इसुआपुर में जदयू प्रखंड स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित

इसुआपुर:  प्रखंड मुख्यालय स्थित धर्मशाला परिसर में शुक्रवार को प्रखंड अध्यक्ष अनवर हुसैन की अध्यक्षता में जीडीयू प्रखंड स्तरीय कार्यकारिणी पंचायत अध्यक्षों की समीक्षा बैठक की शुरुआत की गई। वही विधानसभा प्रभारी गुलाम गौस राइन ने संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।

उन्होंने पंचायत अध्यक्षों को पंचायत में मजबूती बनाने की बात कही। संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई तथा पंचायत कमिटी बनाने के लिए पंचायत अध्यक्षों को सुझाव दिए गए। मुख्यमंत्री की उपलब्धियाँ तथा महिला सशक्तिकरण पर विशेष चर्चा की गई। वही महिलाओं को 35% आरक्षण की भी बात कही गई। वहीं 572 योजना जो मुख्यमंत्री के द्वारा चलाया जा रहा है उससे कहीं ना कहीं सभी लोगों को फायदा मिल रहा है। वही एक नारा दिया कि 25 से 30 फिर से नीतीश

मौके पर जिला पार्षद छविनाथ सिंह, रणविजय कुमार, काज़मे रजा रिजवी, रणवीर सिंह, श्याम प्रसाद, किशोर कुमार, अजीत शर्मा मैनुद्दीन साई तथा अन्य थे

‘दिवाली विद माई भारत’ के प्रथम वर्षगांठ पर सारण जिले में कार्यक्रम का होगा आयोजन 

छपरा: नेहरू युवा केंद्र एवं कनफेडरेशन का ऑल इंडिया ट्रेडर्स सारण के संयुक्त तत्वाधान में ‘दिवाली विद माई भारत’ के प्रथम वर्षगांठ पर सारण जिले में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। चार दिवसीय होने वाले इस कार्यक्रम में स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक तो किया ही जायेगा उसके साथ साथ सफाई अभियान भी चलाया जायेगा।

प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए नेहरू युवा केंद्र जिला युवा अधिकारी रश्मि गुप्ता ने बताया कि सूबे में नेहरू युवा केंद्र और कनफेडरेशन का ऑल इंडिया ट्रेडर्स के द्वारा दिवाली विद माई भारत के प्रथम वर्षगांठ पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अपने जिले में भी ट्रेडर्स एसोसिएशन और माय भारत स्वयंसेवकों को सहयोग प्रदान कर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 27 अक्टूबर 2024 से लेकर 30 अक्टूबर 2024 तक चलेगा।

कनफेडरेशन का ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रमंडलीय अध्यक्ष वरुण प्रकाश राजा ने कहा कि देश के 435 जिलों में इस कार्यक्रम का आयोजन होना है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री सह सासंद प्रवीण खंडेलवाल और बिहार में प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा के नितृत्व में अभियान चलाया जायेगा।

उसी क्रम में छपरा में भी चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 27 अक्टूबर 2024 कि सुबह सदर अस्पताल में सफाई अभियान का कार्यक्रम किया जाएगा। उसके बाद हथुआ मार्केट में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। दोपहर 2 बजे स्वयंसेवकों के द्वारा यातायात संबंधित जानकारी दी जाएगी।

खुर्शीद साहिल पर शोध, आलोचनात्मक और व्यक्तिगत शोध की जरूरत: जावेद इकबाल

शोक सभा में कवियों, लेखकों और बुद्धिजीवियों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की

Chhapra: साहित्य बुद्धि का आहार है। जिस तरह शारीरिक शक्ति और स्वास्थ्य के लिए भोजन जरूरी है। उसी तरह मानसिक विकास और व्यापक दृष्टिकोण के लिए साहित्य जरूरी है। ये बातें मशहूर शायर खुर्शीद की शोक सभा में उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने कही।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर इंसान काम के सिलसिले में व्यस्त है। लेकिन कवि और लेखक ऐसे अवसर प्रदान करते हैं जो इंसान होने का एहसास कराते हैं। जिससे प्रसन्नता और शांति मिलती है। ख़ुर्शीद साहिल ने जीवन पर्यंत यह कार्य किया। उनके समकालीनों, साहित्यिक मित्रों और स्थानीय कवियों और लेखकों की जिम्मेदारी है कि वे खुर्शीद साहिल के व्यक्तित्व पर शोध, आलोचनात्मक और व्यक्तिगत लेख, रिपोर्ट आदि रचित करें। उन्होंने कहा कि सारण में एक साहित्यिक ठहराव की स्थिति थी। साहिल ने जाते जाते उसमें तरंग पैदा कर दिया है। यह सिलसिला निरंतर जारी रहना चाहिए। छपरा के साहित्यिक गतिविधियों को तेज करते हुए उसमें नए लोगों को भी शामिल किया जाना चाहिए।

डॉ. वलीउल्लाह कादरी ने खुर्शीद साहिल पर एक लघु आलेख प्रस्तुत किया और उनकी जीवनी, साहित्यिक सेवाओं और कविता का संक्षिप्त विश्लेषण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि साहिल के परिवार से उनके निबंध, डायरी या रचनात्मक पांडुलिपियां और कागजात एकत्र करने के लिए कहा गया है। संग्रह प्राप्त होते ही संग्रह प्रकाशित करने का प्रयास किया जायेगा।

खुर्शीद साहिल के मित्र मशहूर शायर और बॉलीवुड गीतकार डॉ. मोअज्जम अज्म ने साहिल के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मैंने उनके जीवन के तीन दौर देखे. तीनों में उन्होंने तीन अलग-अलग और पूरी जिंदगियां जीईं। जब खुर्शीद केवल अहमद थे तो उन्हें बॉडी बिल्डिंग का शौक था। विधिवत अखाड़ा स्थापित किया और कुश्ती भी लड़ी। फिर उनकी साहित्यिक यात्रा शुरू हुई और वे अहमद से पेवंद हो गए। जिसमें उन्होंने हास्य रचनाएं कीं। काफी सफल भी हुए परंतु फिर वे साहिल बन गंभीर कविताएँ लिखने लगे। उन्होंने स्थानीय से लेकर राज्य और अखिल भारतीय मुशायरों में प्रस्तुतियां दीं। कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के कवि शायर उनके अच्छे मित्र रहे। डॉ. मोअज्जम ने कहा कि इन तीनों दौर में खुर्शीद में एक बात समान थी। वह थी उनकी जिंदादिली। साहिल की एक खासियत यह भी थी कि वह खाना बहुत अच्छा बनाते। अक्सर मित्र मंडली की पिकनिक होती। उन्होंने बीच बीच में साहिल के हास्य और गंभीर दौर के चयनित शेरों के माध्यम से अपने वक्तव्य को प्रभावी बनाया। साथ ही उन्होंने खुर्शीद को समर्पित अपनी कविता भी प्रस्तुत कर काव्यात्मक श्रद्धांजलि अर्पित की.

प्रो शकील अनवर ने कहा कि खुर्शीद शायरी करने की बजाए शायरी को जीते थे। छंद पूरा करने के लिए उसमें ही खो जाते और हो जाते और पूरा होते ही मित्रों को सुनाने को बेचैन भी हो जाते।

मशहूर गीतकार रिपुंजय निशांत ने अपने संस्मरणों में कहा कि जब खुर्शीद ने हास्य से गंभीर की ओर जाना चाहा तो मुझसे राय लिया। जिसका मैंने समर्थन किया। मैंने सोनपुर मेला में उनके संयोजकत्व में आयोजित अखिल भारतीय मुशायरा में मनव्वर राणा की अध्यक्षता में कलाम पढ़ा।अपने अध्यक्षीय संबोधन में दक्ष निरंजन शंभू ने कहा कि साहिल ने छपरा के लिए बहुत किया। अब हम सबकी जिम्मेदारी है कि उनके लिए करें। उन्होंने कहा कि खुर्शीद की जिंदादिली का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है कि उसे पता था कि हर पल मौत करीब आ रही है। लेकिन उन्होंने निराश होने की बजाय मृत्यु शय्या पर भी साहस दिखाया। इस अवसर पर नेहाल अहमद, अधिवक्ता तैय्यब अली, विनोद चौधरी, सुनील कुमार आदि ने भी संबोधित किया. संचालन नदीम अहमद और धन्यवाद ज्ञापन श्री एकबाल ने किया।

Chhapra:  सारण के उपविकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल और सदर अनुमंडल पदाधिकारी लक्ष्मण तिवारी द्वारा छपरा सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया।

डीडीसी के द्वारा ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, निबंधन केंद्र, इमरजेंसी वार्ड का गहनता से निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएं। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्रतिदिन चादर बदला जाए, और साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें।वार्ड की साफ-सफाई और स्वच्छता पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन चादर बदले जाएं और सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि मरीजों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले।

डीडीसी ने सिविल सर्जन को आदेश दिया कि आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाएं और आयुष्मान सेंटर को नियमित संचालन किया जाए। उन्होंने बताया कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए आयुष्मान कार्ड की आवश्यकता होती है, इसलिए इसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में जल्द हीं आधार सेंटर खोला जायेगा, जिससे नागरिकों को आधार कार्ड बनाने की सुविधा मिल सके। यह कदम लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उनकी अन्य सरकारी सेवाओं का उपयोग करना सरल हो जाएगा। दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को शत-प्रतिशत दवा मिले इसके लिए ऑनलाइन दवा इंडेंट और उठाव सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि दवा की कमी नहीं होनी चाहिए और इसकी व्यवस्था को नियमित रूप से अपडेट किया जाना चाहिए।

जन्म प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सुगम होनी चाहिए ताकि नागरिकों को समय पर प्रमाण पत्र मिल सके। डीडीसी ने एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आदेश दिया।

अस्पताल प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कदम उठाए जाएं ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी लक्ष्मण तिवारी, सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा, अस्पताल उपाधीक्षक, डीपीएम अरविन्द कुमार, अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद समेत अन्य मौजूद थे।

बलिया, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कम उम्र में ही लग्जरी जीवन जीने की प्रत्याशा युवाओं को किशाेरावस्था या युवा अवस्था में ही जरायम की दुनिया में धकेल रही है। यूपी-बिहार की सीमा पर स्थित होने के कारण बलिया को सेफ जोन के रूप में जयराम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

बलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने ट्रेनों की चेकिंग के दौरान वाराणसी-छपरा पेसेंजर ट्रेन से एक बीस वर्षीय युवती के बैग से साढ़े सात सौ जिन्दा कारतूस बरामद किए थे। इससे न सिर्फ पुलिस के कान खड़े हुए थे बल्कि यह बहुतों के लिए सोचनीय विषय बन गया। पुलिस जहां इस बरामदगी के बाद नक्सली एंगल तलाश रही है। वहीं, मनोवैज्ञानिक इसके पीछे महंगे शौक को वजह बता रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वाराणसी-छपरा पैसेंजर ट्रेन से जिस युवती काे भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था वह मिर्जापुर जिले के राजगढ़ की रहने वाली मनीता सिंह है। पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी गोरखपुर रेंज सवि रत्न गौतम के अनुसार इंटर में अच्छे नम्बरों से पास होने के बाद मनीता नीट की तैयारी करने के लिए वाराणसी गई। जहां हॉस्टल में उसकी मुलाकात हाई-फाई लड़कियों से हुई। उन लड़कियों के सम्पर्क में आने के बाद मनीता को महंगे शौक का चस्का लग गया। लेकिन उसके मां-बाप हॉस्टल का खर्च ही मुश्किल से दे पाते थे। इसी दौरान हॉस्टल की लड़कियों के माध्यम से मनीता की मुलाकात गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाने के कटरिया मिवासी रोशन गुप्ता से हुई। बाद में वह गाजीपुर के ही बाराचवर निवासी अंकित पाण्डेय के संपर्क में आ गई। जिसके बाद बलिया जीआरपी द्वारा ट्रेन में चेकिंग के दौरान ट्रेन की सीट पर बैठी हुई मनीता की सीट के नीचे ट्राली बैग से 315 बोर के 750 जिन्दा कारतूस बरामद हुए। जिसके बाद युवती को गिरफ्तार कर लिया गया। युवती ने पूछताछ में स्वीकर किया है कि वह यह बैग छपरा ले कर जा रही थी। जिसे छपरा में किसी व्यक्ति को देना था।

बता दें कि कि इसी रेलवे स्टेशन पर करीब एक महीने पहले साढ़े आठ सौ जिन्दा कारतूसों के साथ दो युवक पकड़े गए थे। जिसकी छानबीन अभी चल ही रही थी कि ये दूसरी बड़ी बरामदगी हो गई। दोनों मामलों में कम उम्र के युवा ही फंसे हैं।

भौतिकता और संस्कारों की कमी से अपराध की ओर जा रहे युवा

टीडी काॅलेज में मनोविज्ञान के प्रोफेसर डाॅ. अनुराग भटनागर ने बताते हैं कि भौतिकवादी संस्कृति इसके पीछे की मूल वजह है। साथ ही परिवारों में संस्कारों की कमी के कारण भी आज के युवा अपराध के दलदल में फंस रहे हैं। श्री भटनागर ने कहा कि तेजी से एडवांस हो रही तकनीक के कारण युवाओं तक हर प्रकार की सूचना पहुंच रही है। जिसमें कम समय में गलत तरीके से पैसे कमाने की बातें भी शामिल हैं। पढ़ाई के लिए बाहर या बड़े शहरों में बच्चों को भेजने वाले अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों के लगातार संपर्क में रहें। उन्हें नए-नए खतरों से आगाह करते रहें। बच्चों के फ्रेंड बनकर उनकी काउंसलिंग करते रहें। यही समय है जब माता-पिता को अपने बच्चों से खूब बात होती रहनी चाहिए।

मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी और पूर्व मंत्री नवाब मलिक की बेटी सना मलिक आज सुबह उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। इसके बाद राकांपा एपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पवार ने इन दोनों सहित सात उम्मीदवारों की घोषणा की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी उपस्थित रहे।

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान बांद्रा पूर्व से कांगेस के वर्तमान विधायक हैं। जीशान सिद्दीकी ने कहा कि उनकी पिता की हालही में हत्या कर दी गई । ऐसे दुख के समय में भी कांग्रेस ने उनके साथ निम्न स्तर की राजनीति की।

इसी वजह से उन्होंने राकांपा का दामन थामा है। नबाब मलिक को हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। इसलिए भाजपा नवाब मलिक की मुंबई के अनुशक्तिनगर विधानसभा सीट से विरोध कर रही थी। राकांपा एपी ने बीच का रास्ता निकालते हुए नवाब मलिक की जगह उनकी बेटी को पार्टी में शामिल किया और उन्हें अनुशक्तिनगर सीट से उम्मीदवार घोषित किया।

बुधवार को अजित पवार ने 38 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। आज राकांपा एपी ने सात उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की। इनमें वडगांव शेरी से सुनील टिंगरे, बांद्रा पूर्व से जीशान सिद्दीकी, अणुशक्तिनगर से सना मलिक, तासगांव से संजय काका पाटिल, इस्लामपुर से निशिकांत पाटिल, शिरूर से माउली कटके और लोहा-कंधार – प्रताप पाटिल चिखलीकर शामिल हैं।

इन सात उम्मीदवारों को लेकर अजित पवार की पार्टी राकांपा की ओर से अब तक कुल 45 उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है।

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश में हर साल लगभग 5 लाख दुर्घटनाएं होती हैं, जिसके परिणामस्वरूप कई मौतें होती है। इनमें से आधे से अधिक दुर्घटनाएं 18-36 वर्ष की आयु वर्ग में होती हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाला आर्थिक नुकसान देश के सकल घरेलू उत्पाद का 3 फीसदी होने का अनुमान है। ऐसे में सड़क सुरक्षा में सुधार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मुद्दे को हल करने के लिए पहले से ही उपाय किए जा रहे हैं। नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में ट्रैफिक इंफ्राटेक एक्सपो के 12वें संस्करण को संबोधित करते हुए यह बात कही ।

नितिन गडकरी ने आगे कहा कि उन्नत इंजीनियरिंग समाधानों, कानूनों के प्रवर्तन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाए बिना सड़क सुरक्षा हासिल नहीं की जा सकती।इसलिए सरकार ने तकनीकी समाधान विकसित करने में सहयोग करने के लिए निजी क्षेत्र से विशेषज्ञों को नियुक्त करने का निर्णय लिया है। नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में ट्रैफिक इंफ्राटेक एक्सपो के 12वें संस्करण को संबोधित करते हुए यह बात कही।

इस मौके पर नितिन गडकरी ने कहा कि टोल संग्रह विधियों को उन्नत करने की योजना पर भी काम चल रहा है। जिसमें सैटेलाइट टोल सिस्टम की खोज शामिल है, जिससे टोल संग्रह में दक्षता में सुधार होगा और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। सड़क सुरक्षा को बढ़ाने के लिए सरकार ने तकनीकी समाधान विकसित करने में सहयोग करने के लिए निजी क्षेत्र से विशेषज्ञों को नियुक्त करने का निर्णय लिया है। एक समर्पित विशेषज्ञ समिति स्टार्टअप और उद्योग के नेताओं के प्रस्तावों का मूल्यांकन करेगी। समिति को तीन महीने के भीतर अपने मूल्यांकन को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है।

नितिन गडकरी ने आगे कहा कि उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्ध है। उन्हाेंने यहां आश्वस्त किया कि समाधान बड़ी या छोटी कंपनियों से आए, गुणवत्ता और मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सर्वोत्तम तकनीकों का उपयोग करके, भारत पारदर्शिता प्राप्त कर सकता है, लागत कम कर सकता है और सड़क सुरक्षा को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ा सकता है। नितिन गडकरी ने सभी हितधारकों-सरकार, निजी क्षेत्र और स्टार्टअप्स से भारत में सड़क सुरक्षा के जरूरी मुद्दे को संबोधित करने के लिए एक साथ आने का आह्वान भी किया।

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के 55वें संस्करण में भारतीय पैनोरमा में प्रदर्शित होने के लिए 25 फीचर फिल्मों और 20 गैर-फीचर फिल्मों का चयन किया गया है। गुरुवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने घोषणा कि भारतीय पैनोरमा की शुरुआती फिल्म रणदीप हुडा द्वारा निर्देशित “स्वातंत्र्य वीर सावरकर (हिंदी)” होगी। इसके साथ गैर-फीचर श्रेणी में शुरुआती फिल्म लद्दाखी फिल्म हर्ष संगानी द्वारा निर्देशित ‘घर जैसा कुछ’ होगी।

मंत्रालय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मुख्यधारा सिनेमा की 05 फिल्मों सहित 25 फीचर फिल्मों के पैकेज को 384 समकालीन भारतीय फीचर फिल्मों के व्यापक स्पेक्ट्रम से चुना गया है। इसके अलावा 20 गैर-फीचर फिल्मों का एक पैकेज भारतीय पैनोरमा में प्रदर्शित किया जाएगा, जिसे 262 फिल्मों के स्पेक्ट्रम में से चुना गया है। फीचर फिल्म जूरी का नेतृत्व फिल्म निर्देशक, अभिनेता और पटकथा लेखक डॉ चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने किया। फीचर जूरी में बारह सदस्य शामिल हैं, जो व्यक्तिगत रूप से विभिन्न फिल्मों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

मुख्यधारा सिनेमा की 5 फिल्मों का चयन किया गया है, जिसमें गुजराती फिल्म करखानू, विधु विनोद चोपड़ा द्व्रारा निर्देशित 12वीं फेल, मलयालय फिल्म मंजूमेल बॉयज, असमिया फिल्म स्वर्गरथ और तेलगू भाषा में कल्की 2829 फिल्म शामिल हैं।

बारामूला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बारामूला जिले के गुलमर्ग इलाके में आज आतंकवादियों ने सेना के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें सेना के एक पोर्टर की मौत हो गई और चार सैनिक घायल हो गए। आतंकवादियों ने नागिन चौकी के पास बोटापाथरी में वाहन पर गोलीबारी की।

एक अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग के बूटा पथरी इलाके में नागिन चौकी के पास बोटापाथरी में आतंकवादियाें ने सेना की 18 आरआर के वाहन पर घातक लगतार हमला किया। उन्होंने कहा कि इस हमले में सेना के एक पोर्टर की मौत हो गई, जबकि चार सैनिक घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायल सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया है। साथ ही पूरे इलाके की घेराबंदी करे बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जस्टिस संजीव खन्ना देश के 51वें मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) होंगे। वे 11 नवंबर को सीजेआई की शपथ लेंगे। इससे एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को वर्तमान सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ पद मुक्त हो जाएंगे। डीवाई चंद्रचूड़ ने आठ नवंबर 2022 को सीजेआई का पदभार ग्रहण किया था। जस्टिस खन्ना का सीजेआई के रूप में कार्यकाल छह महीने से कुछ अधिक होगा। वह अगले साल 13 मई को पदमुक्त होंगे।

कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार रात एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के संविधान द्वारा दी गई शक्ति का इस्तेमाल करते हुए देश की राष्ट्रपति, सीजेआई से परामर्श के बाद सुप्रीम कोर्ट के जज संजीव खन्ना को 11 नवंबर 2024 से देश के प्रधान न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करती हैं।

उल्लेखनीय है कि सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने बीते दिनों अपने उत्तराधिकारी की सिफारिश की थी। उन्होंने केंद्र सरकार को लिखे पत्र में सीजेआई के उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस खन्ना के नाम का प्रस्ताव रखा था। सिफारिश में उन्होंने कहा था कि संजीव खन्ना अगले चीफ जस्टिस होंगे। उनकी सिफारिश को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। जनवरी 2019 में जस्टिस खन्ना को दिल्ली हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत किया गया था।

बतादें कि 14 मई 1960 को जन्मे खन्ना ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की है। साल 1983 में उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में बतौर वकील अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। शुरुआती दिनों में उन्होंने तीस हजारी कोर्ट में प्रैक्टिस की। इसके बाद हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने लगे। 14 साल तक जस्टिस खन्ना दिल्ली हाई कोर्ट में जज रहे। 17 जून 2023 से 25 दिसंबर 2023 तक वो सुप्रीम कोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के अध्यक्ष रहे।

मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 48 उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार रात को जारी की है। इस सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय बडेट्टीवार के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस की ओर से जारी सूची में कराड दक्षिण से पृथ्वीराज चव्हाण, साकोली से नाना पटोले, धामनगांव से वीरेंद्र जगताप, तिवसा से यशोमति ठाकुर, ब्रम्हपुरी से विजय वडेट्टीवार, रिसोड़ से अमित जनक, नागपुर उत्तर से नितिन राउत, नागपुर पश्चिम से विकास ठाकरे, देवली (वर्धा) से रंजीत कांबले, राजुरा (चंद्रपुर) निर्वाचन क्षेत्र से सुभाष धोटे, अमरावती शहर से डॉ. सुनील देशमुख, अचलपुर से बबलू देशमुख और कोल्हापुर दक्षिण से ऋतुराज पाटिल को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह मलाड पश्चिम से असलम शेख, मुंबादेवी से अमीन पटेल, मीरा -भाईंदर से मुजफ्फर हुसैन को उम्मीदवार बनाया गया है।

महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि बहुत जल्द कांग्रेस पार्टी दूसरी सूची जारी करेगी।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी महाविकास के सहयोगी दल के बतौर सूबे में विधानसभा चुनाव लड़ रही है। इस चुनाव में सीटों के बटवारे में कांग्रेस को 85 सीटें मिली हैं। इसके तहत कांग्रेस पार्टी बहुत जल्द दूसरी सूची जारी करने वाली है।

Chhapra: सारण पुलिस ने जलालपुर थाना क्षेत्र में 2 देशी कट्टा 3 कारतुस के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

जलालपुर थाना द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर जलालपुर थाना कांड सं0-246/24 के अनुसंधान एवं अग्रतर कार्रवाई के क्रम में कांड के वांछित अभियुक्त सुबोध कुमार सिंह, पिता-नागेन्द्र सिंह, पवन कुमार सिंह उर्फ चुनमुन सिंह, पिता-शिव दयाल सिंह दोनों साकिन-जी०एस० बंगरा, थाना जलालपुर, जिला-सारण को गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्तों कि तलाशी के क्रम में 2 जिन्दा कारतूस बरामद किया गया। बरामद कारतुस एवं इनके गिरोह के संबंध में पुछ-ताछ किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि ये लोग रंजीत राय के साथ मिलकर ए०टी०एम० हेराफेरी कर पैसे की ठगी करते हैं एवं अग्नेयास्त्र को ग्राम बंगरा स्थित एक आम के बगीचा में छुपा कर रखे हैं।

अभियुक्तों की निशानदेही पर उक्त स्थल से छापामारी कर 2 देशी कट्टा को बरामद किया एवं इनके निशानदेही पर एक अन्य अभियुक्त रंजीत राय, पिता-प्रवीण राय, साकिन-मकनपुरा, थाना जलालपुर, जिला-सारण को एक जिन्दा कारतुस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा हत्या एवं शस्त्र अधिनियम जैसे कई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

गिरफ्तार अभियुक्त सुबोध कुमार का अबतक का ज्ञात अपराधिक इतिहास :-

1. जलालपुर थाना कांड सं0-115/15, दिनांक-03.09.15, धारा-302 भा०द०वि० ।

2. जलालपुर थाना कांड सं0-76/21, दिनांक-02.04.21, धारा-414/420/467/468/34 भा०द०वि० एवं 25 (1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट ।

3. जलालपुर थाना कांड सं0-246/22, दिनांक-26.08.22, धारा-504/506/34 भा०द०वि० एवं

27 आर्म्स एक्ट एवं 3 (i) (r) (s) sc/st एक्ट । 4. जलालपुर थाना कांड सं0-141/14, दिनांक-16.10.14, धारा-314/323/354/379

/ 427/34 भा०द०वि० ।

5. बनियापुर थाना कांड सं0-124/24, दिनांक-01.04.24, धारा-413/414 भा०द०वि० एवं 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट ।

6. जलालपुर थाना कांड सं0-246/24, दिनांक-22.10.24, धारा-308 (2) बी०एन०एस० ।

> गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत राय का अबतक का ज्ञात अपराधिक इतिहास :-

1. जलालपुर थाना कांड सं0-210/17, दिनांक-29.12.17, धारा-341/323/379/504/506/34

भा०द०वि० एवं 27 आर्म्स एक्ट।

2. जलालपुर थाना कांड सं0-07/18, दिनांक-12.01.18, धारा-147/461/379/436/506 भा०द०वि०
गिरफ्तार अभियुक्त पवन कुमार सिंह उर्फ चुनमुन सिंह का अबतक का ज्ञात अपराधिक

इतिहास :-

1. खैरा थाना कांड सं0-193/23, दिनांक-02.06.23, धारा-395/397 भा०द०वि० ।

2. खैरा थाना कांड सं0-196/23, दिनांक-02.06.23, धारा 25 (1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट ।

> जप्त / बरामद सामानों की विवरणी:-

1. जिन्दा कारतुस-03, 2. देशी कट्टा-02