गया: जिला के अतरी प्रखंड के माफा गांव के मंटू दास की सड़क हादसे में मौत गुरुवार की रात हो गई। मंटू अपने पुत्र के साथ बाइक से बाजार गया था। लौटने वक्त एक अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जिसके बाद घायल मंटू का अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। अस्पताल ले जाने के दौरान मंटू की मौत हो गई।जबकि उसका लड़का बुरी तरह से जख्मी हो गया।
माफा का मंटू दास दिल्ली में किसी निजी कंपनी में काम करता था। वह गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे अपने घर पहुंचा था। उसके पहुंचते ही घर आंगन में खुशियां इतराने लगी। लेकिन उस खुशी पर कुछ ही देर बाद नजर लग गई। शाम को वह अपने पुत्र के साथ टेउसा बाजार में पटाखा खरीदने के लिए बाइक से गया था। लौटने वक्त देर शाम हो गई। शाम 7 से 8 बजे के बीच वह बच्चों के पटाखा खरीद कर घर को लौट रहा था। रास्ते में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसके बाइक को धक्का मार दिया। इससे मंटू और उसका पुत्र बुरी तरह से जख्मी हो गए। वहीं मोटरसाइकिल भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
धक्का मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इधर रास्ते से गुजर रहे लोगों ने जब दोनों को सड़क पर गिरा पड़ा हुआ देखा तो दोनों को अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही मंटू दास ने दम तोड़ दिया। सड़क हादसे में मंटू दास के मारे जाने की खबर माफा गांव वालों को मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। दिवाली के मौके पर पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। वहीं उसका लड़का बुरी तरह से जख्मी है और उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची अतरी पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए गया भेजा है।