Chhapra: होली किड्स इंटरनेशनल स्कूल, गुदरी राय चौक के प्रांगण में विज्ञान प्रदर्शनी सह कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गंगा सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि शंकर दयाल सिंह महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य अरुण कुमार सिंह रहे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छात्रों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। बच्चों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत कर “लर्निंग बाय डूइंग” की अवधारणा को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
दूसरे सत्र में शिक्षा मंदिर अकादमी द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्रों के साथ-साथ NEET एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान अकादमी के प्रतिनिधियों कुमार शिवानन्द, अनुज गोयल तथा वर्धन आनंद ने डिजिटल शिक्षण एवं तकनीकी आधारित पढ़ाई के महत्व को समझाया। साथ ही मेधावी छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह ने छात्रों को निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि उन्हें समय से आगे की पढ़ाई पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विज्ञान एवं गणित के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और एआई आधारित शिक्षा को अपनाने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार सिंह ने छात्रों को भाषा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हिंदी और अंग्रेजी दोनों में दक्षता आवश्यक है और विज्ञान की पढ़ाई को सरल भाषा में समझना चाहिए।
विद्यालय के चेयरमैन सत्येन्द्र कुमार शर्मा बर्मन ने बताया कि कक्षा 11वीं की पढ़ाई नियमित रूप से शुरू की जाएगी तथा इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी के लिए कोटा और दिल्ली जैसी सुविधाएं छपरा में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति में छात्रों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

















