Chhapra: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के कार्यालय कक्ष में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने की।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, सारण, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में लंबित ई-चालान एवं ट्रैफिक चालानों से संबंधित मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन ट्रैफिक चालानों के निस्तारण के लिए आने वाले पक्षकारों एवं वाहन स्वामियों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने तथा पूरी प्रक्रिया को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में ट्रैफिक चालानों के त्वरित एवं सुविधाजनक निष्पादन के लिए इस बार कुल चार समर्पित बेंच गठित करने का प्रस्ताव रखा गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आम लोगों से अपील की गई कि वे अपने लंबित ट्रैफिक चालानों एवं अन्य शमनीय मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराएं और सुलह-समझौते के साथ त्वरित न्याय एवं उपलब्ध छूट का लाभ उठाएं।
सचिव राजीव कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित नोटिस की तामीला समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पक्षकारों को इसकी जानकारी मिल सके और वे इस अवसर का लाभ उठा सकें।



















