Chhapra: शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि शहर के 56 चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य प्रगति पर है। इनमें से 51 स्थानों पर फाउंडेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष 5 स्थानों के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर को स्थलीय निरीक्षण कर उपयुक्त स्थल का प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कैमरों का कनेक्शन सुनिश्चित करने के लिए पथ निर्माण विभाग एवं एनएच डिवीजन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) शीघ्र प्राप्त किया जाए, ताकि तकनीकी कार्यों में कोई बाधा न आए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिला परिवहन कार्यालय के पीछे ICCC का नया भवन निर्माणाधीन है। इस केंद्र के माध्यम से एक ही स्थान से पूरे शहर की यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह केंद्र ट्रैफिक नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की निगरानी तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई में सहायक सिद्ध होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि ICCC के पूर्ण रूप से क्रियाशील होने के बाद छपरा शहर में ट्रैफिक प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी होगा, जिससे आम नागरिकों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिलेगी। संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।









