Purnia, 14 सितंबर (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अचानक पूरे काफिले के साथ पूर्णिया सदर अस्पताल एवं जीएमसीएच पहुंचे। उनके अचानक दौरे से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई।

महिला वार्ड में तेजस्वी ने मरीजों से पूछा हालचाल

तेजस्वी ने पुराने अस्पताल परिसर के सभी वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत की। एक मरीज ने शिकायत की कि पैर टूटने के बावजूद आवश्यक उपकरण अस्पताल में उपलब्ध नहीं है। मरीज का कहना था कि सामान आने पर ही इलाज संभव होगा। वहीं, महिला वार्ड में भी उन्होंने मरीजों से हालचाल पूछा।

गंदगी और टूटी खिड़कियाँ देखकर तेजस्वी ने जताई नाराजगी 

निरीक्षण के दौरान तेजस्वी बाथरूम में भी पहुंचे, जहां गंदगी और टूटी खिड़कियाँ देखकर नाराजगी जताई। इस पूरे समय जीएमसीएच के सुपरिंटेंडेंट संजय कुमार उनके साथ थे। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि मरीजों को पुराने भवन और बरामदे में क्यों रखा गया है।

जवाब में सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि नई जीएमसीएच बिल्डिंग अभी हैंडओवर नहीं हुई है, इसलिए मरीजों को अस्थायी रूप से पुराने अस्पताल में रखा गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को पूर्णिया आगमन से ठीक पहले तेजस्वी यादव का यह अचानक निरीक्षण राजनीतिक हलचल का कारण बन गया है।

Patna, 27 अगस्त (हि.स.)। बिहार में मतदाता विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा बुधवार को दरभंगा से मुजफ्फरपुर पहुंची। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी यात्रा में शामिल हुए। मुजफ्फरपुर में जन संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया, जबकि स्टालिन ने बिहार की लोकतांत्रिक ताकत की सराहना की।

वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत दरभंगा के गंगवारा महावीर स्थान से हुई और सुबह 10:30 बजे मुजफ्फरपुर जिले के गया घाट प्रखंड अन्तर्गत जारंग स्थित शाही दरबार के पास पहुंची।

एक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार है लेकिन चुनाव आयोग आज संविधान पर हमला कर रहा है: राहुल गांधी

दोपहर 12 बजे मुजफ्फरपुर के जारंग हाई स्कूल में जन संवाद सभा में राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा में वोट की चोरी हुई है। लोकसभा चुनाव 2024 भी चोरी की गई है। हम सभी जगहों के सबूत दिखाएंगे। संविधान की किताब दिखाते हुए कहा कि एक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार है लेकिन चुनाव आयोग आज संविधान पर हमला कर रहा है। बिहार में 65 लाख लोगों के नाम काट दिए हैं। दलितों, पिछड़ों-अतिपिछड़ों और अल्पसंख्यकों का वोट कट रहा है।

 

लालू यादव के पदचिह्नाें पर पुत्र तेजस्वी यादव संघर्ष कर रहे हैं: एमके स्टालिन 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि बिहार का नाम आते ही लालू यादव याद आते हैं। करुणानिधि और लालू यादव घनिष्ठ मित्र रहे। कितने ही मुकदमे और विपरीत परिस्थितियां आयी, लेकिन भाजपा से डरे बिना डटे रहने के कारण ही लालू प्रसाद यादव देश के बड़े नेताओं में से एक हैं। उनके पदचिह्नाें पर पुत्र तेजस्वी यादव संघर्ष कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि पिछले एक महीने से पूरा भारत केवल बिहार को देख रहा है। यही बिहार की ताकत है। यही राहुल गांधी की ताकत है। जब भी देश में लोकतंत्र पर खतरा आया उसका बिगुल बिहार ने ही फूंका, यही इतिहास है। एमके स्टालिन ने कहा कि लोकनायक जय प्रकाश नारायण ने बिहार से ही लोकतंत्र और समाजवाद की आवाज बुलंद की और जनता को संगठित किया। वही कार्य मेरे प्रिय भाई राहुल गांधी और तेजस्वी यादव यहां कर रहे हैं। चुनाव आयोग को वो (भाजपा) रिमोट से चलने वाली कठपुतली बना चुके हैं। 65 लाख बिहार वासियों को मतदाता सूची से हटाना लोकतंत्र की हत्या है।

Patna, 13 अगस्त (हि.स.)। बिहार में मुख्य विपक्षी दल, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर सकता है। इसका निर्णय बिहार की जनता से और विचार-विमर्श करने बाद लिया जाएगा। राजद के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को एक पत्रकार वार्ता में इसकी जीनकारी दी।

गंभीरता से विचार करेंगे कि विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेना है या नहीं : तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने पटना में पोलो रोड स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में कहा कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर सकती हैं। 17 अगस्त से वे राहुल गांधी के साथ ‘वोट अधिकार यात्रा’ में शामिल होंगे, जिसके दौरान लोगों से मिलकर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। यात्रा के बाद वे और उनकी पार्टी के नेता इस बात पर गंभीरता से विचार करेंगे कि विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेना है या नहीं।

तेजस्वी यादव ने कहा,” जब चुनाव आयोग पहले से ही सब कुछ तय कर चुका है, तो इस पर भी गौर किया जा सकता है कि हम चुनाव में हिस्सा न लें।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं।

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि मुजफ्फरपुर की मेयर और भाजपा की वरिष्ठ नेता निर्मला देवी का नाम दो अलग-अलग मतदाता सूची में दर्ज है। उन्होंने कहा कि एक ही विधानसभा क्षेत्र में उनके दो-दो ईपीक कार्ड बने हुए हैं और दोनों में उम्र भी अलग-अलग दर्ज है। यही नहीं, निर्मला देवी के दो देवरों के नाम भी दो-दो स्थानों पर दर्ज हैं और उनके पास भी अलग-अलग ईपीक आईडी हैं।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा के संगठन मंत्री भिखू भाई दलसानिया का नाम भी बिहार की मतदाता सूची में दर्ज है, जबकि वे मूल रूप से गुजरात के हैं। आखिरी बार उन्होंने गुजरात में वोट दिया, वहां से नाम कटवाया और अब बिहार में वोट देंगे। संभव है कि चुनाव के बाद यहां से भी नाम कटवा कर फिर गुजरात में वोट दें।

अपनी हार देख विपक्ष चुनाव बहिष्कार की बात कर रहा विपक्ष : विजय सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें लोकतंत्र पर भरोसा होता तो वे चुनाव बहिष्कार की बात नहीं करते। अपनी हार तय मानकर ये लोग चुनावी मैदान से भागने की कोशिश कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने कहा कि जो लोग संविधान पर भरोसा नहीं रखते, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीति कर रहा है और नियम-कानून की परवाह नहीं करता।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री भीखू भाई दलसानिया का नाम बिहार के वोटर लिस्ट में जुड़ने के सवाल पर विजय सिन्हा ने कहा कि अब “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की बात चल रही है। अगर कोई व्यक्ति किसी जगह पर सालों से रह रहा है, तो उसे उस जगह पर वोट डालने का अधिकार है। यह कानून के दायरे में है।
तेजस्वी यादव की ओर से उम्र को लेकर लगाए गए आरोप पर विजय सिन्हा ने कहा, ” मैं उन्हें नोटिस भेजूंगा। वे अपनी डिग्री दिखाएं और बताएं कि उसमें उनकी उम्र क्या दर्ज है? “।