Breaking News

फतेहाबाद–चंचलिया पुल सह पथ निर्माण योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, 589 करोड़ की परियोजना से गंडक पर बनेगा पुल

2 Min Read

फतेहाबाद–चंचलिया पुल सह पथ निर्माण योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, 589 करोड़ की परियोजना से गंडक पर बनेगा 2.28 किमी पुल

Chhapra: सारण जिले में प्रस्तावित फतेहाबाद–चंचलिया पुल सह पथ निर्माण योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत कुल 5.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण होगा, जिसमें गंडक नदी पर लगभग 2.28 किलोमीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 589 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुल के निर्माण से सारण जिले को मुजफ्फरपुर जिले से एक अतिरिक्त संपर्क मार्ग मिलेगा, जिससे आवागमन और क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पूरे प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंडक नदी के तट तक जाकर स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परियोजना के तहत सड़क के मार्ग रेखांकन के लिए तरैया के अंचलाधिकारी तथा मढ़ौरा के भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को अविलंब प्रारंभ करने के लिए भी कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना के वर्तमान प्रस्तावित अंतिम बिंदु को सारण तटबंध के भलुआ ढाला तक विस्तारित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सारण तटबंध पर बन रही सड़क के माध्यम से दोनों दिशाओं में वाहनों का सुचारु परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने भलुआ ढाला के पास सारण तटबंध मार्ग पर दोनों तरफ जाने के लिए अलग-अलग स्पर (संपर्क मार्ग) बनाने की आवश्यकता भी बताई और इसे नए प्रस्ताव में शामिल करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के समय मढ़ौरा के भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, पुल निर्माण निगम के अभियंता, तरैया के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें