Chhapra: डीज़ल-पेट्रोल के बढ़ते दाम और एलपीजी की भारी किल्लत ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ाईं: उक्त बातें बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नदीम अंसारी ने कही l
उन्होंने कहा की आज देश व प्रदेश में लगातार बढ़ती महँगाई के बीच डीज़ल और पेट्रोल के दामों में तेज़ बढ़ोतरी तथा एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम नागरिकों का जीवन और कठिन बना दिया है। रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम पहले ही आसमान छू रहे हैं, ऐसे में ईंधन कीमतों में यह अचानक उछाल जनता पर दोहरी मार के समान है।
श्री अंसारी ने कहा की हाल के दिनों में कई जिलों से सूचना मिली है कि यह स्थिति न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को प्रभावित कर रही है, बल्कि परिवहन, छोटे कारोबार, किसानों और श्रमिकों पर भी भारी असर डाल रही है। ईंधन महँगा होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिससे बाजार में जरूरत की चीज़ें और महँगी हो रही हैं।
आगे उन्होंने कहा की सरकार की नीतियाँ सवालों के घेरे में है, इन गंभीर समस्याओं के बीच सरकार की चुप्पी और ठोस कदमों का अभाव चिंता पैदा करता है। जनता यह जानना चाहती है कि—
• ईंधन की कीमतें लगातार क्यों बढ़ रही हैं?
• एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने के पीछे कौन-कौन से कारण हैं?
• सरकार महँगाई से राहत देने के लिए क्या कदम उठा रही है?
सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को राहत देने की होनी चाहिए, न कि आवश्यक ईंधन और रसोई गैस को आम जनता की पहुँच से दूर करने की।















