Breaking News

भिखारी ठाकुर जयंती पर कुतुब दियारा में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां हुए शामिल

2 Min Read

Chhapra: लोक कलाकार और भोजपुरी लोकनाट्य के प्रणेता भिखारी ठाकुर की जयंती के अवसर पर श्री भिखारी ठाकुर आश्रम, कुतुब दियारा (कुतुबपुर) में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां सम्मिलित हुए। उनके आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने आश्रम परिसर में अवस्थित भिखारी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज गणेश वंदना से हुआ, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिससे आयोजन को गरिमामय स्वरूप मिला।

अपने संबोधन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने भिखारी ठाकुर के सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लोकभाषा और लोककला के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया। भिखारी ठाकुर की रचनाएँ आज भी सामाजिक समरसता, संवेदना और मानवीय मूल्यों का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव, गरखा के विधायक सुरेंद्र राम, जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी, भिखारी ठाकुर के पौत्र सुशील कुमार ठाकुर, सारण प्रक्षेत्र के डीआईजी निलेश कुमार, प्रभारी जिलाधिकारी सह नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडे, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भिखारी ठाकुर के जीवन, कृतित्व और उनके सामाजिक सरोकारों को दर्शाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कलाकार और साहित्यप्रेमी भी शामिल हुए। आयोजन के अंत में भिखारी ठाकुर की विरासत को संजोने और उनकी लोकपरंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें