Chhapra: एनडीए की परीक्षा में भागवत विद्यापीठ के पूर्व छात्र वैभव पाण्डेय ने सफलता हासिल की है। उन्होंने 231वां रैंक पाया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और गाँव के लोग काफी खुश हैं। साथ ही उनके विद्यालय भागवत विद्यापीठ जहां से उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण की, के द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया है।
शनिवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अमरेन्द्र कुमार सिंह ने प्रार्थना सत्र में उन्हें और उनके परिजनों को सम्मानित किया।
इस दौरान वैभव पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने LKG से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई भागवत विद्यापीठ से की है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों के प्रति आभार जताया।
वैभव के पिता राजेश पाण्डेय लैब टेक्नीशियन हैं। वहीं माता नीलम पाण्डेय गृहणी और दादा सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पिता राजेश पाण्डेय ने कहा कि मुझे इनकी सफलता पर गर्व है। वहीं दादा छोटेलाल पाण्डेय ने बताया कि तीन पीढ़ियों से सेना में परिवार के लोग सेवा देते रहे हैं पहली बार परिवार का लड़का सीधे अधिकारी स्तर पर पहुंचा है जिसका सभी को गर्व है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अमरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि वैभव हमेशा से पढ़ाई में अव्वल रह हैं। उन्होंने सभी छात्रों को अच्छा करने के लिए प्रेरित किया है। उनकी उत्प्रेरित करने वाली उपलब्धि से आगे भी अन्य बच्चे अच्छा करेंगे। उन्होंने वैभव को शुभकामनाएं दीं।
वैभव फिलहाल बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।