Mumbai, 23 जून (हि.स.)। गोरेगांव फिल्म सिटी में टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘अनुपमा’ के सेट पर सोमवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में अनुपमा का सेट पूरा तरह जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। मौके पर आग लगने के कारणों की छानबीन आरे मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन सेट पूरी तरह जल गया है

पुलिस के अनुसार गोरेगांव फिल्म सिटी में सीरियल ‘अनुपमा’ के सेट पर आज सुबह शूटिंग चल रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे सीरियल के सेट पर आग लग गई, जिससे यहां अफरातफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन सेट पूरी तरह जल गया है, जिससे निर्माता को भारी नुकसान हुआ है।

फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक और मुंबई श्रम आयुक्त को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की है

उधर, अखिल भारतीय सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर आग की घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। गुप्ता ने सुरक्षा मानदंडों को लागू करने में विफल रहने के लिए फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक और मुंबई श्रम आयुक्त को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की है। एआईसीडब्ल्यूए का आरोप है कि उनकी मिलीभगत और जानबूझकर की गई लापरवाही के कारण, निर्माताओं को अनिवार्य अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए मजबूर नहीं किया जा रहा है, जिससे हजारों श्रमिकों का जीवन गंभीर जोखिम में है। एआईसीडब्ल्यूए ने निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस, टेलीविजन चैनल के साथ-साथ फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक और श्रम आयुक्त के खिलाफ आपराधिक एफआईआर दर्ज करने और यह पता लगाने के लिए गहन जांच की मांग की है कि क्या आग जानबूझकर निर्माताओं द्वारा लगाई गई थी या चैनल ने बीमा का दावा करने के लिए अवैध रूप से इसका इस्तेमाल किया था।

उल्लेखनीय है कि ‘अनुपमा’ एक लोकप्रिय टीवी सीरियल है, जिसे देशभर में लाखों लोग देखते हैं। इस घटना से शो के आगामी शूटिंग शेड्यूल पर असर पड़ सकता है।

23 जून (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवाद पर लगाम कसने के लिए सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। इस दौरान न केवल भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं, बल्कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।

तलाशी अभियान में अत्याधुनिक हथियारों की एक बड़ी खेप पकड़ी गई

मणिपुर पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि जिरीबाम थाना क्षेत्र के माखाबस्ती इलाके में चलाए गए सघन तलाशी अभियान में अत्याधुनिक हथियारों की एक बड़ी खेप पकड़ी गई। जब्त किए गए हथियारों में एम4 कार्बाइन, इंसास और एसएलआर राइफलें, देशी बंदूकें, एक ग्रेनेड और 220 से अधिक जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा पीके जिलेटिन, कॉर्डेक्स वायर और खाली पम्पी बम जैसी विस्फोटक सामग्री भी मिली है।

पुलिस को पोरोमपट थाना अंतर्गत कालिका पहाड़ियों में छुपाया गया हथियारों का जखीरा मिला

इसी तरह, 22 जून को इम्फाल ईस्ट जिले में एक खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के चार सदस्यों—थिंगबाइजम फिलिप सिंह, राहत शिविर में रह रहे लौरेम्बम कुमार मैतेई, लैशराम हरिदास और युमनाम आकाश सिंह को गिरफ्तार किया गया। इनसे हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस को पोरोमपट थाना अंतर्गत कालिका पहाड़ियों में छुपाया गया हथियारों का जखीरा मिला। दूसरी बरामदगी में चार एसएलआर, एक लाइट मशीन गन, संशोधित स्नाइपर राइफलें, ग्रेनेड, डेटोनेटर और 550 से अधिक कारतूस शामिल हैं। इसमें प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल होने वाले कारतूस और स्मोक ग्रेनेड भी पाए गए। इसके अलावा कई ट्यूब लॉन्चर और ग्रेनेड पार्ट्स भी बरामद हुए।

एक अन्य कार्रवाई में मणिपुर पुलिस ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के 35 वर्षीय सदस्य सनासम राजेश मैतेई को इम्फाल वेस्ट से गिरफ्तार किया। उस पर नंबोल क्षेत्र में स्कूलों और क्लीनिकों से जबरन वसूली करने का आरोप है।

Chhapra: शहर के नगर थाना क्षेत्र के पुरानी गुरहट्टी निवासी व्यवसायी दिवाकर गुप्ता के घर पर पेट्रोल बम से हमले की खबर से सनसनी फैल गई। इस हमले में दिवाकर गुप्ता झुलस गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।  

दिवाकर गुप्ता ने बताया कि बीती रात 3 बजे के करीब पड़ोसियों ने शोर मचाया की उनके घर के दोनों दरवाजों पर आग लगी हुई है। जिसपर वह वहां पहुंचे तो तेज आवाज के साथ आग की चपेट में आ गए। जिससे वह घायल हो गए हैं। उनका पैर, हाथ और चेहरा का कुछ भाग आग से झुलस गया। जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

बड़े भाई से संपति विवाद

सदर अस्पताल में उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई राजेंद्र गुप्ता से उनका संपति विवाद चल रहा है। उन्होंने ऐसी आशंका व्यक्त की है कि उनके बड़े भाई राजेन्द्र गुप्ता और एक अन्य व्यक्ति जितेंद्र तिवारी के द्वारा साजिश रची गई है।

दिवाकर गुप्ता फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इधर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। मौके से ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया है।

हिरासत में लिया गया एक व्यक्ति

सारण पुलिस ने बताया कि नगर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि थानान्तर्गत मौना चौक पुरानी गुड़हट्टी के पास दिवाकर कु० गुप्ता के आवास पर करीब सुबह 3 अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा पेट्रोल छिड़कर इनके आवास के दरवाजे के गेट पर एवं आवास के पीछे आग लगा दिया है एवं इस क्रम में पटाखों का भी इस्तेमाल किया गया है। इस दौरान घर से बाहर निकलने के क्रम में दिवाकर कु० गुप्ता का पैर झुलस गया है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पीड़ित को इलाज हेतु सदर अस्पताल, छपरा में भर्ती करवाया गया है। जहाँ इलाजोपरान्त वर्तमान में उनकी स्थिति सामान्य है।

पीड़ित से घटना के संबंध में आवश्यक पूछताछ की गयी तो उनके द्वारा आशंका जताई गई है कि इनका भाई राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता एवं उनके दोस्त जितेन्द्र तिवारी द्वारा पूर्व के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। इस संबंध में जितेन्द्र तिवारी को आवश्यक पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया है। घटना से जुड़ी सभी बिन्दुओं पर गहन जाँच की जा रही है। साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने हेतु फर्दब्यान प्राप्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

विधायक ने भी जाना व्यवसायी का हाल 

घटना की सूचना मिलते ही छपरा विधायक डॉ सीएन गुप्ता सदर अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायल व्यवसायी से उनका हाल जाना और घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे जो भी लोग शामिल हैं सभी की जल्द गिरफ़्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं। 

आज का पंचांग
दिनांक 23/06/2025 सोमवार
आषाढ़ कृष्णपक्ष त्रयोदशी
सुबह 10:09 उपरांत चतुर्दशी
नक्षत्र कृतिका
दोपहर 03:16 उपरांत रोहिणी
चन्द्र राशि वृषभ
विक्रम सम्वत :2082
सूर्योदय 05:00 सुबह
सूर्यास्त :06:44 संध्या
चंद्रोदय :03:21 सुबह (24 जून 2025 )
चंद्रास्त: 04:45 संध्या
ऋतू :ग्रीष्म
चौघडिया,दिन
चौघड़िया :
अमृत 05:00 सुबह 06:43 सुबह,
काल 06:43 सुबह 08:26 सुबह
शुभ 08:26 सुबह 10:09 सुबह
रोग 10:09 सुबह 11:52 सुबह
उद्देग 11:52 सुबह 01:35 दोपहर
चर 01:35 दोपहर 03:18 दोपहर
लाभ 03:18 दोपहर 05:01 संध्या
अमृत 05:01 संध्या 06:44 संध्या
लगन :मिथुन
सुबह 06:44 उपरांत लगन कर्क
राहुकाल
सुबह 06:43 से 08:26 सुबह
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:24 से 12:19 दोपहर तक
दिशाशूल पूर्व
यात्रा विचार :आज कही यात्रा पर जाने के पहले दर्पण में चेहरा देखकर यात्रा करे यात्रा करे.

आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। विवेक से कार्य करें। लाभ में वृद्धि होगी। फालतू की बातों पर ध्यान न दें। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में उन्नति होगी। व्यापार-व्यवसाय की गति बढ़ेगी। चिंता रह सकती है।
लकी नंबर 2 लकी कलर पिला

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
मस्तिष्क पीड़ा हो सकती है। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है या समय पर नहीं मिलेगी। पुराना रोग उभर सकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। हल्की हंसी-मजाक करने से बचें। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। चिंता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी।
लकी नंबर 6 लकी कलर सफेद

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर करें। किसी अनहोनी की आशंका रहेगी। शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में लापरवाही न करें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा।
लकी नंबर 6 लकी कलर भूरा

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
किसी भी तरह के विवाद में पड़ने से बचें। जल्दबाजी से हानि होगी। राजभय रहेगा। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। सही काम का भी विरोध हो सकता है। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। निवेश शुभ रहेगा।
लकी नंबर 7 लकी कलर आसमानी

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
पुराना रोग परेशानी का कारण बन सकता है। जल्दबाजी न करें। आवश्यक वस्तुएं गुम हो सकती हैं। चिंता तथा तनाव रहेंगे। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। भेंट व उपहार देना पड़ सकता है। प्रयास सफल रहेंगे। कार्य की बाधा दूर होगी। निवेश शुभ रहेगा।
लकी नंबर 5 लकी कलर पिला

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
शत्रुओं का पराभव होगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। दु:खद समाचार मिल सकता है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। काम पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। बेवजह किसी व्यक्ति से कहासुनी हो सकती है। प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। दूसरों के बहकावे में न आएं। फालतू बातों पर ध्यान न दें।
लकी नंबर 4 लकी कलर हरा

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। किसी प्रभावशाली व्यक्ति मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
लकी नंबर 8 लकी कलर लाल

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
भूमि व भवन संबंधी खरीद-फरोख्त की योजना बनेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। आर्थिक उन्नति होगी। संचित कोष में वृद्धि होगी। देनदारी कम होगी। नौकरी में मनोनुकूल स्थिति बनेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। शेयर मार्केट आदि से बड़ा फायदा हो सकता है।
लकी नंबर 7 लकी कलर नीला

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
प्रतिद्वंद्विता कम होगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। बात बिगड़ सकती है। शत्रुभय रहेगा। कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। स्त्री वर्ग से सहायता प्राप्त होगी।
लकी नंबर 2 लकी कलर संतरी

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
शत्रुभय रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। विवाद से क्लेश होगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। ऐश्वर्य के साधनों पर सोच-समझकर खर्च करें। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि बाद में पछताना पड़े। दूसरे अधिक अपेक्षा करेंगे।
लकी नंबर 9 लकी कलर पिला

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। कोर्ट व कचहरी के कार्य मनोनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। चोट व रोग से बचें। सेहत का ध्यान रखें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। झंझटों में न पड़ें। व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। परिवार में प्रसन्नता रहेगी।
लकी नंबर 4 लकी कलर सफेद

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
सही काम का भी विरोध होगा। कोई पुरानी व्याधि परेशानी का कारण बनेगी। कोई बड़ी समस्या बनी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामाजिक कार्य करने के प्रति रुझान रहेगा। मान-सम्मान मिलेगा। रुके कार्यों में गति आएगी। निवेश शुभ रहेगा।
लकी नंबर 6 लकी कलर स्लेटी

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

बोरिंग रोड में बेसमेंट की खुदाई के दौरान बगल का मकान धंसा

पटना: बोरिंग रोड में बेसमेंट की खुदाई के दौरान बगल का मकान धंसा

Patna: A view of the excavation of the basement, the adjacent house collapsed, at Boring Canal road, in Patna Sunday June 22, 2025. Photo/ Aftab Alam Siddiqui

Patna: सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर की गई घोषणा के बाद अब इस मुद्दे पर सियासी गर्मी बढ़ गई है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने  प्रेस कांफ्रेंस में सरकार से लेकर रोजगार तक की बात कही हैं तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष लगातार यह बात कहते आ रहे हैं कि एनडीए सरकार पर हम इतना दबाव बना देंगे कि नीतीश कुमार हमारे हर वादे, योजना, विजन और सोच की नकल करने पर मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले यह बात रोजगार और नौकरी पर साबित हुई और अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर भी सरकार को पीछे हटना पड़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि  मुख्यमंत्री 20 साल से लाख अनुनय, विनय एवं आंदोलन व आलोचना के बावजूद पेंशन नहीं बढ़ा रहे थे उसी सामाजिक सुरक्षा पेंशन को तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बढ़ाकर ₹1500 करने की अपनी घोषणा और उसके प्रचार-प्रसार से सरकार को पेंशन बढ़ाने के लिए मजबूर कर दिया।

20 साल से नीतीश कुमार को बिहार के दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं विधवा माताओं के कल्याण की सुध लेने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई, पर तेजस्वी ने अपने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने की घोषणा कर मुख्यमंत्री पर ऐसा दबाव बनाया कि मजबूर होकर नीतीश सरकार को अपना अहंकार त्याग दिव्यांगजन, विधवा एवं विद्धजनों का पेंशन बढ़ाना पड़ा।

लेकिन फिर भी NDA सरकार व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारी बराबरी नहीं कर पाए, जहां हमने पेंशन को ₹1500 प्रति माह किए जाने का वादा करने के साथ साथ महंगाई के सूचकांक के अनुसार इसे समय-समय पर बढ़ाते रहने की बात कही, वहीं संवेदनहीन नीतीश कुमार हमारे द्वारा डाले गए दबाव के कारण ही हरकत में आए और केवल ₹1100 पर ही रुक गए।

यह सब दिखाता है नीतीश कुमार और भाजपा नीतीश सरकार का ध्यान केवल चुनाव पर है। बिहार के सभी वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं विधवा माताओं को स्पष्ट दिख रहा है की यह केवल और केवल विपक्ष में रहते हमारे बनाए गए दबाव के कारण ही संभव हो पाया।

विपक्ष की लोकप्रियता और जनहित की राजनीति से NDA के लोग इतने घबराए हुए हैं कि तेजस्वी यादव की हर बात की नकल करते हैं। विवश होकर ही सही, एक आज्ञाकारी शिष्य की तरह सत्ता पक्ष, विपक्ष की सोच, दूरदृष्टि और राजनीति का अनुसरण और अनुकरण कर रहा है।

अब सचमुच नीतीश जी थक चुके हैं। अब उनमें कुछ ओरिजिनल करने की ताकत नहीं बची है। अब वह बस तेजस्वी की नकल ही कर सकते हैं। बिहार की जनता असल और नकल का अंतर जानती है। जब हम विपक्ष में रहकर इतना कर और करवा सकते है तो सरकार में आने पर किस गति, दृष्टि, ब्लूप्रिंट और रोडमैप के साथ कार्य करेंगे यह आप सोचिए।

 

Patna: बिहार की राजनीति में इस समय विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानि रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन और बिहार में 3 दिन से बारिश भी हो रही है। बिहार के लिए योजना का बौछार हो रहा है। प्रधानमंत्री जी सिवान में आए और करोड़ों की योजना जनता को समर्पित करने का काम किया। जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल बड़ा ऐलान किया। बिहार में जो सामाजिक सुरक्षा पेंशन जनता के बीच जाकर फीडबैक लिया गया। महिला संवाद से जो फीडबैक आया उसमें अच्छे पड़े फैसला लिया गया सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 से 1100 यह अपने आप में बड़ा फैसला है।

सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल एक बड़ा ऐलान करते हुए बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में सुधार किया है। जनता और महिला संवाद के माध्यम से लिए गए फीडबैक के आधार पर वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है। यह राशि बढ़ोतरी समाज के कमजोर वर्गों के लिए राहत देने वाली साबित होगी।

इसके अलावा, कन्या विवाह भवन की योजना को भी प्रदेश के सभी पंचायतों में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके लिए हरी झंडी दिखा दी है। इन भवनों को स्वयं सहायता समूह और जीविका महिला दल द्वारा संचालित किया जाएगा, जिससे कन्याओं के विवाह में सामाजिक एवं आर्थिक सहायता मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बिहार सरकार माँ सीता के जन्मस्थली पर श्री सीता मंदिर का निर्माण करेगी, जो राम मंदिर के तर्ज पर होगा। यह धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बिहार के लिए एक बड़ा ऐतिहासिक कदम होगा, जो तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

सम्राट चौधरी ने विपक्षी दलों को भी करारा जवाब देते हुए कहा, “अगर विकास की बात करनी है तो उन्हें पटना एयरपोर्ट, मेरिन ड्राइव, पटना से बेगूसराय तक के विभिन्न विकास कार्यों को देखकर आना चाहिए। बिहार ने विकास के क्षेत्र में जो प्रगति की है, वह किसी से छुपी नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और बिहार को समृद्ध बनाना है। आगामी दिनों में और भी कई नई योजनाएं जनता के सामने रखी जाएंगी, जिससे बिहार का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

लीड्स टेस्ट: इंग्लैंड की ठोस शुरुआत, ओली पोप का शतक, भारत को बुमराह ने दिलाई बढ़त

-दूसरे दिन का खेल खत्म, इंग्लैंड 209/3, अब भी 262 रन पीछे

लीड्स, 22 जून (हि.स.)। भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत द्वारा पहली पारी में बनाए गए 471 रन के जवाब में इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 209 रन बना लिए हैं। मेजबान टीम अभी भी भारत से 262 रन पीछे है।

इंग्लैंड की शुरुआत धीमी रही और उसे पहला झटका केवल 4 रन के स्कोर पर लग गया, जब जैक क्रॉली को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद बेन डकेट (62) और ओली पोप (100*) ने टीम को संभालते हुए दूसरी विकेट के लिए अहम साझेदारी की। जो रूट ने 28 रनों का योगदान दिया, लेकिन वह भी बुमराह का शिकार बने। दिन का खेल खत्म होने तक ओली पोप 100 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं।

भारत की ओर से अब तक जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए तीनों विकेट अपने नाम किए हैं।

इससे पहले भारत ने दिन की शुरुआत 359/3 के स्कोर से की थी और अपनी पहली पारी में 471 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरे दिन ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 134 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि शुभमन गिल ने 147 रन बनाए। हालांकि निचला क्रम कुछ खास नहीं कर सका और भारत ने जल्दी-जल्दी अपने बचे हुए विकेट गंवा दिए।

इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स और जोश टंग ने सबसे प्रभावशाली गेंदबाज़ी की और चार-चार विकेट लिए। ब्रेंडन कार्स और शोएब बशीर को एक-एक सफलता मिली।

कनाडा ने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया

नई दिल्ली: कनाडा क्रिकेट टीम ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार अमेरिका क्वालीफायर के मेजबान ने बहामास के खिलाफ जीत हासिल कर टूर्नामेंट में अपना स्थान सुनिश्चित किया, जो मौजूदा अभियान में उनकी लगातार पांचवीं जीत है।

आईसीसी वेबसाइट के अनुसार कलीम सना और शिवम शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जिससे कनाडा ने बहामास को सिर्फ 57 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद इस छोटे से लक्ष्य को कनाडा के बल्लेबाजों ने सिर्फ 5.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल लिया गया। कनाडा के बल्लेबाज दिलप्रीत बाजवा ने 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए।

पिछले साल अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप में भाग लेने के बाद कनाडा क्वालीफायर में आगे बढ़ने के लिए पसंदीदा टीमों में से एक के रूप में पहुंचा।

निकोलस किर्टन की अगुवाई वाली कनाडाई टीम ने बरमूडा के खिलाफ 110 रनों से बड़ी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद केमैन आइलैंड्स के खिलाफ 59 रनों से जीत दर्ज की। फिर अगले मैच में बहामास को 10 विकेट से रौंदा। चौथे मैच में केमैन आइलैंड्स के खिलाफ आरामदायक जीत दर्ज की। अब अपने पांचवें मैच में लगातार जीत दर्ज कर टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

कनाडा अब उन 10 टीमों की सूची में शामिल हो गया है जो 20 टीमों के इस आयोजन के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। इसके साथ ही सह-मेजबान भारत और श्रीलंका भी इसमें शामिल हैं। अन्य क्वालीफाई करने वाली टीमों में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान शामिल हैं।

अब सात टीमें विश्वकप के लिए क्वालीफाई करने से बची हैं। इनमें यूरोप क्वालीफायर से दो (5-11 जुलाई तक), अफ्रीका क्वालीफायर से दो (19 सितंबर – 4 अक्टूबर) और एशिया-ईएपी क्वालीफायर से तीन (1-17 अक्टूबर) टीमें पुरुष टी 20 विश्व कप में शामिल होंगी।

परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों पर ईरान ने कहा- दीर्घकालिक परिणाम होंगे

तेहरान: ईरान ने अपने तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले की निंदा करते हुए इसे यूएन चार्टर का उल्लंघन बताया है।ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) पर बेरुखी का आरोप लगाया। ईरान ने वैश्विक समुदाय से अमेरिकी हमलों की निंदा कर ईरान के रुख के समर्थन की अपील की है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान के तीन परमाणु ठिकानों फोर्दो, नतांज और इस्फहान को तबाह करने का दावा किया। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने इसे यूएन चार्टर का उल्लंघन बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि अमेरिका ने ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला कर संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतरराष्ट्रीय क़ानून और एनपीटी का गंभीर उल्लंघन किया है। इनके दीर्घकालिक परिणाम होंगे और संयुक्त राष्ट्र के हर सदस्य को इस बेहद खतरनाक, अराजक और आपराधिक व्यवहार से चिंतित होना चाहिए। अब्बास अरागची ने लिखा कि ईरान के पास अपनी संप्रभुता, हित और लोगों की सुरक्षा के सभी विकल्प हैं।

इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि वह ईरान में परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि संघर्ष के तेजी से नियंत्रण से बाहर होने का जोखिम बढ़ रहा है। इससे नागरिकों, क्षेत्र और दुनिया के लिए विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं। इस खतरनाक समय में अराजकता के चक्र से बचना महत्वपूर्ण है।

इससे पहले रविवार सुबह ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताया कि फोर्दो, नतांज और इस्फहान समेत ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमलों को अंजाम दिया गया और सभी विमान अब ईरान के वायु क्षेत्र से बाहर हैं।

रक्षा राज्य मंत्री 23 से 26 जून तक केन्या और मेडागास्कर के दौरे पर रहेंगे

नई दिल्ली: ​ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल 23 से 26 जून तक केन्या और मेडागास्कर की यात्रा पर रहेगा। रक्षा राज्य मंत्री 23 जून को ताइता​ तवेटा काउंटी में​ भारत और केन्या के शहीद सैनिकों के सम्मान में ​बनाये गए समर स्मारक​ का अनावरण ​करने के लिए केन्या की यात्रा करेंगे। ​वह दौरे के दूसरे चरण में 26 जून को एंटानानारिवो में मेडागास्कर की स्वतंत्रता की 65वीं वर्षगांठ और मालागासी सशस्त्र बलों के गठन के समारोह में भाग लेने के लिए मेडागास्कर जायेंगे।

भारत और केन्या समुद्री पड़ोसी राष्ट्र हैं। दोनों देशों के बीच समकालीन संबंधों की विशेषता उच्च स्तरीय आदान-प्रदान, मजबूत व्यापार एवं निवेश, केन्या से चिकित्सा मूल्य यात्रा और व्यापक जन-जन संपर्क हैं। दोनों देशों के बीच उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष की एक साझा विरासत रही है। कई भारतीयों ने केन्या के स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और उसका सहयोग किया। भारत और मेडागास्कर के बीच भी बहुआयामी संबंध हैं, जो ऐतिहासिक संबंधों, साझा मूल्यों व क्षेत्रीय स्थिरता तथा विकास के प्रति वचनबद्धता पर आधारित हैं।

दोनों देशों के बीच यह साझेदारी राजनीतिक, सैन्य, आर्थिक और कूटनीतिक क्षेत्रों में फैली हुई है, जो पारस्परिक विकास एवं सहयोग के लिए साझा दृष्टिकोण को उजागर करती है।​ रक्षा राज्य मंत्री ​की दोनों अफ्रीकी देशों की यह यात्रा केन्या के रक्षा मंत्रालय के कैबिनेट सचिव और मेडागास्कर के मिनिस्टर ऑफ आर्म्ड फोर्सेस के निमंत्रण पर हो रही है।

बिहार, राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार, दिल्ली में मानसून की दस्तक

शीर्षक में संशोधन के साथ पुनः जारी

नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की सक्रियता ने मौसम को सुहावना बना दिया है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। दिल्ली में सामान्य समय से लगभग तीन दिन पहले मानसून के दस्तक देने से शहरवासियों को गर्मी से निजात मिली। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।

आईएमडी ने रविवार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, झारखंड, केरल और माहे में भी भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी राजस्थान में बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और विदर्भ में बिजली गिरने के साथ तूफान की आशंका है।

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा सौराष्ट्र और कच्छ में तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जबकि आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और आर्द्र मौसम रह सकता है। समुद्री क्षेत्रों में भी तूफानी हवाओं का अनुमान है।

बिहार में रविवार को सात जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी है। शनिवार को बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें जमुई जिले में भारी बारिश हुई। अरवल में 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। राज्य का सबसे अधिक तापमान गोपालगंज और बिक्रमगंज में 35.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान दरभंगा में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में शनिवार को 8.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे शहर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को भी पटना में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभवना है।

राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां जोरों पर हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने रविवार सुबह 8:30 बजे एक तात्कालिक चेतावनी जारी की, जिसमें बारां, झालावाड़ और सिरोही जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई। उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और कोटा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का येलो अलर्ट है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई, जिसमें माउंट आबू (सिरोही) में 190 मिलीमीटर और भीलवाड़ा में 175 मिलीमीटर बारिश हुई। पश्चिमी राजस्थान के बालेसर (जोधपुर) में 77 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

छत्तीसगढ़ में भी मानसून की सक्रियता देखी जा रही है, हालांकि अगले तीन दिनों तक मानसून की रफ्तार धीमी रहने की संभावना है। रविवार को सरगुजा सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के 10 जिलों और दक्षिण छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में बिजली गिरने और मेघगर्जन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा जैसे मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। शनिवार को सरगुजा संभाग में औसतन 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसमें कुनकुरी में 160 मिलीमीटर और कुसमी में 150 मिलीमीटर बारिश हुई। पिछले छह दिनों में राज्य में 22.69 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। जून में अब तक छत्तीसगढ़ में 41 मिलीमीटर औसत बारिश हुई, जो सामान्य 81 मिलीमीटर से काफी कम है। बलरामपुर जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई, जबकि दंतेवाड़ा में सामान्य बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवातों के कारण मानसून की गतिविधियां तेज होती हैं। इस बार भी ऐसा ही देखा जा रहा है। मई में छत्तीसगढ़ में 373 प्रतिशत अधिक बारिश हुई थी, जिसके बाद मानसून की प्रगति धीमी पड़ गई। तापमान की बात करें तो इस साल जून में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो पिछले साल के 45.7 डिग्री सेल्सियस से कम है।