– उड़ान के दौरान अग्नि प्राइम ने अधिकतम सीमा तक अपने लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया
– परमाणु मिसाइल अग्नि प्राइम का परीक्षण करके एयरोस्पेस की दुनिया में भारत का बड़ा धमाका

नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारत ने नई पीढ़ी की परमाणु सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि प्राइम का ओडिशा तट पर बीती आधी रात को सफल परीक्षण किया है। डीआरडीओ में विकसित 2000 किलोमीटर रेंज की इस मिसाइल को जल्द ही सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा। यह मिसाइल वजन में काफी है, इसलिए इसे पहले से सेवा में शामिल अग्नि-1 की जगह प्रतिस्थापित किये जाने की योजना है। भारत ने अग्नि प्राइम की नाइट लांचिंग करके एयरोस्पेस की दुनिया में धमाका कर दिया है।

ओडिशा के तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से डीआरडीओ ने यह परीक्षण किया। मिसाइल ने अधिकतम सीमा तक जाकर अपने लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया। यह अग्नि सीरीज की आधुनिक, घातक, सटीक और मीडियम रेंज की परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल है। भारत की यह परमाणु मिसाइल एक साथ दुश्मन के कई टारगेट तबाह कर सकती है। अग्नि प्राइम मिसाइल के तीन सफल विकासात्मक परीक्षणों के बाद उपयोगकर्ताओं की ओर से किया गया यह दूसरा प्री-इंडक्शन नाइट लॉन्च था, जिसने सिस्टम की सटीकता और विश्वसनीयता को मान्य किया।

परमाणु मिसाइल का पहला प्री-इंडक्शन नाइट लॉन्च 07-08 जून, 2023 की रात को किया गया था। बीती रात परीक्षण के दौरान उड़ान डेटा को कैप्चर करने के लिए टर्मिनल बिंदु पर दो डाउनरेंज जहाजों सहित विभिन्न स्थानों पर राडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम जैसे कई रेंज इंस्ट्रूमेंटेशन तैनात किए गए थे। अग्नि प्राइम मिसाइल ने उच्च स्तर की सटीकता के साथ सभी मिशन उद्देश्यों को पूरा किया। विभिन्न स्थानों पर तैनात राडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम जैसे कई रेंज इंस्ट्रूमेंटेशन से मिले डेटा ने मिसाइल सिस्टम के प्रदर्शन को पूरी तरह सफल करार दिया है।

सशस्त्र बलों में पहले से शामिल अग्नि-1 मिसाइल की जगह इसे प्रतिस्थापित किये जाने की योजना है। अग्नि परियोजना से जुड़े एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि अग्नि-I सिंगल-स्टेज की मिसाइल है, जबकि ‘अग्नि प्राइम’ दो स्टेज के रॉकेट मोटर पर चलने वाली मिसाइल है, जिसका तीसरा स्टेज मैन्यूवरेबल रीएंट्री व्हीकल है। यानी इससे तीसरे स्टेज को दूर से नियंत्रित करके दुश्मन के टारगेट पर सटीक हमला किया जा सकता है। डबल-स्टेज अग्नि प्राइम में एक कनस्तर संस्करण होगा, जिससे इसे सड़क और मोबाइल लॉन्चर दोनों से फायर किया जा सकता है। इस पर 1500 किलोग्राम से 3000 किलोग्राम वजन के हथियार लगाए जा सकते हैं। ‘अग्नि प्राइम’ को बीईएमएल-टट्रा ट्रांसपोर्टर इरेक्टर लॉन्चर से दागा जाता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, एसएफसी तथा सशस्त्र बलों को इस सफल परीक्षण के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मिसाइल का सफल विकास और इसकी तैनाती सशस्त्र बलों के लिए एक उत्कृष्ट ताकत साबित होगी। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान तथा रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी कामत ने इस सफल उड़ान परीक्षण के लिए एसएफसी और डीआरडीओ के प्रयासों की सराहना की।

Chhapra: जय प्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के सीनेट हॉल में रिसर्च मेथडोलॉजी पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। सबसे पहले कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित के साथ कुल देवता लोक नायक जय प्रकाश नारायण के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

विश्वविद्यालय में पहली बार ऐसा हुआ जब कोई कुलपति शिक्षक की भूमिका को निभाते हुए नज़र आए। डॉ (प्रो) पी के बाजपेयी ने लगभग 90 मिनट के क्लास में शोध प्रबंध का प्रारूप बनाना, सैंपलिंग के तरीके, डाटा एकत्रित करना, उनका विश्लेषण और शोध पत्र कैसे लिखा जाता हैं इन बातों को शोधकर्ताओं के सामने रखी।

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने शोधार्थियों को रिफ्रेशर कोर्स में मनोयोग से प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया एवं उच्च कोटि का शोध करने हेतु सुझाव दिए। कुलपति ने प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के शोध प्रगति में सहयोगी बनने एवं शिक्षण प्रशिक्षण के कार्यक्रमों में उच्चतर रूप में प्रतिभाग करने हेतु प्रोत्साहित किया। मौलिक जानकारी के साथ ही सरल तरीके से इस विषयक कई गूढ बातों को समझाया। शोधार्थियों ने काफ़ी मनोयोग से कुलपति के व्याख्यान को सुना और काफ़ी प्रभावित दिखे।

उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की वर्कशॉप का होना प्रायोगिक दृष्टि से सही है। छात्रों को शोध की जानकारी होनी चाहिए। शोध एक प्रक्रिया है। शोध के माध्यम से नई-नई जानकारी लोगों तक पहुंच पाती है।

मौके पर विश्वविद्यालय समायोजक डॉ हरिश्चन्द्र, प्रो विश्वामित्र पाण्डेय, प्रो शंकर साह, प्रो कृष्ण कुमार, रिसर्च स्कॉलर मनीष पाण्डेय, अमरेश सिंह, परमजीत सिंह, जितेंद्र पाण्डेय, शालनी, रूपा, सुधा,विवेक, बिष्णु कुमार समेत सभी विभागों के रिसर्च स्कॉलर मौजूद रहे।

नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन वाले बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस के शासन मॉडल के कारण बिहार में जंगल राज और नक्सलवाद चरम पर रहा है, जिससे दशकों तक राज्य का विकास रुका रहा।

लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के जमुई में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “जमुई का मूड बिहार में एनडीए के पक्ष में सभी 40 सीटों के साथ अब की बार 400 पार को प्रतिबिंबित करता है।” उन्होंने बिहार के कल्याण और इसके विकास के लिए समर्पित स्वर्गीय राम विलास पासवान के योगदान के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान को अपना छोटा भाई बताते हुए मोदी ने कहा, “मुझे संतोष है कि रामविलास के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।”

बिहार के लोगों को होने वाले घोर अभाव पर बोलते हुए, मोदी ने कहा कि बिहार की 5-6 से अधिक पीढ़ियों को इंडी गठबंधन के तहत घोर अभाव और अविकसितता का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने कभी भी बिहार के लोगों की क्षमता और प्रतिभा को सशक्त नहीं बनाया। मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में, बिहार ने सभी स्तरों पर सुधार देखा है और इसे जारी रखने के लिए, बिहार के लोगों को अपने समृद्ध भविष्य को ध्यान में रखते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में हमें वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, “आपको विकसित बिहार और विकसित भारत के लिए एन.डी.ए. को वोट देना चाहिए।”

बिहार और भारत दोनों की भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में जो हुआ वो तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें देश को, बिहार को बहुत आगे लेकर जाना है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर परोक्ष हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जो लोग पहले एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे, वे अब मोदी के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोग राम मंदिर के विरोध के पीछे राजद-कांग्रेस के इरादों को कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस-राजद बिहार के आदिवासियों और दलितों सहित वंचितों के अधिकारों के खिलाफ है। मोदी ने कहा कि एन.डी.ए. बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विश्वास व्यक्त किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार सर्वसम्मति से भाजपा को वोट देगा।

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनावों के बीच कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और संजय मयूख की मौजूदगी में गौरव वल्लभ और बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा और महागठबंधन के प्रत्याशी रहे उपेन्द्र प्रसाद को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर गौरव वल्लभ ने कहा, “अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में कांग्रेस पार्टी के स्टैंड से मैं क्षुब्ध हूं। मैं जन्म से हिंदू और कर्म से शिक्षक हूं। पार्टी के इस रुख ने मुझे हमेशा असहज किया, परेशान किया। पार्टी और गठबंधन से जुड़े कई लोग सनातन के विरोध में बोलते हैं और पार्टी का उस पर चुप रहना, उसे मौन स्वीकृति देने जैसा है। इन दिनों पार्टी गलत दिशा में आगे बढ़ रही है। जहां एक ओर हम जाति आधारित जनगणना की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर संपूर्ण हिंदू समाज के विरोधी नजर आ रहे हैं, यह कार्यशैली जनता के बीच पार्टी को एक खास धर्म विशेष के ही हिमायती होने का भ्रामक संदेश दे रही है। यह कांग्रेस के मूलभूत सिद्धांतों के खिलाफ है।”

उल्लेखनीय है कि गौरव वल्लभ ने गुरुवार सुबह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी दिशाहीन हो गई है। अयोध्या के राम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा पर कांग्रेस के रुख को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।

Chhapra: लोकसभा आम निर्वाचन-2024 को स्वच्छ , भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सारण जिला में विभिन्न स्तरों से लगातार कार्य किये जा रहे हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान क्षेत्र में अवैध शराब, मतदाताओं को प्रलोभित करने हेतु वस्त्र, नगदी आदि के वितरण, शराब तथा हथियार के लाने-ले जाने एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने एवं जाँच हेतु सारण जिला में 30 स्टेटिक सर्विलेंस टीम का गठन किया गया है।

प्रत्येक टीम में एक दंडाधिकारी एवं एक पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं।सभी टीमों द्वारा अपने अपने निर्धारित क्षेत्र में जाँच अभियान के माध्यम से नजर रखी जा रही है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन तीन टीम क्रियाशील है।

विशाखापत्तनम, 4 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर विशाखापत्तनम में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ बुधवार को खेले गए टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है।

आईपीएल द्वारा गुरुवार को जारी एक आधकारिक बयान में कहा गया, “न्यूनतम ओवर गति अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत दिल्ली कैपिटल्स की टीम का यह सीज़न का दूसरा अपराध था, इसलिए पंत पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर व्यक्तिगत रूप से 6 लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत, जो भी कम हो, जुर्माना लगाया गया है।”

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुनील नरेन (39 गेंद, 85 रन, 7 चौके, 7 छक्के), अंगक्रिस रघुवंशी (27 गेंद, 54 रन, 5 चौके, 3 छक्के), आंद्रे रसल (19 गेंद, 41 रन, 4 चौके, 3 छक्के) और रिंकू सिंह (8 गेंद, 26 रन, 1 चौका, 3 छक्का) की विस्फोटक पारियों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 272 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में दिल्ली की टीम 17.2 ओवरों में 166 रन पर सिमट गई। दिल्ली की तरफ से कप्तान ऋषभ पंत (55) और ट्रिस्टन स्टब्स (54) ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका, 6 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके।

विशाखापत्तनम, 4 अप्रैल (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में अपने 200 छक्के पूरे किए।

रसेल ने केवल 19 गेंदों में 215.79 के स्ट्राइक रेट से 41 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 17वें ओवर में मिशेल मार्श की गेंद पर छक्का जड़कर अपना 200वां छक्का पूरा किया।

इससे पहले पिछले हफ्ते शुक्रवार को रसेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 100 विकेट पूरे किए थे। रसेल ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुनील नरेन (39 गेंद, 85 रन, 7 चौके, 7 छक्के), अंगक्रिस रघुवंशी (27 गेंद, 54 रन, 5 चौके, 3 छक्के), आंद्रे रसेल (19 गेंद, 41 रन, 4 चौके, 3 छक्के) और रिंकू सिंह (8 गेंद, 26 रन, 1 चौका, 3 छक्का) की विस्फोटक पारियों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 272 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में दिल्ली की टीम 17.2 ओवरों में 166 रन पर सिमट गई। दिल्ली की तरफ से कप्तान ऋषभ पंत (55) और ट्रिस्टन स्टब्स (54) ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका, 6 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके।

– अपहृत ईरानी जहाज एमवी अल कंबर को नौसेना ने सोमालियाई डाकुओं से छुड़ाया था
– अरब सागर में 12 घंटे ऑपरेशन के बाद 23 पाकिस्तानी नागरिक बचाए थे नौसेना ने

नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी सोमालिया में ईरानी जहाज एफवी अल कंबर को अपहृत करने वाले सभी नौ समुद्री लुटेरों को पश्चिमी तट पर लाकर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया । अरब सागर में यह घटना 29 मार्च को हुई थी, जिसमें भारतीय नौसेना ने समुद्री डकैती रोकने के साथ ही 23 पाकिस्तानी नागरिकों को बचाया था। बुधवार देररात मुंबई लाए गए इन सोमालियाई लुटेरों के विरुद्ध अब आगे की कार्रवाई समुद्री कानून के तहत की जाएगी।

भारतीय नौसेना को 28 मार्च की देरशाम ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज (एफवी) ”अल-कंबर 786” को अरब सागर में अपहृत किए जाने की सूचना मिली थी। समुद्री डकैती का इनपुट मिलने पर नौसेना ने समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए अरब सागर में तैनात अपने दो जहाजों आईएनएस त्रिशूल और आईएनएस सुमेधा को अपहृत एफवी को रोकने के लिए डायवर्ट कर दिया। समुद्री डकैती रोधी अभियानों के दौरान भारतीय नौसेना के जहाजों और मरीन कमांडो ने 29 मार्च को एफवी अल कंबर में सवार नौ समुद्री लुटेरों को सरेंडर करने के लिए मजबूर कर दिया। लगभग 12 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद चालक दल के 23 पाकिस्तानी नागरिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया।

इसके बाद नौसेना की विशेषज्ञ टीमों ने एफवी की स्वच्छता और समुद्री योग्यता की जांच पूरी की। यमन के पास सोमालियाई समुद्री डाकुओं से बचाए गए चालक दल के 23 पाकिस्तानी सदस्यों ने भारतीय नौसेना का शुक्रिया अदा किया और ”भारत जिंदाबाद” के नारे लगाए। समुद्री डकैती रोधी अधिनियम-2022 के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार किए गए सभी नौ समुद्री लुटेरों को आईएनएस त्रिशूल से देर रात मुंबई लाकर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

पूर्वी चंपारण,04 अप्रैल(हि.स.)। एसएसबी 71वीं वाहिनी बेलदारवा मठ के बाहरी सीमा चौकी के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर कारवाई करते हुए 90 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।इसकी जानकारी देते एसएसबी सहायक कमांडेट विश्वास के.एम ने बताया कि गुप्त सूचना पर टीम द्धारा आदापुर पुलिस को सूचित करते हुए भारत नेपाल सीमा के पिलर संख्या 385/3 से लगभग 600 मीटर भारतीय गांव लहराटोला के पास लगभग 90 किलो गांजा के 6 पॉलीथीन पैकेट 03 मोबाइल के साथ तीन तस्करो को गिरफ्तार किया गया। तीनो नेपाल से गांजा लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे।

पकड़े गए तस्करों में सिसवा अजगरी थाना बंजरिया निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद मुस्लिम, सिसवा अजगरी थाना बंजरिया निवासी हरिमोहन कुमार, सिसवा थाना बंजरिया निवासी मायालाल कुमार जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। जब्त गांजा को आदापुर पुलिस स्टेशन को सौंपने की कार्यवाही की जा रही है।

छापेमारी टीम में सहायक कमांडेट विश्वास के.एम,पार्टी कमांडर गौतम अधिकारी,एएसआई जीडी राजा रामासामी सीटी जीडी अमित कुमार पांडे,गुरबेज सिंह व बिहार पुलिस के रामाधार साह व रियाज अहमद शामिल थे।

पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान सात चरण में होगा। इसको लेकर सभी पार्टियों ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। बिहार में सभी चरणों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित गृहमंत्री अमित शाह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कम से कम 13 जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज जमुई में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। उनकी दूसरी जनसभा सात अप्रैल को नवादा लोकसभा क्षेत्र में होगी। नवादा में भाजपा के विवेक ठाकुर राजग के उम्मीदवार हैं। यहां भी पहले चरण में ही चुनाव होना है। प्रधानमंत्री की अगली जनसभा गया और भागलपुर में 16 अप्रैल को होगी। 17 अप्रैल को पहले चरण का प्रचार शाम पांच बजे थम जाएगा। पहले चरण की औरंगाबाद लोकसभा सीट के लिए हो रहे चुनाव के प्रचार में छह अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार आयेंगे। औरंगाबाद में उनकी सभा होगी।

पहले चरण की चार सीटें गया, नवादा,औरंगाबाद और जमुई हैं । दूसरे चरण में किशनगंज,कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में 26 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरे चरण में सात मई को झंझारपुर, सुपौल,अरिरया, मधेपुरा और खगड़िया में मतदान होगा। चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, और मुंगेर में मतदान होगा। पांचवें चरण में 20 मई को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण औ हाजीपुर में वोट डाले जाएंगे।

छठे चरण में 25 मई को वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज तथा सातवें और अंतिम चरण में नालंदा, पटना साहेब, पाटलिपुत्र, आरा, सासाराम, काराकाट औ जहानाबाद में एक जून को मतदान होगा।

 

file photo

बिहारशरीफ,3 अप्रैल (हि.स)। बिहार की संस्कृति में खाजा पूरी तरह रचा बसा है। खाजा संदेश का एक ठोस स्वरूप है। मिठास से भरपूर इस मिठाई के लोग दिवाने हैं। इसकी मिठास देश के अलावे विदेशों में भी है। खाजा के निर्माण में अब गुड़ का प्रयोग शुरू हुआ है। पहले इसे बनाने के लिए चीनी की मिठास घोली जाती थी। गुड़ की मिठास के साथ तैयार किया जा रहा खाजा लोगों को खूब पंसद आ रहा है।

बिहार स्थित राजगीर नालंदा के बीच एक नगर है सिलाव। सिलाव अपनी एक खास तरह की मिठाई के लिए बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश और यहां तक की दुनिया के कई देशों में प्रसिद्ध है। सिलाव में करीब खाजे की सौ से अधिक दुकानें हैं।यहां का खाजा बेहद खास होता है, जिसे 52 परतों में बनाया जाता है। यहां मीठा और नमकीन दोनों तरह के खाजा बनाए जाते हैं। सिलाव के खाजा को इंटरनेशनल पहचान दिलाने में काली शाह खाजा दुकान के संचालक संजीव कुमार का अहम रोल है।गुड़ निर्मित खाजा की डिमांड बढ़ी।

संजीव कुमार बताते हैं कि गुड़ से निर्मित खाजा की डिमांड पहले से काफी बढ़ गई है। प्रतिदिन 60 से 70 किलो गुड़ निर्मित खाजा बेचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुगर से पीड़ित लोग चीनी से निर्मित खाजा खाने से बचते हैं। गुड़ निर्मित खाजा चीनी के मुकाबले कम नुकसानदायक हो सकता है। ऐसी ही सोच के साथ उन्होंन खाजा के निर्माण में गुड़ का प्रयोग शुरू किया,जो सफल होता दिख रहा है। यहां चार प्रकार का खाजा बनता है।सिलाव के खाजा को भौगोलिक संकेत दिया गया है। जी टैग मिलने से खाजा की डिमांड और बढ़ गई है।

डीडीसी ने की सात निश्चय योजना के प्रगति की समीक्षा

Chhapra: उप विकास आयुक्‍त, सारण की अध्‍यक्षता में 7 निश्‍चय योजना की समीक्षा बैठक आज दिनांक 03.04.2024 को की गई। जिसके अंतर्गत स्‍टूटडेन्‍ट क्रेडिट योजना, स्‍वयं सहायता भत्‍ता, कुशल युवा कार्यक्रम, हर-घर नल का जल (शहरी / ग्रामीण), ठोस तरल अपशिष्‍ट प्रबंधन (शहरी / ग्रामीण), सोलर स्‍ट्रीट लाईट योजना, हर खेत तक सिंचाई का पानी योजनाओं का समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्‍त के द्वारा नाराजगी व्‍यक्‍त की गई उप विकास आयुक्‍त के द्वारा निदेश दिया गया कि जल्‍द से जल्‍द WPU का निर्माण किया जाए वार्डो में अधिक से अधिक सोलर स्‍ट्रीट लाईट लगाया जाए। ठोस एवं तरल अपशिष्‍ट प्रबंधन प्रोसेसिंग का कार्य प्रारम्‍भ किया जाए।

इसके लक्ष्‍य के प्राप्ति के लिए सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत / जिला पंचायती राज पदाधिकारी / प्रबंधक, डी.आर.सी.सी. / नगर निगम / कार्यपालक अभियंता, नहर प्रमाण्‍डल, एकमा एवं मढौरा / कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग को दिशा निदेश दिया गया।