय कार्य किए जाएंगे। 28 दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी और सरकार उसे सदन से सरकार पास करायेगी। अंतिम दिन 29 नवंबर को गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि सत्र सुचारू ढंग से चले इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष की ओर से आला अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई है। सभी दलों के सदस्यों के साथ भी बैठक कर सहयोग मांगा है। शीतकालीन सत्र के दौरान सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा और विधानपरिषद के आसपास संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हालिया विधानसभा उपचुनाव में एनडीए ने सभी चारों सीटों पर जीत हासिल की है। रामगढ़ और तरारी में जहां भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है, वहीं बेलागंज में जनता दल यूनाइटेड और इमामगंज में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा विजयी हुई है।

0Shares

बिहार विधानसभा उपचुनाव 2024: रुझानों में तरारी से BJP, रामगढ़ से BJP, इमामगंज से HAM (S), बेलागंज से JDU प्रत्याशी आगे

महाराष्ट्र व झारखंड विधानसभा चुनाव और 15 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनाव के लिए मतों की गिनती जारी है। अबतक के रुझानों में सत्तारूढ़ दलों की वापसी दिख रही है। झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले इंडी एलायंस को बहुमत मिलता दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन को बड़ा बहुमत मिलता दिख रहा है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार झारखंड की 81 सीटों में से झारखंड मुक्ति मोर्चा 29, कांग्रेस 13 और राष्ट्रीय जनता दल 5 सीटों पर आगे है। वहीं भाजपा 28 सीटों, आजसू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जनता दल (यू) एक-एक सीट पर आगे है। इसके अलावा सीपीआईएमएल एक और एक पर स्वतंत्र उम्मीदवार आगे हैं।

महाराष्ट्र की 288 सीटों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभर रही है। भाजपा 126 सीटों पर आगे है, शिवसेना 54 और एनसीपी 35 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी ओर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 19 सीटों, कांग्रेस 18 सीटों और एनसीपी (शरदचन्द्र पवार) 14 सीटों पर आगे चल रही है। एमआईएमआईएम को 2 सीटों, समाजवादी पार्टी को दो सीटों पर बढ़त है। इसके अलावा अन्य पार्टियों को 7 सीटों और 7 ही सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं।

लोकसभा की वायानाड और नांदेड़ सीटों पर हुए उपचुनाव में वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा (कांग्रेस) और महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट पर डॉ. संतुकराव मारोत्राओ हम्बर्डे (भाजपा) आगे चल रहे हैं।

वहीं, देशभर में 48 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में असम की 5 सीटों में से दो पर भाजपा, एक पर असम गण परिषद, एक पर यूपीपी लिबरल और एक पर कांग्रेस आगे है।

वहीं, बिहार की चार विधानसभा सीटों में दो पर भाजपा, और दो पर सहयोगी पार्टियों जनता दल (यू)और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) आगे है।

छत्तीसगढ़ की एक सीट पर भाजपा और गुजरात की वाव सीट पर कांग्रेस आगे है।

कर्नाटक की तीन सीटों में तीनों पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। केरल की दो सीटों में एक पर कांग्रेस और एक पर सीपीएम आगे है।

मध्य प्रदेश की दो सीटों पर भाजपा आगे है।

मेघालय की एक सीट एनपीपी पार्टी आगे है।

पंजाब की 4 सीटों में से तीन पर आम आदमी पार्टी और एक पर कांग्रेस आगे है।

राजस्थान की 7 सीटों में से भाजपा तीन, दो पर कांग्रेस, दो भारतीय आदिवासी पार्टी आगे है।

सिक्किम की दो सीटों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। दोनों सीटें सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा को गई हैं।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश की 9 सीटों में से 5 सीटों पर भाजपा, एक सीट पर राष्ट्रीय लोकदल और तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी आगे है।

उत्तराखंड की एकमात्र सीट केदारनाथ भाजपा के खाते में जाती दिख रही है।

पश्चिम बंगाल की 6 सीटों पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर तृणमूल कांग्रेस बढ़त बनाए हुए हैं।

0Shares

पटना, 22 नवम्बर (हि.स.)। बिहार के तापमान में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। सर्द पछुआ हवा से शाम ढ़लते ही लोगों को कनकनी महसूस रही है। साथ ही हवा की क्वालिटी भी खराब हो गई है।

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक इन दिनों शाम होते ही हवा की क्वालिटी खराब हो जा रही है। 22 नवम्बर की रात्रि 12 बजे तक हाजीपुर का एक्यूआई-384, बेतिया का 331, राजगीर का 330, मुजफ्फरपुर का 316 और बक्सर का एक्यूआई-304 रिकार्ड किया गया। इन जिलों की हवा रेड जोन यानी खतरनाक श्रेणी में है। इसके अलावा राजधानी पटना का एक्यूआई-237 दर्ज किया गया। पिछले कई दिनों से यह देखी जा रही है कि शाम ढलते ही हवा की क्वालिटी खराब हो जा रही है। हाजीपुर की हवा तो कई दिनों से बेहद खराब स्थिति में है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा या धुंध छाया रहेगा। दिन में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान उत्तर बिहार के ज्यादातर जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार, अगले हफ्ते से ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

आज यानी 22 नवम्बर को बिहार के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। शाम होते ही कनकनी शुरू हो जाएगी।

0Shares

पटना, 21 नवंबर (हि.स.)। बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के नरकाटियागंज के हरिनगर रेलवे स्टेशन के पास बीती मध्य रात्रि दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पेशल ट्रेन 04068 बेपटरी हो गई। उसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

बताया गया है कि यार्ड परिसर में इंजन के पीछे की एक बोगी डिरेल हुई। अचानक झटका लगने से घबराये यात्री अपनी-अपनी सीट से उठ गए। कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ट्रेन चार घंटे तक हरिनगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।

सूचना पर पहुंची एआरटी की टीम ने बेपटरी बोगी को अलग किया। इसके बाद आज तड़के 3ः55 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। स्टेशन मास्टर रितेश कुमार ने बताया कि स्पेशल ट्रेन सामान्य बोगी के बेपटरी होने से अचानक रुक गई। गति तेज नहीं होने की वजह से कोई अनहोनी नहीं घटी।

0Shares

पटना, 18 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सोमवार 25 नवम्बर से शुक्रवार 29 नवम्बर तक आयोजित होगा। पांच दिन के सत्र में सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्य निपटाए जाएंगे। राज भवन की तरफ से शीतकालीन सत्र बुलाने की स्वीकृति दे दी गई है। उसके बाद संसदीय कार्य विभाग की ओर से अधिसूचना जारी हो गई है। सरकार की ओर से शीतकालीन सत्र में कई विधेयक लाए जाएंगे, साथ ही अनुपूरक बजट भी पेश होगा। नीतीश सरकार कई महत्वपूर्ण कार्य भी निपटाएगी।

बिहार विधानसभा के चार सीटों पर उपचुनाव 13 नवम्बर को संपन्न हुआ है जिसका परिनाम 23 नवम्बर को जारी किया जाएगा। ठीक इसके दो दिन बाद से विधानसभा और विधान परिषद का शीतकालीन सत्र शुरू होगा। ऐसे में सत्र के दौरान क्या कुछ होता है उसपर निगाह टिकी रहेगी।

पहले दिन सोमवार को शपथ ग्रहण होगा । इसके बाद राज्यपाल द्वारा प्रख्यापित अध्यादेश की प्रतियां सदन पटल पर रखी जाएंगी। साथ ही पहले ही दिन वित्तीय वर्ष 2024-25 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। उसके अगले दिन 26 नवम्बर को गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे। 27 और 28 नवम्बर को सदन में राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे। आखिरी दिन 29 नवम्बर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद एवं विनियोग विधयेक पेश होगा। इसके बाद सदन की गतिविधियां अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित हो जाएंगी।

शीतकालीन सत्र के हंगामेदार होने के आसार है। चार सीटों पर हुए उपचुनाव परिणाम का असर सदन में दिखेगा। इसके अलावा विपक्ष पूरी तरह से सरकार पर हमलावर नजर आएगा। कानून व्यवस्था, शराब से हुई मौत, स्मार्ट मीटर और जमीन सर्वे जैसे मसलों पर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी कोशिश करेगा।

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें

बिहार विधानसभा द्विसदनीय विधायिका का निचला सदन है, जिसमें 243 सीटें हैं जो एकल-सीट निर्वाचन क्षेत्रों से सीधे चुनी जाती हैं। विधानसभा का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है, जब तक कि पहले भंग नहीं किया जाता है ¹। बिहार विधानसभा में वर्तमान में 38 सीटें अनुसूचित जातियों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं और 2 सीटें अनुसूचित जनजातियों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। बिहार विधानसभा के वर्तमान नेताओं में विभिन्न दलों के विधायक शामिल हैं, जिनमें जदयू, भाजपा, राजद, कांग्रेस आदि शामिल हैं। बिहार विधानसभा के मुख्य कार्यों में राज्य के लिए नीतियों और कानूनों का निर्माण करना, राज्य सरकार को जवाबदेह बनाना, और राज्य के विकास के लिए योजनाएं बनाना शामिल है ।

बिहार विधानपरिषद में 75 सदस्य

बिहार विधान परिषद में कुल 75 सदस्य होते हैं। इनमें से 63 सदस्य चुने जाते हैं। 12 सदस्यों को राज्यपाल मनोनीत करते हैं । पहले आम चुनाव के बाद सदस्यों की संख्या 72 हो गई थी। 1958 तक सदस्यों की संख्या बढ़कर 96 हो गई थी। झारखंड के निर्माण के बाद, बिहार पुनर्गठन अधिनियम, 2000 के तहत सदस्यों की संख्या 96 से घटाकर 75 कर दी गई। विधान परिषद के तिहाई सदस्यों का चुनाव स्थानीय निकायों, जैसे- नगरपालिका, जिला बोर्ड आदि से होता है। 1/12 सदस्यों का चुनाव राज्य में 3 वर्ष से रह रहे स्नातक करते हैं। 1/12 सदस्यों का चुनाव 3 वर्ष से अध्यापन कर रहे लोग करते हैं।

0Shares

पूर्णिया, 18 नवम्बर (हि.स.)। बिहार में पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी अब पाकिस्तान से आई है। यह कॉल पाकिस्तान के  वॉट्सएप चैट नंबर से आयी है।

झारखंड विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन के लिए प्रचार कर रहे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरा लगभग 4 मिनट का एक ऑडियो कॉल आया, जिसमें कथित रूप से गोल्डी भाई के कहने पर फोन किए जाने की बात कही गई है।

धमकी भरे ऑडियो कॉलर ने कहा कि पहले नेपाल से भी फोन कर समझाने की कोशिश की गई थी। कॉलर ने सांसद पप्पू यादव को 24 दिसम्बर को उनके जन्मदिन से पूर्व निशाना बनाने की बात कही है। साथ ही कॉल में बार-बार माफी मांगने की बात भी दोहराई गई। इस संबंध में पप्पू यादव ने एक वीडियो संदेश जारी कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग उन्हें जान से मरवाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले मर्यादा की सीमाएं लांघ रहे हैं, जो उनके संस्कार के विपरीत है। सांसद ने कहा कि कुछ लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी बार-बार उनके परिवार की चर्चा कर रहा है। उनकी लड़ाई विचारधारा से और सरकार की व्यवस्था से है लेकिन जब परिवार की बात आएगी तो इसके परिणाम अलग होंगे।

पप्पू यादव ने बताया कि धमकी भरा ऑडियो सरकार को भेज दिया गया है। अपराधी जितनी रेकी करना चाहे कर ले, लेकिन परिवार को इससे दूर रखे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।

0Shares

पटना, 18 नवम्बर (हि.स.)। राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में पछुआ हवा का असर दिखने लगा है। पछुआ हवा के प्रभाव से सुबह के समय पटना सहित अधिकांश भागों में कोहरे छाया रहा । साथ ही तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि, दिन के समय धूप निकलने की वजह से मौसम शुष्क बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार तराई वाले इलाके के 15 जिलों के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, शिवहर,सीतामढ़ी , मधुबनी, किशनगंज, सुपौल, अररिया, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया व कटिहार जिले के एक या दो स्थानों पर अगले तीन दिनों तक घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना समेत अन्य जिलों में भी हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। राजधानी में आगामी तीन से चार दिनों के दौरान रात के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

प्रमुख शहरों का तापमान

पटना- अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस

भागलपुर- अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस़

मुजफ्फरपुर- अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस

गया- अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस

पटना का एक्यूआई 300 पार पहुंचा

ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदेश में प्रदूषण में भी काफी तेजी से इजाफा हो रहा है। पटना का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 पार पहुंच गया है। आने वाले दिनों में इसके कम होने के आसार नहीं हैं। पटना के साथ ही आस-पास के जिलों में भी तेजी से प्रदूषण में इजाफा हो रहा है, जिसका लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।

0Shares