Chhapra: जय प्रकाश विश्वविद्यालय सेवानिवृत्त शिक्षक संघ की बैठक रविवार को जय प्रकाश विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के पूर्व प्रोफेसर कुमार वीरेश्वर सिन्हा की अध्यक्षता में उनके आवास पर आयोजित हुई। बैठक में संघ के महासचिव डॉ. कामेश्वर प्रसाद सिंह, डॉ. चंद्रिका प्रसाद यादव एवं डॉ. विजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे।
लाइफ सर्टिफिकेट ऑनलाइन लेने का आग्रह
बैठक में महासचिव डॉ. कामेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों से लाइफ सर्टिफिकेट ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करने की व्यवस्था करने को लेकर उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत कर आग्रह किया है। इस पर कुलपति ने सकारात्मक पहल करते हुए सार्थक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
बैठक में कहा गया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों को प्रत्येक वर्ष लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए होने वाली परेशानियों को देखते हुए ऑनलाइन व्यवस्था काफी सुविधाजनक होगी। इससे दूर-दराज रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी राहत मिलेगी।
पेंशन भुगतान की विवरणी उपलब्ध कराने की मांग
बैठक में विश्वविद्यालय द्वारा पेंशन भुगतान की राशि की विवरणी उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। संघ के सदस्यों ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि पेंशन की राशि किस मद में और कितनी प्राप्त हुई है।
शिक्षकों ने बताया कि वर्तमान में कोषागार के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है, लेकिन भुगतान की विस्तृत विवरणी उपलब्ध नहीं हो रही है। जबकि पूर्व में बैंक के माध्यम से पेंशन भुगतान होने के दौरान राशि की विवरणी प्राप्त होती थी। संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पेंशन भुगतान के साथ संबंधित विवरणी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग की।



















