Chhapra: छपरा बाईपास (एनएच-19) परियोजना के अंतर्गत ग्राम मेथवालिया में किलोमीटर 150 पर स्थित फ्लाईओवर के एलएचएस (बायां भाग) को मंगलवार, 29 सितंबर को अपराह्न पांच बजे से हल्के एवं भारी वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही इस मार्ग से वाहनों का परिचालन शुरू हो गया है।
यह व्यवस्था सारण के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, परियोजना कार्यान्वयन इकाई-छपरा के संयुक्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्रभावी की गई है।
मेथवालिया चौक पर घटेगा यातायात का दबाव
फ्लाईओवर के एलएचएस के चालू होने से मेथवालिया चौक पर यातायात का दबाव कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से भारी वाहनों के लिए फ्लाईओवर के माध्यम से सीधे आवागमन की सुविधा उपलब्ध होने से बाईपास पर यातायात संचालन अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा।
आवागमन में होगी सुविधा
फ्लाईओवर के इस हिस्से के यातायात के लिए उपलब्ध होने से मेथवालिया एवं आसपास के क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। साथ ही बाईपास पर वाहनों के सुचारू संचालन में मदद मिलेगी और प्रमुख चौक पर अनावश्यक यातायात दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी।

















