Chhapra: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब छपरा एवं सारण जिला कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में शहर स्थित श्री मोतीलाल जोगेश्वरी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सारण जिले के विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह का उद्घाटन रामाकांत सिंह सोलंकी, कोषाध्यक्ष, भारतीय कबड्डी महासंघ एवं डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, रोटेरियन पुनितेश्वर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कबड्डी, सेपक टकरा, फुटबॉल एवं योग प्रतियोगिताओं में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सारण जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए रामाकांत सिंह सोलंकी ने कहा कि सारण जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले को गौरवान्वित कर रहे हैं। आने वाले समय में ये खिलाड़ी सारण को खेल के क्षेत्र में और ऊंचाई तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलने से वे आगे चलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
इस अवसर पर सारण जिला कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष कुमार कौशलेंद्र, सेपक टकरा खेल संघ के सचिव तरुण कुमार, वुशु संघ के वरुण कुमार सहित कई खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मानित खिलाड़ी
सम्मान समारोह में शिवम कुमार, आदित्य कुमार, अमृतसर, विपुल कुमार, आदित्य कुमार सिंह, शुभम कुमार, अंकित कुमार, हर्ष राज, गोविंद कुमार, अनुराग गुप्ता, रितेश सिंह, रितिक सिंह, प्रियांशु राज, उज्ज्वल कुमार, आर्यन गुप्ता, अंकित कुमार, विवेक कुमार, आदित्य यादव, हिमांशु सिंह, त्रिशिका सिंह, निधि तिवारी, प्रियांशी कुमारी, हिना खातून, हिना परवीन, अंकिता कुमारी, आयुष कुमार, कश्मीर किशोर एवं बसु राज को सम्मानित किया गया।



















