Chhapra: श्री मोती सिंह जागेश्वरी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में मंगलवार को लगातार आठवें माह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के सह-सचिव कीर्ति सिंह सोलंकी, रिशु सिंह सोलंकी एवं प्राचार्य डॉ. सम्पूर्णानन्द तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। महाविद्यालय के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक आयुर्वेदिक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही विभिन्न रोगों से बचाव, खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर आवश्यक सुझाव दिए गए। मरीजों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार एवं रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
महाविद्यालय के सह-सचिव कीर्ति सिंह सोलंकी ने कहा कि पिछले आठ माह से प्रत्येक माह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में लोगों की जांच के साथ आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया जाता है। समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना महाविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
रिशु सिंह सोलंकी ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। कई बार लोग छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और आयुर्वेदिक उपचार की सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय एवं अस्पताल का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। जनसेवा के इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
प्राचार्य डॉ. सम्पूर्णानन्द तिवारी ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उचित उपचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेष जोर दिया जाता है। महाविद्यालय एवं अस्पताल की ओर से भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ मजूमदार, आलोक कुमार, राकेश कुमार, समेत महाविद्यालय के चिकित्सक, प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



















