Chhapra: छपरा नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यक समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में प्राथमिकता के आधार पर नालों के ढक्कन, छोटी पुलिया तथा नालों की छोटी स्तर की मरम्मति से जुड़े कार्यों को चिह्नित कर शीघ्र पूरा कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक मरम्मति कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नालों के खुले या क्षतिग्रस्त ढक्कन तथा छोटी पुलिया की खराब स्थिति से आम लोगों को परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे कार्यों की पहचान कर आवश्यकतानुसार प्राथमिकता तय करें और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराएं।
महापौर ने आम नागरिकों से भी अपील की कि अपने क्षेत्र में नाला, ढक्कन, पुलिया या अन्य छोटी मरम्मति से संबंधित समस्या होने पर मेयर कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समस्या को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



















