मुम्बई, 09 दिसंबर (हि.स.)। मुंबई में कुर्ला इलाके में सोमवार रात एक सरकारी बस ने कई गाड़ियों और लोगों को कुचल दिया है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 लोग घायल हैं। घायलों को सायन और कुर्ला भाभा अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारम्भिक जांच में ब्रेक फेल होने की वजह से सरकारी बस ने लोगों को रौंदा है। एक्सपर्ट से बस के मेंटेनेंस की रिपोर्ट ली जाएगी। यह बस कुर्ला से अंधेरी की ओर जा रही थी, तभी कुर्ला इलाके के एलबीएस रोड पर हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बाजार में एक तेज रफ्तार बस आती दिखी, जिसके बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोग बचने के लिए भागने लगे लेकिन बस ने कुछ वाहनों और लोगों को रौंद दिया। लोगों ने पुलिस से बस ड्राइवर के नशे में होने की भी बात कही। पुलिस ने मौके से भीड़ को हटाते हुए बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

फिलहाल मौके पर मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी है। बीएमसी ने हादसे में घायलों और मृतकों के आधिकारिक आंकड़ों की जानकारी दी है जिसके मुताबिक 25 लोग घायल हुए हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हुई है। हालांकि मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

नई दिल्ली, 10 दिसंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह असाधारण नेता थे। उनका सभी क्षेत्रों के लोग सम्मान करते थे। कृष्णा का आज तड़के बेंगलुरु में उनके आवास पर निधन हो गया। 92 वर्षीय वरिष्ठ नेता कृष्णा बीमार थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा, ”श्री एसएम कृष्णा जी एक असाधारण नेता थे, जिनकी प्रशंसा सभी क्षेत्रों के लोग करते थे। उन्होंने हमेशा दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किया।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल खासकर बुनियादी ढांचे के विकास पर उनके द्वारा विशेष रूप से दिये गये ध्यान को लेकर उन्हें बहुत याद किया जाता है। श्री एसएम कृष्णा जी एक सजग पाठक और विचारक भी थे।”प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स हैंडल पोस्ट में एसएम कृष्णा के साथ मुलाकातों की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।

पटना, 01 दिसम्बर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024 की विजेता टीम इंडिया तथा इस आयोजन को सफल बनाने में बहुमूल्य योगदान देने वालों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने बापू टावर के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में बिहार विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024 की विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक और सपोर्ट स्टाफ सहित मुख्य प्रशिक्षक को बहुमूल्य योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। विजेता भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों और मुख्य प्रशिक्षक को 10-10 लाख तथा टीम के सर्पोटिंग स्टाफ को 5 लाख रुपये की सम्मान राशि मुख्यमंत्री ने प्रदान की। साथ ही इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सहयोगियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

भारतीय टीम के चैंपियनशिप जीतने पर मुख्यमंत्री ने टीम की खिलाड़ियों सहित पूरी टीम को सम्मान राशि के साथ सम्मानित करने की उसी दिन तत्काल घोषणा की थी। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेन्द्र सिंह, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान नवनीत कौर, खिलाड़ी शर्मिला देवी, बिचू देवी खारिबाम, प्रिया सिरोही, सविता, संगीता कुमारी, मुमताज खान, उदिता, वैष्णवी विठ्ठल फाल्के, लालरेम्सियामी, बलजीत कौर, ज्योति, सुशीला चानू पुखरामबम, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, प्रीति दुबे, मनीषा चौहान, इशिका चौधरी, ब्यूटी डुंगडुंग तथा दीपिका को 10-10 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।

कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री को सामान्य प्रशासन एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी राजेन्दर ने शॉल भेंटकर स्वागत किया जबकि हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सारण के लिए गर्व: अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक सम्मलेन में एसपी कुमार आशीष ने BNS में हुई पहली सजा पर दिया प्रेजेंटेशन

Chhapra/Bhuwaneshwar: भुवनेश्वर में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक सम्मलेन-2024 में सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष द्वारा पूरे देश में नए कानून BNS के तहत गंभीर शीर्ष पहली सज़ा पर प्रेजेंटेशन दिया गया।

यह प्रेजेंटेशन सारण जिले के रसूलपुर थाना के धनाडीह गांव में हुए तिहरे हत्याकांड की थी। जिसमें संबंधित कांड संख्या -133/ 24 में 14 दिनों में अनुसंधान पूर्ण करते हुए गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किया गया था तदोपरांत न्यायालय में त्वरित विचारण के बाद घटना के 50वें दिन न्यायालय द्वारा दोनों दोषी अभियुक्तों को उम्रकैद सहित आर्थिक दंड की सजा सुनाई गईं) करवाने में अपनाए गए प्रक्रियाओं, तरीकों के संदर्भ में प्रेजेंटेशन दिया गया। 

जिस पर वहां उपस्थित प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, पुलिस महानिदेशक बिहार एवं उपस्थित सभी पुलिस महानिदेशकों, महानिरीक्षकों द्वारा काफी प्रशंसा करते हुए इस मॉडल को अन्य जगहों पर भी लागू करने का सुझाव दिया गया।    

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पुलिस महानिदेशक बिहार आलोक राज सहित सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक सहित अन्य अधिकारीगण की उपस्थिति रही।

Chhapra: सारण जिले में संचालित बाल पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण जिलाधिकारी अमन समीर द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को बाल पर्यवेक्षण गृह में रह रहे बच्चों की पढ़ाई तथा स्किल के विकास हेतु उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न प्रकार के स्किल का प्रशिक्षण देने का निदेश दिया गय. 

उक्त गृह में संचालित सीसीटीवी कैमरों का नियमित रूप से पर्यवेक्षण करने के साथ साथ अन्य आवश्यक निदेश दिए गए ताकि पर्यवेक्षण गृह के बच्चे उक्त गृहों से निकलकर समाज में अपनी अच्छी पहचान बना सकें. गृह के बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा सके।

निरीक्षण के क्रम में खाद्य पदार्थों का रख रखाव सही ढंग से पाया गया। साथ ही उक्त गृह में रह रहे सभी संबंधित बच्चों को कानूनी सलाहकार की सुविधा प्रदान करने हेतु अधीक्षक के स्तर से पत्राचार करने का निदेश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में बाल संरक्षण पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Chhapra: रिविलगंज थानान्तर्गत अवैध हथियार प्रदर्शन कर रहे युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है.  हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार के विरूद्ध सारण पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक-29.11.2024 को रिविलगंज थाना को अवैध हथियार प्रदर्शन कर रहे युवक का विडियो और फोटो प्राप्त हुआ। उक्त फोटो एवं विडियो के सत्यापन उपरांत पाया गया कि फोटो एवं विडियो में दिख रहा युवक अमन कुमार, पिता-हरेश सिंह, सा०-सेमरिया खुर्द, थाना-रिविलगंज, जिला-सारण है।

इस संदर्भ में थाना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अमन कुमार के घर छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में एक देशी कट्टा बरामद कर अमन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के क्रम में युवक द्वारा बताया गया कि उक्त फोटो एवं विडियो में मैं हूँ। अपने पट्टीदार को डराने के लिए मैं कट्टा ले कर घुम रहा था।

इस संदर्भ में अमन कुमार के विरूद्ध रिविलगंज थाना कांड सं0-358/24 दिनांक-30.11.24 धारा-25 (1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

 

Chhapra: सारण पुलिस ने एटीएम क्लोनिंग कर पैसों की ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है.  साथ हो अन्य के विरूद्ध छापामारी जारी है. 

नगर थानाध्यक्ष को दिनांक- 29.11.24 को थाना क्षेत्र परिभ्रमण के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नगर थानांतर्गत राजेन्द्र सरोवर के पास बैठकर कुछ व्यक्ति एटीएम से गलत तरीका से पैसा निकासी की योजना बना रहे हैं।

उक्त सूचना पर त्वरीत कार्रवाई करते हुए राजेन्द्र सरोवर पहुँचकर छापामारी किया। छापामारी कर 4 व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ एवं तलाशी के क्रम में पकड़ाऐ व्यक्ति के मोबाइल से एटीएम क्लोनिंग कर पैसे कि निकासी एवं एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ करने का विडियो तथा फोटो प्राप्त हुआ है।

इनके द्वारा एटीएम से गलत तरीके से पैसे निकासी की बात स्वीकारी गयी एवं बताया गया कि इन लोगों का एक गिरोह है जो एटीएम से विभिन्न तरीके से रूपये निकालने का प्रशिक्षण प्राप्त किये हैं और एटीएम के आसपास रहते हैं तथा भोले-भाले लोगों से एटीएम कार्ड बदलकर पैसे की निकासी कर लेते हैं और पैसा आपस में बाँट लेते हैं।

इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-695/24 दिनांक 29.11.24 धारा 319(2)/318(4) 338/336(3)/340(2) बीएनएस दर्ज कर गिरफ्तार चारों व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। कांड में संलिप्तों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही हैं।

पुलिस ने इस कांड में राजीव कुमार, पिता-कमल राम, साकिन-कचहरी स्टेशन, थाना-नगर, जिला-सारण, अभिषेक कुमार, पिता-अनिल कुमार, साकिन मौना चौक, थाना-नगर, जिला-सारण, रवि कुमार, पिता-सुनेश्वर राय, साकिन-तेजपुरबा, थाना-मढ़ौरा, जिला-सारण और अनुपम शुक्ला, पिता-स्व० जगदीश शुक्ला, साकिन-तेजपुरबा, थाना-मढ़ौरा, जिला-सारण को गिरफ्तार किया है.  

पुलिस टीम में शामिल अपर पुलिस अधीक्षक राजकिशोर सिंह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1, पु०नि०-सह-थानाध्यक्ष संजीव कुमार, नगर थाना, पु०अ०नि० सुजीत कुमार-2, जिला आसूचना इकाई, सारण, पु०अ०नि० साकेत बिहारी, जिला आसूचना इकाई, सारण, पु०अ०नि० अंकित कुमार सिंह, जिला आसूचना ईकाई, सारण शामिल थें।

Chhapra: सारण पुलिस द्वारा कानून को हाथ में लेने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पर हमला करने एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुँचाने के आरोप में दो  व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

सारण पुलिस द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य में  बताया गया है कि विगत 28 नवंबर 2024 को मांझी थाना पुलिस टीम द्वारा 380/24 एस०सी०/एस०टी० कांड के अनुसंधान के क्रम में कांड के नामजद अभियुक्तों कि गिरफ्तारी हेतु ग्राम चकिया में छापामारी किया गया था।

छपामारी के क्रम में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को थाना लाने के क्रम में 15-20 लोगों द्वारा हाथ में लाठी डंडा से मांझी पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार अभियुक्त को छुड़ा लिया गया।

इस संदर्भ में 10 ज्ञात एवं 10 अज्ञात लोगों के विरूद्ध मांझी थाना कांड सं0-381/24 दिनांक-28.11. 24 धारा-315(2)/126(2)/132/109/352/351 (2) एवं (3)/3 (5) बी०एन०एस० दर्ज कर 02 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस इस कांड में संलिप्तों के विरूद्ध अग्रतर कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पुलिस ने राजेश रावत, पिता नथुनी रावत, साकिन-चकिया, थाना-मांझी, जिला-सारण और राजा रावत, पिता-राजेश रावत, साकिन-चकिया, थाना-मांझी, जिला-सारण को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में पु०अ०नि० अमित कुमार थानाध्यक्ष मांझी थाना, पु०अ०नि० विपुल कुमार मांझी थाना एवं थाना के अन्य कर्मी शामिल थें।

Chhapra: छपरा नगर निगम प्रशासन के द्वारा शहर में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

निगम के अधिकारियों के द्वारा शुक्रवार को थाना चौक से साहेबगंज चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इया दौरान दुकानों के बाहर रखे सामानों को हटवाया गया। साथ ही गंदगी सड़क पर पाए जाने पर संबंधित दुकानदार से जुर्माना भी वसूला गया। 

उप नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की टीम की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। शहर में दुकानदारों के द्वारा दुकाने के सामानों को दुकान से बाहर सड़क पर निकाल के बेचे जाने से आवागमन में परेशानी होती है। जिससे सड़क जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। 

विगत दिनों जिलाधिकारी ने नगर निगम के नगर आयुक्त को शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए अलग अलग टीमों के गठन का आदेश दिया था। जिसके आलोक में निगम प्रशासन ने अलग अलग इलाकों के लिए पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा है।  निगम के पदाधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। 

शहर में बिना नगर निगम के अनुमति के चौक चौराहो पर किसी भी प्रकार का होर्डिंग एवं बैनर लगाना क़ानून अवैध है। जिसके लिए साथ में इसका भी जुर्माना लगाया जा रहा है। अवैध होर्डिंग बैनर लगाने वालो पर 11000 हजार का जुर्माना वसूला गया और समान भी जब्त कर लिया गया है।

अतिक्रमण धावा दल में स्वच्छता पदाधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, सुमित कुमार, नगर प्रबंधक, अरविन्द कुमार, वेद प्रकाश वर्णवाल, टैक्स तहसीलदार पृथ्वी राय, अभिनव कुमार, नितेश चौहान एवं नगर निगम के अन्य कर्मी थे।

पटना, 27 नवम्बर (हि.स.)। बिहार में आज संगठनात्मक चुनाव को लेकर बैठक की गई। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में सक्रिय सदस्यता एवं संगठनात्मक चुनाव को लेकर बैठक की गई। इस बैठक कि शुरुआत पार्टी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने किया।

इस बैठक में बिहार प्रभारी विनोद तावडे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया के अलावा भाजपा के कई बड़े नेता और संगठन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक को लेकर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बूथ कमेटी का गठन और मंडल का गठन किया गया। साथ ही साथ जिला के गठन को लेकर चर्चा की गई। इसी को लेकर यह कार्यशाला तैयार की गई है और इसमें सभी बातों की जानकारी दी गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठन चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसको लेकर पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राज्यों में अध्यक्ष और अन्य पदों के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी ने जिन नेताओं को संगठन चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी हैं, उनमें बिहारी प्रभारी विनोद तावड़े, राधा मोहन सिंह, सुनील बंसल, तरुण चुग और अरुण सिंह के नाम प्रमुख हैं। इससे पहले जेपी नड्डा ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को संगठनात्मक चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार का पर्यवेक्षक बनाया है। तावड़े दोनों राज्यों में संगठन चुनाव की देखरेख करेंगे।

इसी तरह सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और हरियाणा का जिम्मा मिला है।

इसके अलावा तरुण चुग के जिम्मे केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और लक्षद्वीप है। शिवप्रकाश को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का ऑब्जर्वर बनाया गया है। जबकि अरुण सिंह महाराष्ट्र, गोवा, दमन द्वीप और दादर नागर हवेली के पर्यवेक्षक होंगे। इसके साथ राधा मोहन सिंह को राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और गुजरात का पर्यवेक्षक बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा को मकर संक्रांति के बाद नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी हाई लेवल पर इसकी कवायद कर रही है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले पार्टी के भीतर राज्यवार सक्रिय सदस्यता का आकलन किया जा रहा है। बीते सप्ताह इसको लेकर नई दिल्ली में करीब छह घंटे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का आवास पर बैठक हुई थी। जेपी नड्डा का कार्यकाल लोकसभा चुनाव के बाद ही खत्म हो गया था लेकिन संगठन चुनाव की वजह से अध्यक्ष पद पर फाइनल फैसला नहीं हो पाया है।

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों में असुरक्षा के माहौल पर चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने इस्कॉन के संत चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी को इसका ताजा उदाहरण बताया है। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार बांग्लादेश सरकार से अल्पसंख्यकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को लेकर दबाव डालेगी।

पार्टी वक्तव्य के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एक एक्स पोस्ट में इस मुद्दे को उठाया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर के संत की गिरफ्तारी और अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा की खबरें अत्यंत चिंताजनक है। उनकी केंद्र सरकार से अपील है कि इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुद्दा मजबूती से उठाया जाए।

उल्लेखनीय है कि भारत ने मंगलवार को बांग्लादेश में हिन्दू धर्माचार्य चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी और ज़मानत न दिए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। साथ ही उनकी गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे अल्पसंख्यकों पर हमलों पर भी चिंता व्यक्त की थी। चिन्मय कृष्ण दास बांग्लादेश सम्मिलित सनातन जागरण जोत के प्रवक्ता भी हैं।

Chhapra: ब्रजकिशोर किंडर‌गार्टन में शैक्षणिक प्रदर्शनी सह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ. इस दौरान विद्यालय की पूर्ववर्ती छात्रा वैज्ञानिक डॉ रचना विधि को प्राचार्य मुकेश श्रीवास्तव एवं मुख्य अतिथि प्रो. प्रेमेन्द्र रंजन सिंह द्वारा शॉल एवं मोमेन्टो देकर किया.

वि‌द्यालय के प्राचार्य मुकेश श्रीवास्तव ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि के सम्मान समारोह की नायिका डॉ० रचना विधि इस विद्यालय  का चमकता सितारा हैं, परिवार का गर्व हैं एवं देश की धरोहर हैं। डॉ० एच. के. वर्मा ने विद्‌यालय के बच्चों को पूर्ववर्ती छात्रा रचना विधि से प्रेरित होने को कहा। ईश्वर प्रसाद सचिव, भारत विकास परिषद ने रचना विधि के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्‌यालयी शिक्षा से बनी नींव लक्ष्य प्राप्ति में अवश्य सहायक बनती है।

प्राचार्य संतोष कुमार ने कहा कि डॉ रचना विधि ने गुरु-शिष्य परंपरा को कायम रखते हुए अपनी उपलब्धि से हम गुरुओं का मान बढ़ाया है। डॉ० सुधा बाला ने रचना विधि की उपलब्धि में विद्‌यालय के शिक्षकों के योगदान की सराहना की एवं बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। के. एम प्रसाद ने कहा कि रचना विधि ने विश्व स्तर पर उपलब्धि हासिल कर ब्रजकिशोर किंडर गार्टन का ही नहीं बल्कि अपने देश का मान बढाया है। डॉ अशोक कुमार ने कहा कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़‌ना है तो समय की कीमत पहचानें एवं स्वाध्याय अवश्य करें।

विद्‌यालय के सचिव डॉ. पंकज कुमार ने रचना विधि की उपलब्धि पर अपनी शुभकामनाएं भेजीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्य अतिथि प्रेमेन्द्र रंजन ने रचना विधि को अपनी शुभकाभनाएं देते हुए बच्चों से कहा कि सम्मान पाने के लिए आप भी परिश्रमी, दृढ‌प्रतिज्ञ, ऊर्जावान एवं विनम्र बनें। उन्होंने शिक्षक एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में अपना भरपूर सहयोग दें।

पूर्ववर्ती डॉ छात्रा रचना विधि ने वि‌द्यालय में बिताए अपने दिनों का स्मरण करते हुए बच्चों से कहा कि आप भी कुछ ऐसा करें जिससे आपका भविष्य उज्ज्वल हो। आप अपनी रुचि के अनुरूप आगे बढ़ें। एकजुट होकर कार्य करें तो कठिनाई दूर होगी। असफलता से निराश नहीं होना है। किसी भी कार्य में असफलता सफलता की ओर बढ़ने का पहला कदम है। शिक्षण की प्रक्रिया सदैव जारी रखना है। तत्पश्चात उन्होंने बच्चों द्‌वारा पूछे गए प्रश्नों का निराकरण भी किया।

मंच संचालन वि‌‌द्यालय की शिक्षिका पूजा कुमारी एवं धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुमार वर्मा ‘संकल्प’ ने किया.

सम्मान समारोह के पश्चात शैक्षणिक प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए गणमान्य अतिथियों एवं अभिभावकों ने बच्चों के उत्कृष्ट मॉडल को ‘वैज्ञानिक नवविचारों की उत्तम प्रस्तुति’ बताया तथा उनके रचनात्मक क्रियाकलाप की सराहना की।