अयोध्या,15 अप्रैल (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर रामनवमी पर्व के सम्बंध में कुछ नयी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि मन्दिर में मंगला आरती के पश्चात ब्रह्म मुहूर्त में अति-प्रातः 3:30 बजे से अभिषेक श्रृंगार एवं दर्शन साथ-साथ चलते रहेंगे। श्रृंगार आरती प्रातः 5 बजे होगी। श्री रामलला का दर्शन एवं सभी पूजा विधि यथावत साथ-साथ चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि दर्शन का समय बढ़ाकर 19 घंटे कर दिया गया है,जो मंगला आरती से रात 11 बजे तक चलेगा। भगवान को चार बार भोग लगाने के लिए सिर्फ पांच-पांच मिनट ही पर्दा बंद रहेगा।

उन्होंने श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि पर्दा बन्द रहने के समय धैर्य बनाकर रहें एवं श्री राम नाम संकीर्तन तथा प्रभु का भजन करते रहें। उन्होंने बताया कि रात्रि 11 बजे तक दर्शन का क्रम पूर्ववत चलता रहेगा। तत्पश्चात परिस्थिति अनुसार भोग एवं शयन आरती होगी। शयन आरती के पश्चात प्रसाद मन्दिर निकास मार्ग पर मिलेगा।

ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने बताया कि दर्शनार्थी अपना मोबाइल, जूता, चप्पल, बड़े-बैग एवं प्रतिबंधित सामग्री आदि जितना दूर सुरक्षित रखकर आएंगे, दर्शन में उतनी ही अधिक सुविधा होगी। संभवतः ये सभी सामान आदि अपने गुरू स्थान आदि में रखें तो सुगमता रहेगी। उन्होंने बताया कि दर्शन मार्ग पर यात्री सुविधा केंद्र पर रेल आरक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 16, 17, 18 एवं 19 अप्रैल को सुगम दर्शन पास, वी.आई.पी. दर्शन पास, मंगला आरती पास, श्रृंगार आरती पास एवं शयन आरती पास नहीं बनेंगे अर्थात किसी भी प्रकार के पास जारी नहीं किए जाएंगे। अर्थात उपरोक्त दिनों में सभी सुविधाएँ निरस्त रहेगी।

उन्होंने कहा कि सुग्रीव किला के नीचे, बिड़ला धर्मशाला के सामने, श्री रामजन्मभूमि प्रवेश द्वार पर ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ द्वारा यात्री सेवा केन्द्र बनाया गया है। जिसमें जन-सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि मन्दिर में संपन्न होने वाले सभी कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में लगभग 80 से 100 स्थानों पर एल.ई.डी. स्क्रीन लगाकर दिखाया जाएगा। यह कार्य प्रसार भारती द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया गया है। इसका सीधा प्रसारण उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने सभी सम्मानित श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि केवल रामनवमी के दिन सभी कार्यक्रमों का आनन्द घर बैठे अथवा जो जहां हो, मोबाइल पर, टेलीविजन पर और स्थान-स्थान पर लगी हुई एल.ई.डी. स्क्रीन पर देखकर, प्रभु श्री राम जी की कृपा प्राप्त कर, जीवन धन्य करें और राम नवमी के पश्चात अपनी सुविधानुसार अयोध्या धाम आकर प्रभु श्री रामलला जी के दर्शन लाभ कर, प्रसाद ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि राम नवमी के दिन अनावश्यक भाग-दौड़ और परेशानी से बचें।

Chhapra: लोकसभा चुनाव के अवसर पर चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण जारी है। जिला मुख्यालय छपरा में पाँच अलग अलग प्रशिक्षण केन्द्रों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिलाधिकारी अमन समीर ने जिला स्कूल, बी सेमिनरी , सारण एकेडमी सहित अन्य सभी प्रशिक्षण केन्द्रों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोगों से संवाद भी किया। उनके द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित छोटी छोटी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गई। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रश्न भी पूछे।
इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग की वरीय प्रभारी उपविकास आयुक्त प्रियंका रानी, नोडल पदाधिकारी निदेशक डीआरडीए कय्यूम अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

पटना, 15 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में लिच्छवी एक्सप्रेस के साथ एक बड़ा हादसे होते होते टल गया।

मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रेलखंड के बेनीपुरग्राम हाल्ट और रुन्नी सैदपुर स्टेशन के बीच रामबाग धरहरवा के पास लिच्छवी एक्सप्रेस से एक ट्रैक्टर टकरा गया। हादसे में ट्रैक्टर की ट्रॉली ट्रेन के इंजन में फंस गई, जिसके कारण ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक रुकी रही।

बेनीपुरग्राम हाल्ट और रुन्नी सैदपुर स्टेशन के बीच रामबाग धरहरवा के पास रेल लाइन कर्व है। कॉशन के कारण लिच्छवी एक्सप्रेस के इंजन के सामने ट्रैक्टर आ गया। हालांकि लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रेन पटरी से नहीं उतरी, जिस वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद फौरन मौके पर पहुंचकर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के स्टाफ ने इंजन से ट्रॉली को बाहर निकाला और क्षतिग्रस्त इंजन को दुरुस्त किया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रेन को सीतामढ़ी के लिए रवाना किया गया।

मुंबई, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारत और मुंबई इंडियंस (एमआई) के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में 500 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

रोहित ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।

रोहित ने मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 63 गेंदों में 105* रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल थे। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने 166.67 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए।

मैच में लगाए गए 5 छक्कों के साथ ही टी-20 क्रिकेट में रोहित के नाम 502 छक्के हो गए हैं।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल (1,056 छक्के) के हैं, उनके बाद वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (860 छक्के), आंद्रे रसेल (678 छक्के) और कॉलिन मुनरो (548 छक्के) हैं।

रोहित ने इस आईपीएल सीजन के छह मैचों में 52.20 की औसत और 167 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से एक शतक के साथ 261 रन बनाए हैं।

मैच की बात करें तो मुंबई ने टॉस जीतकर सीएसके को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया।

अजिंक्य रहाणे (5) और रचिन रवींद्र (16 गेंदों में 21 रन, दो चौका और एक छक्का) ज्यादा प्रभाव नहीं डाल पाए, हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (40 गेंदों में 69 रन, पांच चौके और पांच छक्के) और शिवम दुबे (38 गेंदों में नाबाद 66 रन, 10 चौके और दो छक्के) और अंतिम ओवर में एमएस धोनी (चार गेंदों में नाबाद 20 रन, तीन छक्के) की विस्फोटक पारी की बदौलत सीएसके ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 206 रन बनाए। मुंबई के लिए हार्दिक पांड्या ने 2, श्रेयस गोपाल और गेराल्ड कोएत्ज़ी को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने शानदार शुरुआत की, ईशान किशन (15 गेंदों में 23 रन, तीन चौका, एक छक्का) और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। रोहित अपना दूसरा आईपीएल शतक बनाने में सफल रहे, लेकिन तिलक वर्मा (31 रन) के अलावा रोहित को किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला और मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन ही बना सकी और 20 रन से मैच हार गई।

सीएसके के लिए मथीशा पथिराना (4/28) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। मुस्ताफिजुर रहमान और तुषार देशपांडे को भी 1-1 विकेट मिला।

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सलामी बल्लेबाज और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 2,000 रन पूरे कर लिए हैं, ऐसा करने वाले वह अपनी फ्रेंचाइजी के केवल चौथे खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा वह आईपीएल में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं।

27 वर्षीय खिलाड़ी ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चिर प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ यह उपलब्धियां हासिल कीं।

गायकवाड़ ने 40 गेंदों में 172.50 की स्ट्राइक रेट से 69 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने पांच चौकों और पांच शानदार छक्के लगाए।

गायकवाड़ ने 58 आईपीएल मैचों में 39.62 की औसत और 134.91 की स्ट्राइक रेट से 2,021 रन बनाए हैं। उन्होंने 57 पारियों में एक शतक और 16 अर्द्धशतक बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* है। वह सीएसके के लिए आईपीएल में फाफ डु प्लेसिस (92 मैचों में 2,721 रन), एमएस धोनी (226 मैचों में 4,547 रन) और सुरेश रैना (176 मैचों में 4,687 रन) के बाद चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

वह केवल 57 पारियों में इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। इस सूची में उनसे ऊपर क्रिस गेल (48 पारी) और शॉन मार्श (52 पारी) हैं।

सीएसके के साथ गायकवाड़ का सबसे अच्छा सीज़न, एक फ्रेंचाइजी जिसका उन्होंने 2020 में अपने पदार्पण के बाद से प्रतिनिधित्व किया है, 2021 सीज़न था। उस सीज़न में, उन्होंने 16 मैचों में 45.35 की औसत और 136.26 की स्ट्राइक रेट से 635 रन बनाए, जिसमें एक शतक और चार अर्द्धशतक शामिल थे। उन्होंने सर्वाधिक रनों के लिए ‘ऑरेंज कैप’ और ‘मेन इन येलो’ के लिए पांचवां आईपीएल खिताब भी जीता।

इस सीज़न में, गायकवाड़ ने अब तक छह मैचों में 44.80 की औसत और 130 से अधिक की स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतकों के साथ 224 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 है, जिससे वह इस सीज़न में सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

मैच की बात करें तो मुंबई ने टॉस जीतकर सीएसके को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया।

अजिंक्य रहाणे (5) और रचिन रवींद्र (16 गेंदों में 21 रन, दो चौका और एक छक्का) ज्यादा प्रभाव नहीं डाल पाए, हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (40 गेंदों में 69 रन, पांच चौके और पांच छक्के) और शिवम दुबे (38 गेंदों में नाबाद 66 रन, 10 चौके और दो छक्के) और अंतिम ओवर में एमएस धोनी (चार गेंदों में नाबाद 20 रन, तीन छक्के) की विस्फोटक पारी की बदौलत सीएसके ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 206 रन बनाए। मुंबई के लिए हार्दिक पांड्या ने 2, श्रेयस गोपाल और गेराल्ड कोएत्ज़ी को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने शानदार शुरुआत की, ईशान किशन (15 गेंदों में 23 रन, तीन चौका, एक छक्का) और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। रोहित अपना दूसरा आईपीएल शतक बनाने में सफल रहे, लेकिन तिलक वर्मा (31 रन) के अलावा रोहित को किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला और मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन ही बना सकी और 20 रन से मैच हार गई।

सीएसके के लिए मथीशा पथिराना (4/28) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। मुस्ताफिजुर रहमान और तुषार देशपांडे को भी 1-1 विकेट मिला।

Chhapra:  चैत्र मास में मनाया जाने वाला चैती छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। सोमवार की सुबह उगते सूर्य का छठव्रतियों ने लोक परम्परा के अनुसार पूजा अर्चना की और भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया।

घाट, नहर के साथ ही पोखर में छठव्रतियों ने पूजा अर्चना की और भगवान भास्कर की अराधना करते हुआ अर्घ्य प्रदान किया। मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हुए थे।

प्रकृति को समर्पित प्राकृतिक समानों के साथ घर में बने पकवान को सूप में लेकर जल में खड़े होकर छठव्रतियों ने पूजा अर्चना की। लोक आस्था का महापर्व छठ की छटा अब चैत्र मास को मनाए जाने वाले चैती छठ को लेकर बढ़ रही है। बड़ी संख्या में चैती छठ भी छठव्रती करने लगे हैं। पूजा उपरांत लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

आज का पंचांग
दिनांक 15 /04 /2024 सोमवार
चैत्र शुक्लपक्ष सप्तमी
दोपहर 12:11 उपरांत अष्टमी
विक्रम सम्वत :2081
नक्षत्र : पुनर्वसु
सुबह 03:05 उपरांत पुष्य
(16 अप्रैल 2024)
चन्द्र राशि मिथुन
रात्रि 08:39 उपरांत कर्क
सूर्योदय 05:27 सुबह
सूर्यास्त :06:13 संध्या
चंद्रोदय :10:42 सुबह
चंद्रास्त 01:04 सुबह (16 अप्रैल 2024)
लगन :मेष 07:03 सुबह उपरांत वृष
मेष लगन
ऋतू : बसंत
चौघडिया,
दिन चौघड़िया:
अंमृत 05:27 सुबह 07:02 सुबह
काल 07:02 सुबह 08:38 सुबह
शुभ 08:38 सुबह 10:14सुबह
रोग 10:14 सुबह11:50 दोपहर
उद्देग 11:50 दोपहर 01:25 दोपहर
चर 01:25 दोपहर 03:01 दोपहर,
लाभ 3:01 दोपहर 04:37 संध्या
अमृत 04:37 संध्या 06:13 संध्या
राहुकाल
सुबह 07:02 से 08:38 सुबह
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:24 से 12:15 दोपहर
दिशाशूल पूर्व
यात्रा विचार :आज कही यात्रा पर जाने के पहले दर्पण में चेहरा देखकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.
बसंत नवरात्रि का सातवा दिन कालरात्रि माता माँ की पूजा की जाएगी .

जम्मू, 14 अप्रैल (हि.स.)। वार्षिक अमरनाथ यात्रा इस साल 29 जून से शुरू होगी। अमरनाथ यात्रा का पंजीकरण सोमवार से शुरू होगा।

अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने रविवार को कहा कि अमरनाथ यात्रा 2024 इस साल 29 जून से शुरू होगी। इसमें कहा गया कि 50 दिवसीय यात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी, जबकि पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा।

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। फिल्म अभिनेता सलमान खान के मुंबई में बांद्रा स्थित आवास के बाहर रविवार सुबह तकरीबन पांच बजे दो अज्ञात बदमाश फायरिंग कर फरार हो गए। घटना में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुंबई पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना के समय सलमान खान घर पर ही थे।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 5 बजे दो अज्ञात बदमाश दोपहिया वाहन पर बांद्रा पश्चिम में स्थित सलमान खान के घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग की। बदमाशों ने लगातार 4 राउंड फायरिंग की।

घटना की जानकारी मिलते ही बांद्रा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और सलमान खान के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।

उल्लेखनीय है कि सलमान खान को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। कुछ दिन पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने एक टेलीविजन इंटरव्यू में कहा था कि सलमान खान को मारना उसकी जिंदगी का मकसद है।

बिश्नोई की धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान की सुरक्षा की समीक्षा कर उनकी सुरक्षा बढ़ाई थी। कुछ दिन पहले अभिनेता-गायक गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा स्थित आवास पर भी लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने हमला किया था। कहा जा रहा है कि इस हमले की वजह सलमान खान के साथ उनके करीबी रिश्ते थे। हालांकि सलमान खान को वाई प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है, लेकिन आज उनके आवास के सामने फायरिंग के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

– 15 से 18 अप्रैल तक के बीच के ऑनलाइन बने सभी पास किये गए निरस्त
– ट्रस्ट की अपील राम लला के जन्मोत्सव पर मोबाइल लेकर ना आएं मन्दिर

अयोध्या,14 अप्रैल (हि.स.)। रामनवमी पर श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में रामलला का वीआईपी दर्शन नहीं हो पायेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की ओर से रामलला के 15 से 18 अप्रैल तक वीआईपी दर्शन को पूर्ण रूप से प्रतिबंध किया गया है। इस दौरान किसी भी तरह के वीआईपी दर्शन और पहले से बने वीआईपी पास पर रोक लगा दी गई है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रविवार को गाइडलाइन जारी किया है। जिसमें 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक किसी भी तरह के वीआईपी दर्शन और वीआईपी पास पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान श्रद्धालु सुगम दर्शन पास और आरती के पास का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक के बीच के ऑनलाइन बना लिए गए पास निरस्त किये गए हैं।

ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने लोगों से अपील किया है कि राम लला के जन्मोत्सव के मौके पर मोबाइल लेकर राम जन्मभूमि ना आएं। साथ ही रामलला के दर्शन को लेकर जारी पूर्व पास को राम मंदिर ट्रस्ट ने निरस्त किया।

-मथीशा पथिराना को मैन ऑफ द मैच चुना गया

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 29वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग ने मुंबई को 20 रन से हरा दिया है। इस मैच में मुंबई की तरफ से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। रोहित 105 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके बावजूद मुंबई इस मैच को जीत नहीं सकी। सीएसके के मथीशा पथिराना को उनकी शानदार गेंदबाजी 28 रन देकर 4 विकट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेल गए मुकाबले में चेन्नई ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 206 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में मुंबई 20 ओवर में छह विकेट खोकर सिर्फ 186 रन बना सकी और 20 रन से मुकाबला हार गई। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रोहित शर्मा ने 105 रन (नाबाद) बनाये। रोहित का अपने आईपीएल करियर का यह दूसरा शतक था। हालांकि, उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। वहीं ईशान किशन ने 23, सुर्यकुमार शून्य, तिलक वर्मा ने 31, कप्तान हार्दिक पांड्या ने 2, टिम डेविड ने 13, आर शोफर्ड ने 01 रन और मो. नबी ने चार रन बनाये। सीएएसके की तरफ से एम.. पथिराना ने चार विकेट चटकाए, जबकि तुषार देशपांंडे और मुस्तफिजुर रहमान को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले, सीएसके की तरफ से अजिंक्ये रहाणे (5) रन, रचिन रवीन्द्र (21), कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 69 रन और शिवम दुबे 66 रन बनाए, जबकि डेरैल मिचेल ने 17 रन और आखिरी चार गेंदों में तीन छक्कों की मदद से धोनी ने 20 रन जोड़े। मुंबई की तरफ से कप्तान हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिये जबकि कोएट्जे और एस गोपाल को एक-एक सफलता मिली।

लाहौर/नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। पाकिस्तान की जेल में बंद रहे भारतीय सरबजीत सिंह की हत्या करने के आरोपित एवं आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के करीबी सहयोगी आमिर सरफराज ताम्बा की रविवार को लाहौर में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। आमिर सरफराज ताम्बा को लाहौर का असली डॉन के नाम से जाना जाता था जो संपत्ति की खरीद-फरोख्त और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था।

सूत्रों ने बताया कि ताम्बा पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने पाकिस्तान में लाहौर के इस्लामपुरा इलाके में हमला किया और उसे नाजुक हालत में एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

बता दें, कड़ी सुरक्षा वाली कोट लखपत जेल के अंदर ताम्बा सहित अन्य कैदियों द्वारा किए गए बर्बर हमले के कुछ दिनों बाद सरबजीत सिंह (49) की दो मई 2013 की सुबह लाहौर के जिन्ना अस्पताल में दिल का दौरा पडऩे से मृत्यु हो गई थी। हमले के बाद, करीब एक हफ्ते तक सिंह अचेत रहे थे।

ताम्बा का जन्म 1979 में लाहौर में हुआ था और वह लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक का करीबी सहयोगी था। लाहौर का असली डॉन नाम से कुख्यात ताम्बा संपत्ति की खरीद-फरोख्त और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। पाकिस्तानी कैदियों के एक समूह ने सिंह पर ईंट और लोहे की छड़ों से हमला किया था। सरबजीत सिंह को कई झूठे आरोपों में मौत की सजा सुनाई गई थी।

जानकारी के अनुसार, ताम्बा के शरीर पर चार गोलियों के घाव हैं, जिनमें से दो-दो गोलियां छाती और पैरों में लगी हैं। एक बंदूकधारी ने हेलमेट पहन रखा था, दूसरे ने चेहरे पर नकाब डाल रखा था और दोनों उस पर गोली चलाने के बाद घटनास्थल से भाग गए। सूत्रों ने बताया कि ताम्बा अपनी आपराधिक गतिविधियों के लिए कारावास के दौरान जेल के अंदर मोबाइल फोन सहित सभी सुविधाएं प्राप्त कर रहा था।