Chhapra: आगामी छठ महापर्व को देखते हुए छपरा शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्यों को लेकर पहल तेज हो गई है। छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने नगर आयुक्त के साथ राजेंद्र सरोवर पोखरा परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
राजेंद्र सरोवर के विकास एवं मरम्मत कार्यों का मुद्दा बिहार विधानसभा के सदन में आयोजित बैठकों के दौरान भी उठाया गया था। विधायक छोटी कुमारी ने इस दिशा में अपनी पहल जारी रखते हुए नगर आयुक्त के साथ स्थल निरीक्षण किया और परिसर में आवश्यक सुधार कार्यों पर विशेष जोर दिया, ताकि छठ महापर्व से पहले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने राजेंद्र सरोवर परिसर में क्षतिग्रस्त पैदल पथ की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, पश्चिम दिशा में पीपल के पेड़ के समीप प्रवेश द्वार का निर्माण, पोखरा के अंदर गोलंबर से मंदिर तक लगभग 30 मीटर सड़क का निर्माण तथा क्षतिग्रस्त स्लोप का पुनर्निर्माण कराने की आवश्यकता पर विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि इन सभी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, पोखरा परिसर की साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था और समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि राजेंद्र सरोवर छपरा शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छठ महापर्व के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए परिसर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र सरोवर का व्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण केवल छठ महापर्व की तैयारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और छपरा की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और इस ऐतिहासिक स्थल को एक नया स्वरूप मिलेगा।
विधायक ने उम्मीद जताई कि नगर निगम इन आवश्यक कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करेगा, ताकि आगामी छठ महापर्व स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाना, धार्मिक स्थलों का संरक्षण करना और छपरा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।



















