Breaking News

जिलाधिकारी ने कोषागार वज्रगृह एवं कार्यालय का किया निरीक्षण

विज्ञापन

Chhapra: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कोषागार वज्रगृह एवं कोषागार कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और कार्य प्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वज्रगृह में रखे पुराने एवं गैर-जरूरी रद्दी अभिलेखों के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

विज्ञापन

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि डबल लॉक कोषागार वज्रगृह में रखे पुराने एवं गैर-जरूरी रद्दी रिकार्ड्स की इन्वेंट्री तैयार करने के लिए अपर समाहर्त्ता की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाए। समिति द्वारा गैर-जरूरी रिकार्ड्स एवं सामग्रियों की इन्वेंट्री तैयार करने के बाद संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति प्राप्त कर इन दस्तावेजों को नियमानुसार रिकॉर्ड रूम में जमा करने अथवा विनष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने वज्रगृह की आवश्यक मरम्मत, पर्याप्त साफ-सफाई तथा अभिलेखों और सामग्रियों को व्यवस्थित तरीके से रखने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यकतानुसार रैक (शेल्फ) की खरीद कर इन्वेंट्री सूची को प्रदर्शित करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव को सुनिश्चित करने को कहा।

विज्ञापन

कोषागार कार्यालय में जिलाधिकारी ने स्टाम्प पंजी, वेंडर पंजी, चालान पंजी, बायोमेट्रिक उपस्थिति पंजी, आगत पंजी तथा निर्गत पंजी का बारीकी से अवलोकन किया। इसके अलावा लिपिकों के कार्य आवंटन पंजी और लॉगबुक का भी निरीक्षण किया गया। बताया गया कि फरवरी माह में प्राप्त 209 पत्रों में से 204 का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 5 लंबित पत्रों के संबंध में संबंधित लिपिकों से जानकारी ली गई।

पेंशन से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनवरी एवं फरवरी माह में महालेखाकार कार्यालय से 60 सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन प्राधिकार पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से अब तक 45 पेंशनर्स का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष 15 का पेंशन भुगतान प्रक्रियाधीन है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि महालेखाकार कार्यालय से पेंशन प्राधिकार पत्र प्राप्त होते ही संबंधित डीडीओ (जहां से कर्मी सेवानिवृत्त हुए हैं) को अविलंब अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए कोषागार कार्यालय से पत्र के माध्यम से सूचित किया जाए। साथ ही इसकी जानकारी संबंधित कर्मी को भी देने का निर्देश दिया गया, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन भुगतान की प्रक्रिया सुगमता से पूरी हो सके।

इसके अतिरिक्त जीपीएफ भुगतान के लंबित मामलों में संबंधित डीडीओ को पत्र भेजकर आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान वरीय कोषागार पदाधिकारी, सहायक कोषागार पदाधिकारी सहित कोषागार कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें