Chhapra: 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला संयुक्त औषधालय, सदर अस्पताल,छपरा (सारण) में आयोजित कार्यक्रम में श्री मोती सिंह जागेश्वरी आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य प्रो. डॉ. संपूर्णानंद तिवारी को जिलादेशी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य महोदय के सम्मानित किए जाने से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी इस सम्मान से उत्साहित हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद को राष्ट्रीय चिकित्सा पद्धति के रूप में सुदृढ़ बनाने तथा आयुर्वेद चिकित्सा को जनहितकारी एवं अधिक प्रभावी बनाने के विषय पर जिले के आयुर्वेद चिकित्सकों के बीच विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा को जन-जन तक पहुँचाने तथा आम लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में आम जनता को रहन-सहन, खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। लोगों को स्वस्थ रहने के उपायों तथा दैनिक जीवन में आयुर्वेद के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर जिलादेशी चिकित्सा पदाधिकारी ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ाने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से आयुर्वेद के सिद्धांतों एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा की विशेषताओं एवं इसके महत्व के बारे में आमजनों को जानकारी दी गई तथा आयुर्वेद को जनहित से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने पर बल दिया गया।
अंत में जिलादेशी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी उपस्थित चिकित्सकों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार एवं धन्यवाद यापन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


















