Chhapra: भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत तैयार किए जा रहे जिला जनगणना पुस्तिका (डीसीएचबी) के कार्यों के निरीक्षण के क्रम में सोमवार को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के कार्यालय (ओआरजीआई), नई दिल्ली के उप महारजिस्ट्रार दिनेश कुमार छपरा पहुंचे। उन्होंने छपरा नगर निगम एवं नगरा प्रखंड का स्थलीय निरीक्षण कर डीसीएचबी से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री दिनेश कुमार ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश संबंधित चार्ज अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि डीसीएचबी केवल एक सांख्यिकीय दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में योजना निर्माण, विकास परियोजनाओं एवं प्रशासनिक निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत दस्तावेज के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसलिए इसमें संकलित जानकारी तथ्यात्मक, अद्यतन और विश्वसनीय होना आवश्यक है।
ग्राम स्तर की सूचनाओं की गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के क्रम में डीसीएचबी में शामिल की जाने वाली विभिन्न सूचनाओं की पोर्टल पर की गयी इंट्री की समीक्षा की गई। इनमें ग्राम निर्देशिका का परिचय, भौगोलिक सुविधाएं, शैक्षणिक एवं चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल एवं स्वच्छता, संचार एवं परिवहन, बैंकिंग एवं ऋण संबंधी सुविधाएं, विद्युत एवं ईंधन सुविधाएं, भूमि उपयोग एवं सिंचाई, प्रमुख कृषि उत्पादन तथा विनिर्माण एवं हस्तशिल्प जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संबंधित विभागों एवं सरकारी एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं का राजस्व ग्राम स्तर पर परीक्षण कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित की जाए।
वरीय पदाधिकारियों से प्राप्त करें सहयोग
डीआरजी श्री कुमार ने विभागवार सूचनाओं का संकलन एक्सेल शीट में करने का निदेश देते हुए कहा कि इससे पता चल जाएगा कि कहां से सूचनाएं नहीं आई हैं। किस विभाग को वरीय पदाधिकारियों या जिलाधिकारी से फॉलोअप कराने की आवश्यकता है। इससे ससमय सूचनाएं संकलित हो सकेंगी। यह इसलिए आवश्यक है कि सभी इंट्री की जाने वाली सूचनाओं का श्रोत भी उल्लेखित करना है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संबंधित विभागों एवं सरकारी एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं का राजस्व ग्राम स्तर पर परीक्षण कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित की जाए।
महत्त्वपूर्ण बदलाव का मांगा गया है विवरण
उप निदेशक सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शशि प्रभा ने बताया कि सभी चार्ज अधिकारियों से क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण भौतिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, प्रसिद्ध स्थलों एवं अन्य उल्लेखनीय परिवर्तनों का विस्तृत विवरण एवं आवश्यक चित्र उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया है। ताकि डीसीएचबी में अद्यतन स्थिति को समुचित रूप से शामिल किया जा सके।
24 अगस्त तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य
जिला स्तर पर डीसीएचबी कार्य को अंतिम रूप देने की दिशा में भी समीक्षा की गई। डीसीओ जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद ने कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि चार्ज स्तर पर आगामी 24 अगस्त तक कार्य को पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पश्चात डेटा की गुणवत्ता की जांच एवं अंतिम रूप से सबमिशन की जाएगी। निरीक्षण दल के भ्रमण एवं कार्यों का नेतृत्व जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के सहायक निदेशक राहुल श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डीसीओ सहयोगी पदाधिकारी आयुषी सिंह, नगर आयुक्त रंजीत कुमार, छपरा नगर चार्ज अधिकारी अरशद इमाम, नगरा चार्ज अधिकारी अभिनव कुमार एवं संबंधित क्षेत्र पदाधिकारी मौजूद थे।



















