Breaking News

विधायक छोटी कुमारी ने रिविलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया औचक निरीक्षण

3 Min Read

Chhapra: छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी ने गत रात्रि लगभग 11:00 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रिविलगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया।

विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल के सभी वार्डों, प्रसव कक्ष, जांच विभाग, एक्स-रे विभाग सहित विभिन्न इकाइयों का स्वयं जाकर जायजा लिया। इस दौरान पाया गया कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था अत्यंत खराब थी। कई स्थानों पर गंदगी फैली हुई थी तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों में जिम्मेदारी और सजगता की कमी दिखाई दी।

विज्ञापन

विधायक ने निरीक्षण के दौरान यह भी पाया कि डॉक्टर मेराज आलम अपने निर्धारित ड्यूटी समय में रोगियों की देखभाल के बजाय गहरी नींद में सोए हुए थे। विधायक ने उन्हें जगाकर कड़ी फटकार लगाई और कहा कि डॉक्टरों का सबसे बड़ा कर्तव्य रोगियों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि रात में ड्यूटी है तो डॉक्टरों को अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों की सेवा करनी चाहिए। कमरा बंद कर सो जाना और मरीजों की अनदेखी करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विज्ञापन
1 / 4
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान नाइट गार्ड की कार्यशैली पर भी सवाल उठे। विधायक ने देखा कि नाइट गार्ड बिना निर्धारित ड्रेस के ड्यूटी कर रहे थे तथा अस्पताल परिसर की स्थिति काफी अव्यवस्थित थी। वहीं सफाई कर्मी भी निर्धारित वर्दी के बजाय अनुचित अवस्था में पाए गए, जिस पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की।

विज्ञापन

मौके से ही विधायक ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी दी तथा अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आगे कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए अस्पतालों में डॉक्टर, दवा, एंबुलेंस एवं अन्य सुविधाओं पर भारी राशि खर्च की जाती है। इसके बावजूद यदि जनता को समुचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलेगी तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कुमार साह, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश प्रसाद, प्रखंड भाजपा अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, समाजसेवी अमित सिंह, महामंत्री प्रियाकांत कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुरंजन प्रसाद तथा सुधीर कुमार सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

विज्ञापन
Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें