Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे सेवा तीर्थ, कर्तव्य भवन-1 एवं 2 का उद्घाटन

2 Min Read

नई दिल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर नई दिल्ली में ‘सेवा तीर्थ, कर्तव्य भवन-1 एवं 2 का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह की पूर्व संध्या पर यह जानकारी आधिकारिक बयान में दी गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपने एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम का विवरण साझा किया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर बताया कि नवनिर्मित सेवा तीर्थ परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय होंगे। कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और जनजातीय कार्य समेत कई मंत्रालय होंगे।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे नवनिर्मित प्रधानमंत्री कार्यालय परिसर का सेवा तीर्थ के रूप में औपचारिक रूप से नामकरण करेंगे और इसके बाद सेवा तीर्थ तथा कर्तव्य भवन-1 एवं 2 का उद्घाटन करेंगे। शाम छह बजे प्रधानमंत्री सेवा तीर्थ में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

कई दशकों से केंद्रीय मंत्रालय और कार्यालय सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में अलग-अलग इमारतों में बिखरे हुए थे। इससे कार्यक्षमता में कमी, समन्वय की चुनौतियां, रखरखाव की बढ़ती लागत और उपयुक्त कार्य वातावरण की कमी जैसी समस्याएं सामने आती थीं। नई व्यवस्था से इन समस्याओं का समाधान होगा और प्रशासनिक कार्य एक आधुनिक, कुशल और नागरिक-केंद्रित ढांचे में संचालित होंगे।

दोनों परिसरों में डिजिटल रूप से एकीकृत कार्यालय, संरचित सार्वजनिक इंटरफेस जोन और केंद्रीकृत रिसेप्शन हैं। यह सहयोग, दक्षता, पारदर्शी शासन, बेहतर नागरिक सहभागिता और कर्मचारियों के कल्याण को बढ़ावा देंगे। भवनों को 4-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग के अनुसार डिजाइन किया गया है। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा प्रणाली, जल संरक्षण उपाय, अपशिष्ट प्रबंधन समाधान और उच्च प्रदर्शन वाली संरचनाएं शामिल हैं। साथ ही, स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल, निगरानी नेटवर्क और उन्नत आपातकालीन प्रतिक्रिया ढांचे जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं भी मौजूद हैं।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article