Patna: नवरात्र के पहले दिन बिहार के पर्यटन को लेकर भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अहम बयान दिए हैं। खेसारी लाल यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बिहार में कुल 9 प्रमुख शक्तिपीठ हैं। पटना, गया, मुंगेर, सासाराम, सहरसा, छपरा, नवादा और नालंदा में स्थित ये शक्तिपीठ हमारी संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रमाण हैं। लेकिन दुख की बात यह है कि बहुत कम लोग इसके बारे में जानते हैं।

बिहार के पर्यटन को बढ़ावा दें: खेसारी लाल

खेसारी लाल यादव ने अफसोस जताते हुए लिखा कि अगर इन स्थलों को सही तरीके से प्रमोट किया जाता तो देश-दुनिया से लोग बिहार आते, जिससे धार्मिक यात्रा के साथ ही पर्यटन और रोजगार में भी वृद्धि होती। खेसारी ने होटलों, गाइड, ट्रांसपोर्ट, हैंडीक्राफ्ट और लोकल खानपान के विकास पर जोर दिया और लोगों से अपील की कि इस नवरात्रि में अपने-अपने शहर के शक्तिपीठों का दर्शन करें और बिहार के पर्यटन को बढ़ावा दें।

तेजस्वी यादव दी प्रतिक्रिया

वहीं, इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुएतेजस्वी यादव ने भी खेसारी की बात से सहमति जताई। उन्होंने कहा कि बिहार जितना ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों से समृद्ध है, उतना कोई और राज्य नहीं है।

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उनकी 17 महीनों की सरकार में उन्होंने पर्यटन मंत्रालय की जिम्मेदारी को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और देश-विदेश में बिहार के पर्यटन स्थलों का हर स्तर पर प्रमोशन और ब्रांडिंग किया। इसका परिणाम यह हुआ कि साल 2023 में रिकॉर्ड तोड़ 8 करोड़ 21 लाख से ज़्यादा देसी-विदेशी पर्यटक बिहार घूमने आए, जो बिहार पर्यटन के लिए एक नया मील का पत्थर साबित हुआ।

तेजस्वी ने कहा कि निसंदेह पर्यटन क्षेत्र में अभी और भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है, लेकिन मिलजुल कर इसे और मजबूत बनाया जाएगा।