Chhapra: विद्या भारती विद्यालय, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा का परीक्षाफल घोषित कर दिया गया। विद्यालय की लिखित परीक्षा लोक शिक्षा समिति के निर्देशानुसार 10 मार्च से 24 मार्च 2026 तक संपन्न हुई थी। इसके उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शून्य त्रुटि के आधार पर 28 मार्च तक पूरा किया गया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के अनुरूप 360 डिग्री मूल्यांकन पद्धति को अपनाते हुए परीक्षाफल तैयार किया गया। परीक्षा प्रमुख मणि भूषण सिन्हा एवं अनिल कुमार आजाद द्वारा तैयार परीक्षाफल विद्यालय के प्रधानाचार्य बिनोद कुमार को सौंपा गया, जिसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से परिणाम की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य बिनोद कुमार ने छात्र-छात्राओं को कठिन परिश्रम करने की सलाह दी तथा भविष्य में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। परीक्षाफल के आधार पर कक्षा अनुसार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय में उत्साह का माहौल देखा गया। छात्र-छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जो उनके सर्वांगीण विकास का संकेत है।
विद्यालय स्तर पर शिशु मंदिर में कक्षा प्रभात की छात्रा संबोधी प्रिया (पिता – सतीश कुमार) ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं विद्या मंदिर खंड में कक्षा सप्तम ‘स’ की छात्रा दीपा कुमारी (पिता – सत्येंद्र कुमार चौरसिया) ने भी 98.6 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय की टॉपर बनीं।
सम्मान समारोह परीक्षा प्रमुख अनिल कुमार आजाद के देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रभारी राजेश कुमार पाठक, परीक्षा प्रमुख मणिभूषण सिंह, अनिल कुमार आजाद, राजेश कुमार, नीलू सिंह, रंजीता सिंह, प्राची, मनीष कुमार सिंह, अंजली कुमारी, रिचा गुप्ता, योगेश त्रिपाठी, रितेश रंजन, आशुतोष कुमार, दिलीप त्रिपाठी, राकेश मिश्र सहित विद्यालय के सभी आचार्यगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।















