पटना, 28 फरवरी (हि.स.)। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में पहले दिन शुक्रवार को विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) विधायकों ने हाथों में हथकड़ी लगाकर अपना विरोध दर्शाया।
माले विधायकों का यह अजीबो-गरीब विरोध हाल ही में अमेरिका से भारत भेजे गए भारतीयों के हाथ-पांव में हथकड़ी लगाकर भेजने की घटना के विरोध में किया गया।
भारत के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ करना बंद करो, अमेरिका के प्रवासी भारतीयों के साथ घोर अपमानजनक व्यवहार पर केंद्र सरकार चुप क्यों, शर्म करो….. के नारे लगाए गए। इस दौरान हथकड़ी लगाकर विरोध कर रहे विधायकों ने कहा कि भारत का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता है। लेकिन केंद्र सरकार इस मसले पर चुप्पी साधे है। उन्हें शर्म आनी चाहिए कि भारतीयों के साथ इस प्रकार का अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है।
बीते 4 फरवरी की सुबह 3 बजे अमेरिका से 104 भारतीय अवैध अप्रवासियों को भारत रवाना किया। यह पहली बार है जब अमेरिका अप्रवासियों को भेजने के लिए सैन्य विमान का इस्तेमाल किया गया। 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे अमेरिकी मिलिट्री का सी-17 एयरक्राफ्ट भारतीय अवैध अप्रवासियों को लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा। इसे भारत पहुंचने में करीब 35 घंटे का समय लगा। इस दौरान यह भी देखने को मिला कि अवैध अप्रवासियों के हाथ में हथकड़ी लगाया गया था। अपनी पीड़ादायक और अपमानजनक यात्रा को लेकर अवैध अप्रवासियों ने भारत आकर दर्द बयां किया था।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार 28 फरवरी से शुरू हो गया है। यह सत्र लगभग एक महीने तक चलेगा। जिसमें कुल 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी। पहले दिन यानी आज राज्य सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी, जिसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी 3 मार्च को नीतीश सरकार का बजट पेश करेंगे। जिस पर चुनावी वर्ष के कारण सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

 
									 
									 
									 
									 
									 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																





 
                         
                         
                         
                         
				 
				 
				 
				 
				 
				 
				 
				 
				