Chhapra: सारण जिला के सर्वांगीण विकास को नई गति देने हेतु दिशा समिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 7 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को सारण समाहरणालय के सभागार कक्ष में आयोजित की जाएगी। सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की सह-अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।
विधायक, प्रशासनिक पदाधिकारी रहेंगे उपस्थित
बैठक में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सोनपुर विधायक बिनय कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, मढ़ौरा विधायक जितेंद्र राय, अमनौर विधायक मंटू सिंह सहित जिले के सभी जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। साथ ही जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार एवं विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रशासनिक तंत्र के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
दो सत्रों में होगी बैठक
बैठक का प्रथम सत्र प्रातः 11.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें केंद्र प्रायोजित योजनाओं की गहन समीक्षा एवं विस्तृत विमर्श किया जाएगा। वहीं द्वितीय सत्र दोपहर 2.30 बजे से शाम 7.00 बजे तक चलेगा, जिसमें राज्य सरकार एवं प्रखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
नई योजनाओं एवं आवश्यक प्रस्तावों पर भी विचार
इस अवसर पर पंचायत राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, बिजली, सड़क, रेलवे, शहरी विकास, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति का सूक्ष्म अवलोकन किया जाएगा। साथ ही पूर्व बैठकों के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा कर नई योजनाओं एवं आवश्यक प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।
सांसद रूडी ने कहा कि दिशा समिति की यह बैठक विकास की दिशा में एक सशक्त एवं निर्णायक कदम है, जहां योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।

















