Chhapra: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में होटल, लॉज एवं हॉस्टलों का सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम होटल और लॉज में ठहरे आगंतुकों का सत्यापन, आगंतुक रजिस्टर की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन का निरीक्षण कर रही है। साथ ही संचालकों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
सारण पुलिस ने सभी होटल एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। प्रत्येक आगंतुक का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए तथा उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होती है या किसी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलती है, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध की रोकथाम करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


















